इलेक्ट्रिक SUV का सेफ्टी किंग : Tesla Model Y को Euro NCAP में 5 स्टार रेटिंग

नई दिल्ली: 2025 Tesla Model Y ने यूरोप की सबसे कड़ी और प्रतिष्ठित सेफ्टी टेस्टिंग एजेंसी Euro NCAP में जबरदस्त प्रदर्शन करते हुए 5-स्टार सेफ्टी रेटिंग हासिल कर ली है। इस इलेक्ट्रिक SUV ने 91% एडल्ट सेफ्टी, 93% चाइल्ड सेफ्टी, 86% वल्नरेबल रोड यूजर्स सेफ्टी और 92% सेफ्टी असिस्ट सिस्टम्स में स्कोर करके साबित कर दिया कि टेस्ला सेफ्टी के मामले में किसी से कम नहीं है।

Euro NCAP ने टेस्ट के लिए लेफ्ट-हैंड-ड्राइव Tesla Model Y AWD वर्ज़न इस्तेमाल किया, लेकिन इसकी 5-स्टार रेटिंग भारत में मिलने वाले राइट-हैंड-ड्राइव Model Y Long Range RWD और Performance AWD मॉडल पर भी लागू होती है। फ्रंटल ऑफसेट क्रैश में कार का बॉडी शेल बेहद मजबूत रहा और एडल्ट प्रोटेक्शन ‘गुड’ से ‘एडिक्वेट’ रेंज में मिली। साइड इम्पैक्ट टेस्ट में भी Model Y ने शानदार परफॉर्म किया, हालांकि साइड पोल टेस्ट में चेस्ट प्रोटेक्शन को ‘मार्जिनल’ रेटिंग मिली।

चाइल्ड ऑक्यूपेंट प्रोटेक्शन में Tesla Model Y ने तो कमाल ही कर दिया। 6 और 10 साल के डमी के साथ फ्रंटल और साइड दोनों ही क्रैश टेस्ट में पूरी बॉडी को “गुड” प्रोटेक्शन मिला और SUV ने 24/24 का परफेक्ट स्कोर हासिल किया। फ्रंट पैसेंजर एयरबैग को डिसेबल करने की सुविधा और क्लियर अलर्ट सिस्टम बच्चों की सुरक्षा को और बेहतर बनाता है। इसके अलावा कार में चाइल्ड प्रेज़ेंस डिटेक्शन सिस्टम भी है, जो अगर बच्चे को अंदर भूल जाएं तो तुरंत चेतावनी देता है।

पैदल यात्रियों और दोपहिया उपयोगकर्ताओं जैसी कमजोर सड़क श्रेणियों के लिए Model Y ने 86% स्कोर किया। कार का डिज़ाइन हेड और पैरों की सुरक्षा में अच्छा साबित हुआ, हालांकि विंडस्क्रीन पिलर्स के पास कुछ कमजोर ज़ोन मिले। ऑटोनॉमस इमरजेंसी ब्रेकिंग (AEB) सिस्टम ने पैदल यात्री, साइकिल सवार और यहां तक कि मोटरसाइकल सवारों को पहचानने में शानदार प्रदर्शन किया।
सेफ्टी असिस्ट टेक्नोलॉजी में Tesla Model Y ने 92% स्कोर हासिल किया।

इसका AEB सिस्टम अन्य वाहनों से टकराव रोकने में बेहद प्रभावी पाया गया। इसके साथ कार में फ्रंट और रियर सीटों के लिए सीटबेल्ट रिमाइंडर, ड्राइवर इनअटेंटिवनेस मॉनिटरिंग और कई रीयल-टाइम असिस्टिव फीचर्स स्टैंडर्ड मिलते हैं, जो Tesla की एक्टिव सेफ्टी टेक्नोलॉजी को और भी मजबूत बनाते हैं। Tesla Model Y ने Euro NCAP में अपनी दमदार बिल्ड क्वॉलिटी, स्मार्ट टेक्नोलॉजी और सेफ्टी-फर्स्ट डिज़ाइन के दम पर दिखा दिया कि सड़क पर सुरक्षा के मामले में यह EV सेगमेंट की सबसे भरोसेमंद SUV में से एक है।