फरवरी 2026 में अर्श से फर्श पर गिरी Ola Electric: सिर्फ 3968 स्कूटर बिके, चार साल के सबसे निचले स्तर पर सेल

नई दिल्ली: इंडिया की प्रमुख इलेक्ट्रिक टू-व्हीलर कंपनी Ola Electric के लिए फरवरी 2026 का महीना काफी चुनौतीपूर्ण रहा। कंपनी की खुदरा बिक्री घटकर केवल 3,968 यूनिट रह गई, जो पिछले चार साल में सबसे कम मासिक बिक्री है। यह स्तर लगभग उसी समय के बराबर है जब कंपनी ने 2021-22 में इंडियन मार्केट में अपने इलेक्ट्रिक स्कूटर लॉन्च किए थे। बिक्री में आई इस तेज गिरावट के साथ कंपनी के शेयर भी दबाव में हैं और उनका दाम करीब 24.52 रुपये तक आ गया है, जो अपने उच्चतम स्तर से 73% से अधिक की गिरावट दर्शाता है।

कुछ साल पहले तक Ola Electric इंडिया के इलेक्ट्रिक स्कूटर बाजार की सबसे चर्चित और तेज़ी से बढ़ती कंपनियों में से एक थी। कंपनी ने 2023 और 2024 की शुरुआत में शानदार बिक्री दर्ज की थी। मार्च 2024 में कंपनी ने 53,646 यूनिट की रिकॉर्ड मासिक बिक्री हासिल की थी, जबकि 2024 के कई महीनों में बिक्री 30,000 से 40,000 यूनिट के बीच रही। हालांकि 2024 के आखिर और 2025 के दौरान कंपनी की बिक्री धीरे-धीरे कमजोर पड़ने लगी। जनवरी 2025 में जहां 24,413 यूनिट बिके थे, वहीं अक्टूबर 2025 तक यह संख्या घटकर 16,036 यूनिट रह गई। इसके बाद गिरावट और तेज हुई और दिसंबर 2025 में बिक्री 9,021 यूनिट पर आ गई।

2026 की शुरुआत में भी यह गिरावट जारी रही। जनवरी 2026 में कंपनी ने 7,516 यूनिट बेचे, जबकि फरवरी 2026 में यह संख्या और गिरकर 3,968 यूनिट रह गई। यह आंकड़ा फरवरी 2022 के लगभग बराबर है, जब कंपनी ने 3,910 यूनिट की बिक्री की थी।
इस दौरान कंपनी लगातार अपने प्रोडक्ट पोर्टफोलियो का विस्तार करती रही है। Ola Electric ने कई नए इलेक्ट्रिक स्कूटर वेरिएंट पेश किए हैं और हाल ही में इलेक्ट्रिक मोटरसाइकिल भी लॉन्च की है।

विशेषज्ञों के मुताबिक इसका एक बड़ा कारण इलेक्ट्रिक टू-व्हीलर बाजार में बढ़ती प्रतिस्पर्धा है। अब इस सेगमेंट में कई मजबूत कंपनियां सक्रिय हो चुकी हैं। जैसे TVS Motor Company, Bajaj Auto, Ather Energy और Hero MotoCorp का ब्रांड VIDA तेजी से अपने इलेक्ट्रिक वाहन पोर्टफोलियो और डीलर नेटवर्क का विस्तार कर रहे हैं। इन पारंपरिक कंपनियों को मजबूत सर्विस नेटवर्क, ब्रांड भरोसा और बड़े डीलर नेटवर्क का फायदा मिल रहा है।

ऑटो बाजार में धमाका! फरवरी 2026 में 24 लाख से ज्यादा गाड़ियां बिकीं: FADA

नई दिल्ली: इंडिया के ऑटो रिटेल सेक्टर के लिए फरवरी 2026 का महीना बेहद शानदार रहा। देशभर में कुल 24,09,362 वाहनों की खुदरा बिक्री दर्ज की गई, जो पिछले साल के मुकाबले 25.62% ज्यादा है। ऑटो डीलर्स की शीर्ष संस्था Federation of Automobile Dealers Associations (FADA) की ताजा रिपोर्ट के मुताबिक यह अब तक का सबसे बेहतरीन फरवरी रहा, जिसमें टू-व्हीलर, पैसेंजर व्हीकल, कमर्शियल व्हीकल, थ्री-व्हीलर और ट्रैक्टर जैसे लगभग सभी सेगमेंट में जोरदार बढ़ोतरी देखने को मिली।

FADA की रिपोर्ट के अनुसार फरवरी 2026 में टू-व्हीलर (2W) की बिक्री 17,00,505 यूनिट रही, जो सालाना आधार पर 25.02% की बढ़त दर्शाती है। इसी तरह पैसेंजर व्हीकल (PV) सेगमेंट में 3,94,768 यूनिट की बिक्री हुई, जो 26.12% की वृद्धि है। कमर्शियल व्हीकल (CV) की बिक्री भी मजबूत रही और यह 1,00,820 यूनिट तक पहुंच गई, जो पिछले साल की तुलना में 28.89% अधिक है।
वहीं थ्री-व्हीलर (3W) की बिक्री 1,17,130 यूनिट रही, जिसमें 24.39% की बढ़त दर्ज की गई। सबसे तेज वृद्धि ट्रैक्टर सेगमेंट में देखी गई, जहां 89,418 यूनिट की बिक्री के साथ 36.35% की शानदार ग्रोथ दर्ज हुई। हालांकि कंस्ट्रक्शन इक्विपमेंट (CE) सेगमेंट में थोड़ी गिरावट आई और इसकी बिक्री 6,721 यूनिट रही, जो 1.22% कम है।

FADA के मुताबिक फरवरी की मजबूत बिक्री का सबसे बड़ा कारण GST 2.0 के बाद बाजार में भरोसा बढ़ना रहा। ग्रामीण क्षेत्रों में मांग बढ़ने से भी ऑटो सेक्टर को काफी मजबूती मिली। टू-व्हीलर बाजार में शहरी बिक्री 28.96% और ग्रामीण बिक्री 22.16% बढ़ी। वहीं पैसेंजर व्हीकल सेगमेंट में ग्रामीण बाजार 34.21% की ग्रोथ के साथ शहरों (21.12%) से आगे निकल गया। SUV की लोकप्रियता भी लगातार बढ़ रही है।

कमर्शियल व्हीकल सेगमेंट में फ्रेट मूवमेंट, ई-कॉमर्स गतिविधियों और इंफ्रास्ट्रक्चर प्रोजेक्ट्स की वजह से अच्छी मांग बनी हुई है। वहीं ट्रैक्टर की तेज बिक्री ग्रामीण अर्थव्यवस्था की मजबूती का संकेत देती है।पैसेंजर व्हीकल का स्टॉक घटकर 27 से 29 दिन के स्तर पर आ गया है। मार्च 2026 के लिए करीब 75.51% डीलर्स को बिक्री बढ़ने की उम्मीद है जबकि केवल 4.59% डीलर्स गिरावट की आशंका जता रहे हैं। हालांकि अगले तीन महीनों में बाजार तेज उछाल से स्थिर वृद्धि के चरण में जाने की ओर बढ़ सकता है। कुल मिलाकर ऑटो रिटेल सेक्टर का माहौल अभी भी सावधानी के साथ सकारात्मक बना हुआ है।

28 दिनों में Suzuki की 1.23 लाख बाइक्स-स्कूटर की बिक्री, फरवरी में घरेलू बाजार में 38% उछाल

नई दिल्ली: Suzuki Motorcycle India Pvt. Ltd. (SMIPL) ने फरवरी 2026 में शानदार प्रदर्शन करते हुए कुल 1,23,299 दोपहिया वाहन बेचे हैं। यह पिछले साल फरवरी 2025 के मुकाबले 37% की जबरदस्त बढ़ोतरी है। तब कंपनी ने 89,966 यूनिट्स बेची थीं। सबसे अहम बात यह रही कि घरेलू बाजार में भी कंपनी की पकड़ मजबूत हुई है।

कंपनी की ओर से जारी आंकड़ों के मुताबिक फरवरी 2026 में घरेलू बिक्री 1,01,071 यूनिट्स रही, जो पिछले साल इसी महीने के 73,215 यूनिट्स के मुकाबले 38% ज्यादा है विदेशों में भेजी गई गाड़ियों की संख्या 22,228 यूनिट्स रही, जो फरवरी 2025 के 16,751 यूनिट्स से 33% अधिक है। साफ है कि Suzuki के दोपहिया वाहनों की मांग देश और विदेश दोनों जगह तेजी से बढ़ रही है।

कंपनी के वाइस प्रेसिडेंट (सेल्स एंड मार्केटिंग) दीपक मुटरेजा ने कहा कि यह ग्रोथ ग्राहकों और डीलर पार्टनर्स के भरोसे का नतीजा है। कंपनी लगातार ग्राहकों से जुड़ने और उन्हें बेहतर अनुभव देने पर ध्यान दे रही है, ताकि रोजमर्रा की जरूरतों के लिए भरोसेमंद और उपयोगी उत्पाद दिए जा सकें। फरवरी 2026 में कंपनी के स्पेयर पार्ट्स कारोबार ने भी अच्छा प्रदर्शन किया। इस सेगमेंट से 893.6 मिलियन रुपये का राजस्व मिला, जो पिछले साल के मुकाबले 18% ज्यादा है।

फरवरी में कंपनी ने Suzuki Access स्कूटर का नया वर्जन लॉन्च किया, जिसमें सिंगल चैनल ABS (एंटी-लॉक ब्रेकिंग सिस्टम) दिया गया है। कंपनी ने उत्तराखंड के देहरादून में Kanak Suzuki नाम से नया डीलरशिप शुरू किया और सिक्किम की राजधानी गंगटोक में अपनी पहली डीलरशिप खोलकर देश के सभी राज्यों में अपनी मौजूदगी दर्ज करा दी। ग्राहकों से जुड़ाव बढ़ाने के लिए हैदराबाद में Suzuki Matsuri मोटरसाइकिल फेस्टिवल आयोजित किया गया, जिसमें 3,700 से ज्यादा राइडर्स और ग्राहक शामिल हुए।

कंपनी ने अलग-अलग शहरों में GIXER Pit Stop, V-Strom Experience Day और Suzuki Access Mileage Contest जैसे कार्यक्रम भी आयोजित किए। गुरुग्राम स्थित अपने प्लांट से कंपनी सालाना 13 लाख यूनिट्स तक उत्पादन करने की क्षमता रखती है। वहां 125cc स्कूटर से लेकर प्रीमियम मोटरसाइकिल और बिग-बाइक्स तक का निर्माण करती है। फरवरी के आंकड़े बताते हैं कि Suzuki की रफ्तार फिलहाल तेज बनी हुई है।

फरवरी में Nissan Motor India की सेल्स में 23% का उछाल, GRAVITE की डिलीवरी शुरू

नई दिल्ली: NISSAN MOTOR INDIA ने फरवरी 2026 में शानदार प्रदर्शन करते हुए साल-दर-साल 23% की बढ़त दर्ज की है। कंपनी ने इस महीने कुल 10,565 गाड़ियों की बिक्री (घरेलू + निर्यात) की, जो पिछले साल की तुलना में मजबूत उछाल दर्शाती है। इनमें 2,230 यूनिट्स घरेलू बाजार में बेची गईं, जबकि 8,335 यूनिट्स का निर्यात किया गया। फरवरी में कंपनी की घरेलू थोक बिक्री 2,230 यूनिट रही, जबकि निर्यात 8,335 यूनिट रहा, जो जापानी कार निर्माता के लिए एक प्रमुख विनिर्माण और निर्यात केंद्र के रूप में भारत की बढ़ती भूमिका को रेखांकित करता है।

फरवरी में नई Nissan GRAVITE लॉन्च की गई। बाजार से जबरदस्त रिस्पॉन्स और तेज बुकिंग के बाद इसकी डिलीवरी 1 मार्च 2026 से पूरे देश में शुरू हो गई है। कंपनी का मानना है कि GRAVITE उसके भारत में अगले ग्रोथ फेज की मजबूत नींव बनेगी। यह मॉडल खास तौर पर भारतीय ग्राहकों की जरूरतों को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है।

NISSAN के मैनेजिंग डायरेक्टर सौरभ वत्स का कहना है कि फरवरी 2026 कंपनी के लिए सिर्फ एक अच्छा महीना नहीं, बल्कि आगे की रणनीति तय करने वाला अहम पड़ाव साबित हुआ है। निर्यात में आई मजबूती और घरेलू बाजार में बनी स्थिर मांग ने यह साबित कर दिया है कि Nissan सही दिशा में आगे बढ़ रही है। नई GRAVITE को ग्राहकों, डीलरों और बिजनेस पार्टनर्स से जो जबरदस्त प्रतिक्रिया मिली है, उसने कंपनी का आत्मविश्वास और बढ़ा दिया है। मार्च से शुरू हुई डिलीवरी के बाद आने वाले महीनों में इसकी असली रफ्तार बिक्री के आंकड़ों में साफ दिखाई देगी।

आज Nissan Motor India 65 अंतरराष्ट्रीय बाजारों में अपने वाहन निर्यात कर रही है, जो इंडिया को कंपनी के लिए एक बड़े एक्सपोर्ट हब के रूप में स्थापित करता है। 2025 तक कंपनी 12 लाख (1.2 मिलियन) गाड़ियों के कुल निर्यात का आंकड़ा पार कर चुकी है। फरवरी 2026 के आंकड़े यह संकेत देते हैं कि Nissan भारत में नई रफ्तार पकड़ चुकी है। GRAVITE की डिलीवरी शुरू होने के साथ कंपनी अब मजबूत प्रोडक्ट लाइनअप, बढ़ते निर्यात और विस्तारित नेटवर्क के दम पर अगले चरण की ग्रोथ के लिए तैयार है।

फरवरी 2026 में VECV की रिकॉर्ड बिक्री, 9986 यूनिट्स पार, घरेलू बाजार में 24% का उछाल

नई दिल्ली: VE Commercial Vehicles Ltd. ने फरवरी 2026 में शानदार प्रदर्शन करते हुए कुल 9,986 कमर्शियल वाहनों की बिक्री की है। यह आंकड़ा फरवरी 2025 के 8,092 यूनिट्स के मुकाबले 23.4% की मजबूत बढ़ोतरी दर्शाता है। कंपनी की कुल बिक्री में 9,766 यूनिट्स Eicher ब्रांड की रहीं, जबकि 220 यूनिट्स Volvo ब्रैंड के वाहन शामिल रहे।

अगर सिर्फ Eicher ब्रांड की बात करें तो फरवरी 2026 में 9,766 ट्रक और बसें बिकीं, जो पिछले साल इसी महीने के 7,909 यूनिट्स से 23.5% ज्यादा है। घरेलू कमर्शियल व्हीकल बाजार में Eicher का प्रदर्शन और भी दमदार रहा। भारत में कंपनी ने 9,165 यूनिट्स की बिक्री की, जो फरवरी 2025 के 7,357 यूनिट्स के मुकाबले 24.6% की बढ़त है। देश में ट्रांसपोर्ट और लॉजिस्टिक्स सेक्टर की रफ्तार तेज हो रही है और Eicher ब्रांड को ग्राहकों का मजबूत भरोसा मिल रहा है।

निर्यात के मोर्चे पर भी कंपनी ने सकारात्मक प्रदर्शन किया है। फरवरी 2026 में 601 यूनिट्स का एक्सपोर्ट हुआ, जबकि पिछले साल इसी महीने यह आंकड़ा 552 यूनिट्स था। यानी निर्यात में 8.9% की बढ़ोतरी दर्ज की गई। Volvo Trucks और Volvo Buses की बिक्री भी बढ़ी है। फरवरी 2026 में 220 यूनिट्स की बिक्री हुई, जो फरवरी 2025 के 183 यूनिट्स से 20.2% अधिक है। प्रीमियम और हेवी-ड्यूटी सेगमेंट में Volvo ब्रांड की यह बढ़त कंपनी की मजबूत पकड़ को दिखाती है।

VE Commercial Vehicles Ltd. (VECV) की स्थापना दिसंबर 2008 में हुई थी और यह Volvo Group तथा Eicher Motors Limited का संयुक्त उपक्रम है। कंपनी Eicher ब्रांड के ट्रक और बसों की पूरी रेंज, Volvo Buses, भारत में Volvo Trucks की एक्सक्लूसिव डिस्ट्रिब्यूशन, इंजन मैन्युफैक्चरिंग और एक्सपोर्ट जैसे कई कारोबार संभालती है। मल्टी-ब्रांड और मल्टी-डिवीजन संरचना के साथ VECV आज भारत और उभरते देशों में आधुनिक कमर्शियल ट्रांसपोर्ट को नई दिशा देने वाली अग्रणी कंपनी के रूप में पहचानी जाती है।

कंपनी ने यह भी स्पष्ट किया है कि भविष्य से जुड़े बयान अनुमान पर आधारित होते हैं और वास्तविक नतीजे अलग हो सकते हैं। फिर भी मौजूदा बिक्री आंकड़े यह संकेत दे रहे हैं कि कमर्शियल वाहन बाजार में रफ्तार बनी हुई है और VE Commercial Vehicles Ltd. मजबूती से आगे बढ़ रही है।

फरवरी 2026 में HMSI की 5.67 लाख यूनिट्स बिकीं, 34% उछाल संग टु-व्हीलर मार्केट में गरजा HONDA

फरवरी 2026 दोपहिया बाजार के लिए शानदार महीना साबित हुआ। इस बार सुर्खियों में रही Honda Motorcycle & Scooter India (HMSI)। कंपनी ने एक ही महीने में कुल 5,67,351 यूनिट की बिक्री दर्ज की, जो पिछले साल फरवरी के मुकाबले 34% ज्यादा है।

फरवरी 2026 में दोपहिया बाजार में जबरदस्त रफ्तार देखने को मिली। Honda Motorcycle & Scooter India (HMSI) ने महज एक महीने में 5,67,351 यूनिट की रिकॉर्ड बिक्री दर्ज कर 34% की दमदार सालाना बढ़त हासिल की है। यह सिर्फ आंकड़ों की छलांग नहीं, बल्कि ग्राहकों के बढ़ते भरोसे और Honda के मजबूत प्रोडक्ट पोर्टफोलियो की साफ झलक है। घरेलू बाजार से लेकर निर्यात तक, हर मोर्चे पर कंपनी की पकड़ मजबूत होती नजर आ रही है, जो 2026 में भी तेज रफ्तार जारी रहने का संकेत दे रही है।

फरवरी 2026 में कंपनी ने इंडिया में 5,13,190 यूनिट की बिक्री की, जबकि 54,161 यूनिट का निर्यात किया। घरेलू बाजार के साथ-साथ विदेशी बाजारों में भी Honda की गाड़ियों को अच्छा रिस्पॉन्स मिल रहा है। साल 2026 (अप्रैल 2025 से फरवरी 2026) की अब तक की तस्वीर भी बेहद सकारात्मक है। इस अवधि में HMSI ने कुल 58,20,556 यूनिट की बिक्री की है। इसमें से 52,37,169 यूनिट घरेलू बाजार में बेचे गए, जबकि 5,83,387 यूनिट विदेशों में निर्यात किए गए।

बिक्री के अलावा, कंपनी ने सामाजिक जिम्मेदारी के मोर्चे पर भी सक्रिय भूमिका निभाई। “Safety for Everyone” विजन के तहत HMSI ने देशभर के कई शहरों—अजमेर, पुणे, नासिक, नरनौल, वडोदरा, हिसार, गोरखपुर, कटिहार, औरंगाबाद, मंगलुरु, छिंदवाड़ा और कोच्चि—में रोड सेफ्टी अभियान चलाए। इन अभियानों का मकसद लोगों में सुरक्षित ड्राइविंग के प्रति जागरूकता बढ़ाना था। ग्वालियर, कोच्चि, आगरा और मदुरै में रोड सेफ्टी कन्वेंशन आयोजित किए गए, जहां स्कूलों के प्रिंसिपल और शिक्षकों को जोड़ा गया ताकि बच्चों में कम उम्र से ही सुरक्षित सड़क व्यवहार की आदत डाली जा सके।

चेन्नई और जयपुर में कंपनी के ट्रैफिक ट्रेनिंग पार्क की वर्षगांठ भी मनाई गई, जो सुरक्षित राइडिंग के प्रति कंपनी की प्रतिबद्धता को दर्शाता है। HMSI ने तिनसुकिया में नई अधिकृत डीलरशिप भी खोली है, जिससे ग्राहकों को बेहतर बिक्री और सर्विस सुविधा मिलेगी।
फरवरी 2026 में Honda Motorcycle & Scooter India ने बिक्री, सामाजिक पहल और नेटवर्क विस्तार—तीनों मोर्चों पर मजबूत प्रदर्शन कर अपनी बढ़ती पकड़ का साफ संकेत दिया है

फरवरी 2026 में Toyota का मेगा सेल्स ब्लास्ट · 34034 गाड़ियां बिकीं, रफ्तार बरकरार

नई दिल्ली: फरवरी 2026 में ऑटो बाजार में Toyota Kirloskar Motor (TKM) ने जोरदार प्रदर्शन करते हुए बिक्री का नया मुकाम छू लिया। कंपनी ने सिर्फ एक महीने में 34,034 गाड़ियों की बिक्री दर्ज की, जो पिछले साल फरवरी 2025 के 28,414 यूनिट के मुकाबले 20% ज्यादा है। यह सिर्फ आंकड़ों की बढ़ोतरी नहीं, बल्कि बाजार में Toyota की मजबूत पकड़ और ग्राहकों के बढ़ते भरोसे का साफ संकेत है।

घरेलू बाजार के साथ-साथ निर्यात में भी जबरदस्त उछाल देखने को मिला। घरेलू बाजार में फरवरी 2026 में कंपनी ने भारत में 30,737 गाड़ियां बेचीं, जबकि फरवरी 2025 में यह आंकड़ा 26,414 यूनिट था। घरेलू बिक्री में 16% की वृद्धि दर्ज की गई। वहीं फरवरी 2026 में 3,297 गाड़ियों का निर्यात हुआ, जो पिछले साल के 2,000 यूनिट के मुकाबले 65% ज्यादा है। विदेशी बाजारों में भी Toyota की गाड़ियों की मांग तेजी से बढ़ रही है।

साल 2026 की शुरुआत भी कंपनी के लिए सकारात्मक रही है। जनवरी और फरवरी 2026 को मिलाकर कंपनी ने कुल 67,914 गाड़ियां बेचीं, जो पिछले साल इसी अवधि के 57,785 यूनिट से 18% ज्यादा है। घरेलू बाजार में इस दौरान 61,367 यूनिट की बिक्री हुई, जो 17% की बढ़त दर्शाती है। वहीं निर्यात 6,547 यूनिट रहा, जो 26% ज्यादा है।

कंपनी के सेल्स, सर्विस और यूज्ड कार बिजनेस के एग्जीक्यूटिव वाइस प्रेसिडेंट, सबरी मनोहर के अनुसार, यह प्रदर्शन ग्राहकों के भरोसे और Toyota की क्वालिटी व भरोसेमंद ब्रांड इमेज का नतीजा है। कंपनी के पूरे प्रोडक्ट पोर्टफोलियो में स्थिर मांग बनी हुई है। खासतौर पर हाल ही में लॉन्च किए गए Urban Cruiser Hyryder के Tech Package को ग्राहकों से अच्छा रिस्पॉन्स मिला है, जिसमें बेहतर कम्फर्ट और एडवांस फीचर्स दिए गए हैं। फरवरी 2026 Toyota Kirloskar Motor के लिए मजबूती का महीना साबित हुआ है। घरेलू बाजार में स्थिर ग्रोथ और निर्यात में तेज उछाल यह संकेत देते हैं कि कंपनी 2026 में भी अपनी रफ्तार बनाए रखने की पूरी तैयारी में है।

फरवरी 2026 में आटो सेक्टर में MAHINDRA की दहाड़ : 97177 गाड़ियां और 60018 SUV बिकीं

नई दिल्ली: फरवरी 2026 में ऑटो बाजार में जबरदस्त हलचल देखने को मिली। Mahindra & Mahindra Ltd. ने सिर्फ एक महीने में 97,177 वाहनों की कुल बिक्री दर्ज कर 18% की दमदार सालाना बढ़त हासिल की है। SUV सेगमेंट में कंपनी ने 60,018 यूनिट की बिक्री के साथ 19% की तेज छलांग लगाई। घरेलू बाजार से लेकर निर्यात तक, हर मोर्चे पर Mahindra ने मजबूती दिखाई है। अगर निर्यात जोड़ दें तो कुल SUV बिक्री 60,685 यूनिट तक पहुंच गई। कंपनी के ऑटोमोटिव डिवीजन के CEO नलिनीकांत गोल्लागुंटा के अनुसार, SUV पोर्टफोलियो में मजबूत ग्राहक मांग के चलते यह ग्रोथ संभव हुई है।

कमर्शियल व्हीकल सेगमेंट में भी Mahindra & Mahindra Ltd. ने मजबूती का परिचय दिया है। फरवरी 2026 में कंपनी ने घरेलू बाजार में 24,585 कमर्शियल वाहन बेचे, जो पिछले साल के मुकाबले 10% अधिक हैं। माल ढुलाई और छोटे कारोबार से जुड़े वाहन बाजार में मांग स्थिर ही नहीं, बल्कि बढ़ती हुई नजर आ रही है। 2 टन से कम हल्के कमर्शियल वाहनों में 4% की हल्की गिरावट दर्ज की गई, लेकिन इसकी भरपाई 2 टन से 3.5 टन वाले सेगमेंट ने कर दी। इस श्रेणी में 12% की मजबूत बढ़त देखने को मिली। सबसे ज्यादा चौंकाने वाला प्रदर्शन 3-व्हीलर सेगमेंट में रहा। इलेक्ट्रिक मॉडल सहित इस श्रेणी में 44% की जबरदस्त उछाल दर्ज की गई। छोटे व्यवसाय, ई-कॉमर्स डिलीवरी और शहरी परिवहन में तेज विस्तार हो रहा है, और लोग किफायती व इलेक्ट्रिक विकल्पों की ओर तेजी से बढ़ रहे हैं।

2026 में अब तक कंपनी की रफ्तार और भी प्रभावशाली नजर आती है। घरेलू बाजार में अब तक 6,00,004 यूटिलिटी व्हीकल की बिक्री हो चुकी है, जो पिछले साल की समान अवधि से 19% ज्यादा है। फरवरी में 3,384 वाहनों का निर्यात हुआ, जो 11% की वृद्धि दर्शाता है। अप्रैल से फरवरी तक कुल 37,022 वाहनों का निर्यात किया गया, जो पिछले साल के मुकाबले 21% ज्यादा है। घरेलू मांग की मजबूती और विदेशी बाजारों में बढ़ती स्वीकार्यता के दम पर Mahindra & Mahindra Ltd. 2026 में लगातार मजबूत रफ्तार बनाए हुए है।

खेतों से बाजार तक रौनक : Mahindra ट्रैक्टर्स की फरवरी 2026 में 35% की छलांग, 32,000+ यूनिट्स बिकीं

नई दिल्ली: खेतों की रौनक अब बाजार में भी दिखने लगी है। फरवरी 2026 में ट्रैक्टर बाजार में जबरदस्त तेजी दर्ज की गई है और इसका सबसे बड़ा फायदा Mahindra & Mahindra Ltd. को मिला है। कंपनी के Farm Equipment Business (FEB) ने घरेलू बाजार में 35% की मजबूत सालाना बढ़त हासिल की है।

कंपनी के Farm Equipment Business के प्रेसिडेंट विजय नकरा के अनुसार यह बढ़ोतरी सिर्फ नंबरों का खेल नहीं है, बल्कि अच्छी रबी बुवाई, बेहतर खरीफ फसल और जलाशयों में पर्याप्त पानी ने किसानों का भरोसा बढ़ाया है। जब खेती अच्छी होती है तो किसानों की आमदनी सुधरती है। वे नए उपकरणों में निवेश करने का फैसला लेते हैं। यही वजह है कि ट्रैक्टर की मांग में साफ तेजी देखी जा रही है।

फरवरी 2026 में कंपनी ने देशभर में 32,153 ट्रैक्टर बेचे। ठीक एक साल पहले, फरवरी 2025 में यह आंकड़ा 23,880 यूनिट था। सिर्फ एक साल में करीब 8,000 से ज्यादा ट्रैक्टर अतिरिक्त बिके। यह 35% की बड़ी छलांग है। फरवरी का प्रदर्शन यह संकेत देता है कि ट्रैक्टर बाजार में मांग मजबूत बनी हुई है। अगर ग्रामीण बाजार में यही सकारात्मक माहौल बना रहा तो आने वाले महीनों में बिक्री के आंकड़े और भी बेहतर हो सकते हैं।

कुल बिक्री (घरेलू + निर्यात) की बात करें तो फरवरी 2026 में कंपनी ने 34,133 ट्रैक्टर बेचे, जो पिछले साल की समान अवधि के 25,527 ट्रैक्टरों के मुकाबले 34% ज्यादा है। इसमें से 1,980 ट्रैक्टर निर्यात किए गए, जो पिछले साल के मुकाबले 20% की वृद्धि दर्शाता है। साफ है कि कंपनी की पकड़ न सिर्फ भारत में, बल्कि विदेशी बाजारों में भी मजबूत हो रही है।

साल 2026 की शुरुआत भी कंपनी के लिए शानदार रही है। अप्रैल से फरवरी तक घरेलू बाजार में 4,62,527 ट्रैक्टर बिके। पिछले साल इसी अवधि में 3,74,512 ट्रैक्टर बिके थे। यानी यहां 24% की बढ़त दर्ज की गई। निर्यात के मोर्चे पर भी 18,841 ट्रैक्टर बेचे गए, जो पिछले साल के 15,195 ट्रैक्टरों से 24% ज्यादा है। कंपनी ने अब तक 4,81,368 ट्रैक्टर बेचे हैं, जो पिछले साल के 3,89,707 के मुकाबले 24% की मजबूत बढ़त है। Mahindra & Mahindra Ltd. का Farm Equipment Business मजबूत ग्रामीण अर्थव्यवस्था और सकारात्मक बाजार संकेतों के दम पर लगातार आगे बढ़ रहा है।

Duster की वापसी से पहले फरवरी 2026 में Renault India की 3495 यूनिट्स बिकीं

नई दिल्ली: ऑटो बाजार में एक बार फिर Renault India ने दमदार प्रदर्शन किया है। कंपनी ने फरवरी 2026 में 3,495 गाड़ियों की होलसेल बिक्री दर्ज की, जो पिछले साल फरवरी 2025 की 2,676 यूनिट्स के मुकाबले 31% ज्यादा है। 2026 के पहले दो महीनों में कंपनी ने पिछले साल की समान अवधि की तुलना में कुल 32% की मजबूत बढ़त दर्ज की है। कंपनी की रफ्तार लगातार तेज होती जा रही है।

जनवरी के अच्छे प्रदर्शन के बाद फरवरी में भी Renault India ने इंडस्ट्री की औसत ग्रोथ से बेहतर प्रदर्शन किया। इस तेजी के पीछे कंपनी की नई और अपडेटेड Kiger और Triber मॉडल्स की बड़ी भूमिका रही है। खासकर नई Triber ने शानदार प्रदर्शन करते हुए फरवरी में 57% की साल-दर-साल (YoY) बढ़त हासिल की। इससे साफ संकेत मिलता है कि ग्राहकों को कंपनी की 7-सीटर किफायती एमपीवी काफी पसंद आ रही है।

2025 की तीसरी तिमाही से कंपनी लगातार सुधार की राह पर है। 2025 की तीसरी तिमाही में 9% की वृद्धि, 2025 की चौथी तिमाही में 27% की बढ़त और अब 2026 के पहले दो महीनों में 32% की ग्रोथ यह दिखाती है कि ब्रैंड की पकड़ बाजार में मजबूत हो रही है। Kiger और Triber के अपडेटेड वर्जन ने ग्राहकों का भरोसा फिर से जीतने में अहम भूमिका निभाई है।

कंपनी द्वारा लोकप्रिय SUV Renault Duster की इंडिया में वापसी की घोषणा ने भी बाजार में उत्साह बढ़ा दिया है। Duster लंबे समय तक भारतीय ग्राहकों की पसंदीदा SUV रही है, और इसकी वापसी की खबर से डीलरशिप पर ग्राहकों की आवाजाही बढ़ी है। इससे आने वाले महीनों में बिक्री और तेज होने की उम्मीद है।

Renault India ने यह साबित कर दिया है कि सही रणनीति, अपडेटेड मॉडल्स और ग्राहकों की जरूरत के मुताबिक प्रोडक्ट देने से बाजार में मजबूत वापसी की जा सकती है। अब सबकी नजर Duster की लॉन्च पर टिकी है, जो कंपनी की ग्रोथ को नई ऊंचाई दे सकती है।