March में Mahindra का धुआंधार धमाल, 99000+ गाड़ियां बिकी, 21% की छलांग

नई दिल्ली: Mahindra & Mahindra (M&M) ने मार्च 2026 में शानदार प्रदर्शन करते हुए कुल 99,969 गाड़ियों की बिक्री की, जो पिछले साल के मुकाबले 21% ज्यादा है। कंपनी ने SUV और हल्के कमर्शियल व्हीकल (LCV) दोनों सेगमेंट में अब तक की सबसे ज्यादा बिक्री का रिकॉर्ड भी बनाया है। SUV सेगमेंट में कंपनी का प्रदर्शन सबसे मजबूत रहा। इंडिया में 60,272 SUVs बिकीं। इसमें 25% की बढ़ोतरी हुई। एक्सपोर्ट सहित कुल SUV बिक्री की बिक्री 62,109 यूनिट रही।


मार्च 2026 में 3,968 गाड़ियां विदेश भेजी गईं, जबकि पिछले साल इसी समय 4,143 यूनिट एक्सपोर्ट हुई थीं। कमर्शियल व्हीकल (CV) सेगमेंट में घरेलू बाजार में 24,928 यूनिट की बिक्री हुई। करीब 11% की बढ़ोतरी हुई। मार्च में SUV की कुल बिक्री 6,60,276 यूनिट्स रही। इसमें 20 फीसदी का उछाल आया। 3.5 टन से कम लाइट कमर्शल वाहनों की बिक्री 2,89,597 यूनिट रही। इसमें 13% का उछाल आया। कंपनी के ऑटो डिवीजन के CEO नलिनीकांत गोल्लागुंटा के मुताबिक, यह साल Mahindra & Mahindra (M&M) के लिए बेहद शानदार रहा और कंपनी ने SUV और LCV दोनों में अब तक की सबसे ज्यादा बिक्री दर्ज की। Mahindra & Mahindra (M&M) की गाड़ियां—खासतौर पर SUVs—बाजार में खूब बिक रही हैं, और कंपनी तेजी से ग्रोथ के रास्ते पर आगे बढ़ रही है।

कंपनी की सफलता के पीछे नई और पॉपुलर SUVs (जैसे XUV और Scorpio रेंज) की जबरदस्त डिमांड है। कंपनी की ब्रैंड इमेज काफी मजबूत और भरोसेमंद है। बेहतर फीचर्स और टेक्नोलॉजी की वजह से गांव और शहर दोनों बाजारों में पकड़ रखती है। बढ़ती फाइनेंस सुविधाएं और आसान लोन विकल्प खरीदारी को आसान बनाती है। SUV सेगमेंट में Mahindra की पकड़ और मजबूत होगी ग्रामीण और इंफ्रास्ट्रक्चर ग्रोथ से CV की मांग बढ़ेगी । आने वाले समय में कंपनी नए मॉडल और EV सेगमेंट पर भी फोकस बढ़ा सकती है। Mahindra & Mahindra (M&M) इस समय जबरदस्त फॉर्म में है। SUVs की तगड़ी डिमांड और लगातार बढ़ती बिक्री के दम पर कंपनी भारतीय ऑटो बाजार में अपनी स्थिति और मजबूत करती जा रही है।

29.35 लाख रुपये में Mahindra की नई Cineluxe SUV, 656KM रेंज और प्रीमियम लुक

नई दिल्ली: Mahindra ने अपनी इलेक्ट्रिक SUV XEV 9e का खास Cineluxe Edition लॉन्च करने के बाद अब इसे देशभर के डीलरशिप्स पर भेजना शुरू कर दिया है। इस स्पेशल एडिशन की कीमत 29.35 लाख रुपये (एक्स-शोरूम) रखी गई है।

इसमें लुक्स के साथ इंटीरियर में प्रीमियम बदलाव किए गए हैं। XEV 9e Cineluxe Edition को दो एक्सक्लूसिव मैट कलर—Satin Black और Satin White में पेश किया गया है। गाड़ी के पीछे ‘Cineluxe’ बैज भी दिया गया है, जो इसे स्टैंडर्ड मॉडल से अलग पहचान देता है। इस एडिशन में अंदर की तरफ Chestnut Brown थीम और Nocturne Black फिनिश दी गई है, जिससे केबिन और ज्यादा लग्जरी लगता है। हालांकि फीचर्स पहले जैसे ही रखे गए हैं।

यह SUV सिर्फ दिखने में ही नहीं, बल्कि फीचर्स और परफॉर्मेंस में भी पूरी तरह लग्जरी और दमदार है। इसमें पैनोरमिक सनरूफ है। ऊपर बड़ा ग्लास रूफ मिलता है, जिससे केबिन खुला और प्रीमियम लगता है। ADAS जैसी सेफ्टी टेक्नोलॉजी दी गई है, जो ड्राइविंग को ज्यादा सुरक्षित और आसान बनाती है। 65W टाइप-C चार्जिंग से आप अपने मोबाइल-लैपटॉप जल्दी चार्ज कर सकते हैं। डैशबोर्ड पर तीन स्क्रीन और Harman Kardon का 16-स्पीकर साउंड सिस्टम (Dolby Atmos के साथ) मिलकर शानदार एंटरटेनमेंट एक्सपीरियंस देते हैं।

79kWh की बड़ी बैटरी के साथ यह गाड़ी एक बार चार्ज करने पर करीब 656 KM तक चल सकती है। इसमें 282bhp पावर और 380Nm टॉर्क है, जिससे गाड़ी तेज, स्मूद और ताकतवर ड्राइव देती है। यह SUV लग्जरी, टेक्नोलॉजी और पावर—तीनों का जबरदस्त कॉम्बिनेशन है।

सुपरहीरो SUV Mahindra BE 6 Batman का जलवा: सात मिनट में बिकीं 999 कारें

नई दिल्ली: इलेक्ट्रिक SUV के बाजार में Mahindra & Mahindra की खास एडिशन कार ने जबरदस्त क्रेज दिखाया है। कंपनी की लिमिटेड एडिशन इलेक्ट्रिक SUV Mahindra BE 6 Batman Edition की दूसरी बुकिंग विंडो खुलते ही महज सात मिनट में पूरी तरह बिक गई। कंपनी ने इस बार 999 यूनिट्स की बुकिंग खोली थी और सभी यूनिट्स तुरंत रिजर्व हो गईं।

कंपनी के मुताबिक इस खास एडिशन की कीमत 28.49 लाख रुपये (एक्स-शोरूम) रखी गई है। यह कीमत पहले लॉन्च कीमत से करीब 70,000 रुपये ज्यादा है। इस बैच की डिलीवरी 10 अप्रैल 2026 से शुरू की जाएगी। Mahindra BE 6 Batman Edition को पहली बार अगस्त 2025 में पेश किया गया था। यह कार मशहूर फिल्म सीरीज The Dark Knight Trilogy से प्रेरित है, जिसका निर्देशन Christopher Nolan ने किया था। इस खास प्रोजेक्ट को Warner Bros. Discovery के ग्लोबल कंज्यूमर प्रोडक्ट्स डिवीजन के साथ मिलकर तैयार किया गया है। कंपनी का दावा है कि यह दुनिया की पहली कमर्शियल Batman-थीम वाली SUV है।

शुरुआत में कंपनी ने इस मॉडल की सिर्फ 300 यूनिट बनाने की योजना बनाई थी, लेकिन ग्राहकों की जबरदस्त मांग को देखते हुए इसे बढ़ाकर 999 यूनिट कर दिया गया। पहली बुकिंग विंडो में भी सभी यूनिट्स सिर्फ 135 सेकंड में बिक गई थीं, जिसके बाद यह मॉडल कार प्रेमियों के बीच कलेक्टर आइटम बन गया। यह स्पेशल एडिशन SUV Mahindra BE 6 के टॉप वेरिएंट Pack Three पर आधारित है। इसमें 79kWh बैटरी पैक दिया गया है, जो 286 हॉर्सपावर की ताकत और 380 Nm टॉर्क पैदा करता है। कंपनी के अनुसार एक बार फुल चार्ज होने पर यह SUV करीब 682 किलोमीटर तक चल सकती है।

कार में सैटिन ब्लैक एक्सटीरियर, 20 इंच के अलॉय व्हील, दरवाजों पर Batman डीकल और सस्पेंशन व ब्रेक कैलिपर्स पर गोल्ड एक्सेंट दिए गए हैं। कार के कई हिस्सों जैसे हब कैप, विंडो और रियर विंडशील्ड पर Bat लोगो लगाया गया है। इंटीरियर में भी Batman थीम साफ नजर आती है। इसमें चारकोल लेदर, गोल्ड स्टिचिंग, सीटों पर Bat लोगो और खास Batman वेलकम एनिमेशन जैसे फीचर्स दिए गए हैं। इंफोटेनमेंट सिस्टम में भी Batman थीम वाला स्टार्टअप एनिमेशन और खास साउंड इफेक्ट्स दिए गए हैं। Mahindra BE 6 Batman Edition खास डिजाइन, लिमिटेड प्रोडक्शन और लंबी रेंज की वजह से इलेक्ट्रिक SUV सेगमेंट में चर्चित मॉडल बन गया है।

₹28.49 लाख में सुपर हीरो SUV: Mahindra BE 6 Batman Edition की वापसी, 10 मार्च को बुकिंग

नई दिल्ली: इलेक्ट्रिक कार प्रेमियों और सुपरहीरो फैंस के लिए भारत की ऑटो कंपनी Mahindra ने अपनी खास लिमिटेड एडिशन इलेक्ट्रिक SUV Mahindra BE 6 Batman Edition को फिर बाजार में लाने का फैसला किया है। इसकी कीमत 28.49 लाख रुपये (एक्स-शोरूम) रखी गई है। कंपनी 10 मार्च 2026 को सुबह 11 बजे से इसकी बुकिंग शुरू करेगी। यह बुकिंग सिर्फ एक दिन के लिए खुली रहेगी। SUV की डिलीवरी 10 अप्रैल 2026 से शुरू होने की योजना है।

दरअसल, जब Mahindra BE 6 Batman Edition पहली बार लॉन्च हुई थी, तब इसकी 999 यूनिट्स सिर्फ 135 सेकंड में ही पूरी तरह बिक गई थीं। इसके बाद सोशल मीडिया पर कंपनी से इसे दोबारा लॉन्च करने की मांग की गई। इसी जबरदस्त डिमांड को देखते हुए Mahindra ने इसे फिर से सीमित समय के लिए वापस लाने का फैसला किया है। कंपनी ने बताया है कि 6 मार्च 2026 से उसकी आधिकारिक वेबसाइट पर “Add Your Preference” नाम से एक विंडो खुल गई है, जहां ग्राहक अपनी रुचि दर्ज कर सकते हैं। इसके बाद 10 मार्च को असली बुकिंग शुरू होगी। जो लोग पहले से इस मॉडल के मालिक हैं और नए ग्राहकों को रेफर करेंगे, उन्हें डिलिवरी में प्राथमिकता दी जाएगी।

यह खास एडिशन इलेक्ट्रिक SUV हॉलीवुड की मशहूर फिल्म सीरीज The Dark Knight Trilogy से प्रेरित है, जिसे मशहूर निर्देशक Christopher Nolan ने बनाया था। इसी वजह से कार के डिजाइन में बैटमैन थीम से जुड़े कई खास एलिमेंट्स दिए गए हैं। कार के एक्सटीरियर में सैटिन ब्लैक पेंट फिनिश, फ्रंट डोर पर Batman डेकल्स, 20-इंच अलॉय व्हील्स, Alchemy Gold कलर के सस्पेंशन और ब्रेक कैलिपर्स, और ‘BE 6 × The Dark Knight’ लिमिटेड एडिशन बैजिंग दी गई है। कार के कई हिस्सों जैसे हब कैप, क्वार्टर पैनल, रियर बंपर और ग्लास पर Bat लोगो भी लगाया गया है।

इंटीरियर में भी बैटमैन थीम को खास तरीके से दिखाया गया है। इसमें डैशबोर्ड पर गोल्ड Batman Edition प्लैक, चारकोल लेदर डैशबोर्ड, गोल्ड एक्सेंट स्टिचिंग के साथ सीट्स, Bat लोगो वाली सीटें, और गोल्ड एक्सेंट स्टीयरिंग व्हील दिया गया है। इसके अलावा इंफोटेनमेंट स्क्रीन पर Batman-थीम वेलकम एनिमेशन और खास Batman इंस्पायर्ड एक्सटीरियर साउंड भी मिलता है। Mahindra BE 6 Batman Edition सुपरहीरो थीम से प्रेरित एक कलेक्टर कार है।

500KM की रेंज और 16 स्पीकर साउंड: 29.35 लाख में Mahindra XEV 9e Cineluxe Edition

नई दिल्ली: इंडिया की प्रमुख ऑटो कंपनी Mahindra ने अपनी फ्लैगशिप इलेक्ट्रिक SUV Mahindra XEV 9e का नया और ज्यादा लग्ज़री वर्जन XEV 9e Cineluxe Edition लॉन्च कर दिया है। इसकी शुरुआती एक्स-शोरूम कीमत 29.35 लाख रुपये रखी गई है, जो इस मॉडल का अब तक का सबसे महंगा वेरिएंट है। कंपनी के मुताबिक इस खास एडिशन की बुकिंग 2 मार्च 2026 से शुरू होगी, जबकि डिलीवरी 10 मार्च 2026 से शुरू होने की उम्मीद है।

Mahindra ने इस एडिशन को खास तौर पर उन ग्राहकों के लिए तैयार किया है जो इलेक्ट्रिक SUV में प्रीमियम डिजाइन, एडवांस टेक्नोलॉजी और शानदार इन-केबिन अनुभव चाहते हैं। XEV 9e की मौजूदा कीमत 21.90 लाख रुपये (एक्स-शोरूम) से शुरू होती है, जबकि Cineluxe Edition सबसे ऊपर रखा गया है।

इस एडिशन में दो एक्सक्लूसिव साटन फिनिश एक्सटीरियर कलर दिए गए हैं – Satin Black और Satin White। इसके साथ केबिन में Chestnut Brown और Nocturne Black थीम वाला स्मूथ-ग्रेन लेदरेट इंटीरियर मिलता है। केबिन को इस तरह डिजाइन किया गया है कि इसमें बैठते ही एक लाउंज या मिनी थिएटर जैसा प्रीमियम माहौल महसूस हो।

इस SUV का सबसे बड़ा आकर्षण इसका सिनेमैटिक केबिन अनुभव है। इसमें coast-to-coast triple HD display दिया गया है जो पूरे डैशबोर्ड में फैला हुआ है। साथ ही इसमें 16-speaker Harman Kardon साउंड सिस्टम दिया गया है जो Dolby Atmos तकनीक के साथ आता है, जिससे म्यूजिक और एंटरटेनमेंट का अनुभव और ज्यादा शानदार हो जाता है। इसके अलावा Infinity Roof और ambient lighting में 16 मिलियन से ज्यादा रंग विकल्प मिलते हैं, जिससे यूज़र अपने मूड के अनुसार केबिन का माहौल बदल सकते हैं।

Cineluxe Edition में 79 kWh का बड़ा बैटरी पैक दिया गया है। कंपनी का दावा है कि यह SUV रीयल-वर्ल्ड ड्राइविंग में 500 किलोमीटर से ज्यादा की रेंज दे सकती है। इसमें StraightAhead VisionX AR Heads-Up Display, EyeDentity Driver Monitoring System, HandsFree Park (Auto Park Assist) और Secure360 जैसे एडवांस सेफ्टी और ड्राइविंग फीचर्स मिलते हैं। नई टेक्नोलॉजी में Camp, Keep और PawPal HVAC मोड, Digital Key, Custom Drive Modes, Secure360 Pro और पर्सनलाइज्ड यूज़र प्रोफाइल जैसी सुविधाएं भी जोड़ी गई हैं।

खेतों से बाजार तक रौनक : Mahindra ट्रैक्टर्स की फरवरी 2026 में 35% की छलांग, 32,000+ यूनिट्स बिकीं

नई दिल्ली: खेतों की रौनक अब बाजार में भी दिखने लगी है। फरवरी 2026 में ट्रैक्टर बाजार में जबरदस्त तेजी दर्ज की गई है और इसका सबसे बड़ा फायदा Mahindra & Mahindra Ltd. को मिला है। कंपनी के Farm Equipment Business (FEB) ने घरेलू बाजार में 35% की मजबूत सालाना बढ़त हासिल की है।

कंपनी के Farm Equipment Business के प्रेसिडेंट विजय नकरा के अनुसार यह बढ़ोतरी सिर्फ नंबरों का खेल नहीं है, बल्कि अच्छी रबी बुवाई, बेहतर खरीफ फसल और जलाशयों में पर्याप्त पानी ने किसानों का भरोसा बढ़ाया है। जब खेती अच्छी होती है तो किसानों की आमदनी सुधरती है। वे नए उपकरणों में निवेश करने का फैसला लेते हैं। यही वजह है कि ट्रैक्टर की मांग में साफ तेजी देखी जा रही है।

फरवरी 2026 में कंपनी ने देशभर में 32,153 ट्रैक्टर बेचे। ठीक एक साल पहले, फरवरी 2025 में यह आंकड़ा 23,880 यूनिट था। सिर्फ एक साल में करीब 8,000 से ज्यादा ट्रैक्टर अतिरिक्त बिके। यह 35% की बड़ी छलांग है। फरवरी का प्रदर्शन यह संकेत देता है कि ट्रैक्टर बाजार में मांग मजबूत बनी हुई है। अगर ग्रामीण बाजार में यही सकारात्मक माहौल बना रहा तो आने वाले महीनों में बिक्री के आंकड़े और भी बेहतर हो सकते हैं।

कुल बिक्री (घरेलू + निर्यात) की बात करें तो फरवरी 2026 में कंपनी ने 34,133 ट्रैक्टर बेचे, जो पिछले साल की समान अवधि के 25,527 ट्रैक्टरों के मुकाबले 34% ज्यादा है। इसमें से 1,980 ट्रैक्टर निर्यात किए गए, जो पिछले साल के मुकाबले 20% की वृद्धि दर्शाता है। साफ है कि कंपनी की पकड़ न सिर्फ भारत में, बल्कि विदेशी बाजारों में भी मजबूत हो रही है।

साल 2026 की शुरुआत भी कंपनी के लिए शानदार रही है। अप्रैल से फरवरी तक घरेलू बाजार में 4,62,527 ट्रैक्टर बिके। पिछले साल इसी अवधि में 3,74,512 ट्रैक्टर बिके थे। यानी यहां 24% की बढ़त दर्ज की गई। निर्यात के मोर्चे पर भी 18,841 ट्रैक्टर बेचे गए, जो पिछले साल के 15,195 ट्रैक्टरों से 24% ज्यादा है। कंपनी ने अब तक 4,81,368 ट्रैक्टर बेचे हैं, जो पिछले साल के 3,89,707 के मुकाबले 24% की मजबूत बढ़त है। Mahindra & Mahindra Ltd. का Farm Equipment Business मजबूत ग्रामीण अर्थव्यवस्था और सकारात्मक बाजार संकेतों के दम पर लगातार आगे बढ़ रहा है।

गोवा स्ट्रीट रेस में Mahindra BE 6 का जलवा, जॉन अब्राहम ने ट्रैक पर भरी रफ्तार

मुंबई: गोवा में पहली बार आयोजित IRL Goa Street Race के दौरान Mahindra BE 6 Formula E Edition ने ऑफिशियल सेफ्टी कार की जिम्मेदारी निभाई। 2025–26 सीजन के राउंड 4 में हुई इस रेस लीग की गोवा में पहली स्ट्रीट सर्किट रेस थी। इस खास मौके पर बॉलीवुड अभिनेता और Team Goa Aces JA Racing के मालिक John Abraham खुद इस इलेक्ट्रिक SUV को ड्राइव करते नजर आए।

Mahindra की यह खास BE 6 Formula E Edition कंपनी के INGLO प्लेटफॉर्म पर आधारित है और इसे मोटरस्पोर्ट से प्रेरित डिजाइन व टेक्नोलॉजी के साथ तैयार किया गया है। इसका डिजाइन कंपनी की ABB FIA Formula E World Championship में भागीदारी से प्रेरित है। कंपनी का कहना है कि यह कार “Inspired by the Circuit, Built for the City” फिलॉसफी को दर्शाती है। रेसिंग ट्रैक की तकनीक और अनुभव को शहर की सड़कों के लिए तैयार किया गया है।

इस इलेक्ट्रिक SUV में 79 kWh का बड़ा बैटरी पैक दिया गया है। कंपनी के मुताबिक यह ARAI सर्टिफिकेशन के अनुसार 653 किमी तक की रेंज देती है, जबकि MIDC मानकों पर यह 680 किमी से ज्यादा चल सकती है। यह गाड़ी 0 से 100 किमी प्रति घंटे की रफ्तार सिर्फ 6.7 सेकंड में पकड़ सकती है और इसकी टॉप स्पीड 202 किमी प्रति घंटा है। 180 kW DC चार्जर से यह 20 से 80 प्रतिशत तक महज 20 मिनट में चार्ज हो सकती है।

BE 6 Formula E Edition को 2025 के आखिर में लॉन्च किया गया था। यह दो वेरिएंट में आती है। FE2 और FE3। FE2 की एक्स-शोरूम कीमत 23.69 लाख रुपये है, जबकि FE3 की कीमत 24.49 लाख रुपये है।

यह गाड़ी दिखने में बिल्कुल रेसिंग कार जैसी फील देती है। बाहर से इसमें आगे का हिस्सा (फ्रंट बंपर) अलग डिजाइन का है। गोल प्रोजेक्टर लाइटें लगी हैं। पीछे बड़ा सा रियर विंग दिया गया है, जो आम SUV में नहीं मिलता। ब्रेक के पास और टो हुक पर नारंगी (ऑरेंज) रंग की झलक इसे स्पोर्टी लुक देती है। डैशबोर्ड पर दो बड़ी 12.3-इंच की स्क्रीन मिलती हैं। गाड़ी स्टार्ट करते समय इनमें खास Formula E रेसिंग से जुड़ा एनिमेशन दिखाई देता है। यहां तक कि स्टार्ट/स्टॉप बटन का कवर भी रेसिंग कार जैसा बनाया गया है।

Mahindra का ई-ऑटो UDO लॉन्च : एयरोप्लेन जैसा डिजाइन, सिंगल चार्ज में 265 किमी की उड़ान

नई दिल्ली: Mahindra Last Mile Mobility Limited ने Mahindra UDO नाम से नया इलेक्ट्रिक ऑटो ₹3,58,999 (शुरुआती एक्स-शोरूम) में लॉन्च किया है, जो एक बार चार्ज में 200 किमी तक चलने का दावा करता है।

हैदराबाद में Mahindra Last Mile Mobility Limited ने अपने नए इलेक्ट्रिक तीनपहिया वाहन Mahindra UDO से पर्दा उठाया है। सीमित समय के लिए इसकी शुरुआती कीमत ₹3,58,999 (एक्स-शोरूम) रखी गई है, जबकि नियमित कीमत ₹3,84,299 है। कंपनी का दावा है कि यह ई-ऑटो एक बार फुल चार्ज होने पर 200 किलोमीटर तक वास्तविक ड्राइविंग रेंज देता है, जबकि ARAI प्रमाणित रेंज 265 किमी है।

Mahindra UDO को हवाई जहाज से प्रेरित डिजाइन दिया गया है, जिसे कंपनी “ऑटोप्लेन” कह रही है। ‘UDO’ का मतलब होता है ‘उड़ो’, और डिजाइन में यही सोच झलकती है। इसमें सेगमेंट में पहली बार फुल मोनोकोक बॉडी दी गई है। बड़े हेडलैंप, स्टाइलिश मिरर और चौड़ा विंडशील्ड इसे मॉडर्न और अलग लुक देते हैं।

ड्राइवर के लिए ‘पायलट सीट’ दी गई है, जो आम ऑटो सीट से करीब 20% ज्यादा मोटी बताई गई है, ताकि लंबी ड्यूटी में थकान कम हो। यात्रियों के लिए ज्यादा लेगरूम, बेहतर हेडरूम और चौड़ी सीटें दी गई हैं, जिससे सफर पहले से ज्यादा आरामदायक हो सके। इंडिपेंडेंट रियर सस्पेंशन और ड्यूल फोर्क फ्रंट सस्पेंशन खराब सड़कों पर भी झटके कम करने में मदद करते हैं।

इसमें 11.7 kWh की IP67 रेटेड लिथियम-आयन बैटरी और 10 kW पीक पावर वाला PMS मोटर दिया गया है, जो 52 Nm टॉर्क पैदा करता है। इसमें Range, Ride और Race तीन ड्राइव मोड मिलते हैं। Race मोड में इसकी टॉप स्पीड 55 किमी प्रति घंटा है। ड्राइविंग को आसान बनाने के लिए रिवर्स थ्रॉटल, क्रीप मोड, हिल होल्ड असिस्ट और रीजनरेटिव ब्रेकिंग जैसे फीचर दिए गए हैं।

कंपनी 6 साल या 1.5 लाख किमी की वारंटी दे रही है, साथ ही 1 लाख किमी तक फ्री सर्विस और UDAY NXT स्कीम के तहत ₹20 लाख का एक्सीडेंटल इंश्योरेंस भी मिलेगा। यह ई-ऑटो Zaheerabad में Mahindra के प्लांट में तैयार किया गया है। कंपनी को उम्मीद है कि यह शहरों में छोटी दूरी की सवारी (जैसे स्टेशन से घर, बाजार से कॉलोनी तक) के सफर को पहले से बेहतर बना देगा। यह ऑटो सिर्फ नया मॉडल नहीं है। कंपनी का दावा है कि इससे रोज़मर्रा की छोटी दूरी की यात्रा का तरीका बदल सकता है।

सेफ्टी और सेल्स में Mahindra–Tata का जलवा, Hyundai–Kia को डबल झटका

नई दिल्ली: अब इंडियन कारें सिर्फ बिक्री में ही नहीं बल्कि सुरक्षा में भी कोरिया में बनी कारों से आगे निकल गई हैं। लोग महिंद्रा और टाटा की कारें खरीद रहे हैं। इन कारों ने बच्चों और वयस्कों की सुरक्षा दोनों में टॉप रेटिंग हासिल कर रही हैं। भारतीय ब्रैंड अब सिर्फ ज्यादा बिकने वाली कारें नहीं, बल्कि भरोसेमंद और सुरक्षित कारें भी बना रहे हैं।

Bharat NCAP (New Car Assessment Program) के नवीनतम आंकड़ों के अनुसार टाटा और महिंद्रा की कई कारें बच्चों और बड़ों दोनों के लिए सबसे सुरक्षित साबित हुई हैं, जबकि Hyundai और Kia की तुलना में उनके पास पांच-सितारा मॉडल ज्यादा हैं। टाटा के 10 मॉडल्स और महिंद्रा के 5 मॉडल्स ने टॉप सुरक्षा रेटिंग पाई है। Kia का सिर्फ Syros मॉडल ही पांच-सितारा है, और Hyundai की वर्तमान कारें इस रेटिंग को पाने में सफल नहीं हुईं। महिंद्रा की Thar Roxx, XUV 3XO जैसी पारंपरिक इंजन वाली कारें और XUV400, BE6, XEV9e जैसी इलेक्ट्रिक कारें भी सुरक्षित साबित हुई हैं। टाटा के Altroz, Punch, Nexon, Curvv, Harrier, Safari और इनके इलेक्ट्रिक वर्ज़न भी फाइव स्टार सिक्युरिटी रेटिंग हासिल की हैं।

Hyundai और Kia ने अपनी ज्यादातर कारों में 6 एयरबैग और इलेक्ट्रॉनिक स्टेबिलिटी कंट्रोल स्टैंडर्ड रखा है। Hyundai तो इंडिया में पहली कंपनी थी जिसने सभी मॉडलों में छह एयरबैग देना शुरू किया। Maruti Suzuki के चार मॉडल—Dzire, Victoris, Invicto और e Vitara—पांच-सितारा सुरक्षा रेटिंग प्राप्त कर चुके हैं। Toyota की Innova Hycross और Skoda की Kylaq के पास एक-एक मॉडल ही शीर्ष रेटिंग रखते हैं।

अब सिर्फ सुरक्षा ही नहीं, बल्कि बिक्री में भी भारतीय कारें कोरिया की कारों से आगे हैं। महिंद्रा और टाटा ने मिलकर लगभग 28% बाजार हिस्सेदारी हासिल कर ली है, जबकि Hyundai और Kia की हिस्सेदारी घटकर लगभग 19% रह गई। अप्रैल–दिसंबर FY26 में महिंद्रा ने 4,76,476 और टाटा ने 4,46,017 कारें बेचीं, जबकि Hyundai और Kia ने क्रमशः 4,18,328 और 2,04,710 कारें बेचीं। विशेषज्ञों का कहना है कि SUV की बढ़ती मांग और सुरक्षा पर जोर देने के कारण लोग अब भारतीय ब्रांडों को ज्यादा पसंद कर रहे हैं। भारतीय कारें अब सुरक्षित, भरोसेमंद और खरीदारों की पहली पसंद बन गई हैं। यह बदलाव बाजार में बिक्री और सुरक्षा दोनों में साफ दिखाई दे रहा है।

Mahindra की कारें AI से खुद चलेंगी, ड्राइवर पर भी रहेगी नजर

नई दिल्ली/यरुशलम: इंडियन ऑटो सेक्टर में सेफ्टी और स्मार्ट ड्राइविंग की दिशा में बड़ा कदम उठाते हुए Mahindra & Mahindra ने Mobileye Global Inc. के साथ बड़ी साझेदारी का ऐलान किया है। इस समझौते के तहत 2027 से लॉन्च होने वाले कंपनी के कम से कम छह नए मॉडलों में Mobileye की SuperVision और Surround ADAS तकनीक दी जाएगी। इन मॉडलों का उत्पादन 2027 से शुरू होने की उम्मीद है।

2027 के बाद आने वाली Mahindra की कम से कम 6 नई गाड़ियों में Surround ADAS सिस्टम होगा। इसमें पांच कैमरे, कई रडार और एक ताकतवर EyeQ6H चिप लगी होगी, जो गाड़ी को आसपास की हर गतिविधि समझने में मदद करेगी। हाइवे पर तय हालात में ड्राइवर कुछ समय के लिए स्टीयरिंग से हाथ हटा सकेगा, लेकिन नजर सड़क पर रखना जरूरी होगा। गाड़ी खुद लेन में चलेगी, स्पीड कंट्रोल करेगी और आगे-पीछे चल रही गाड़ियों से सुरक्षित दूरी बनाए रखेगी। ध्यान भटकने पर सिस्टम तुरंत चेतावनी देगा।

पूरा सिस्टम Mobileye के लेटेस्ट EyeQ6 High (EyeQ6H) चिपसेट पर आधारित होगा। यानी गाड़ी में दिमाग जैसा एक “सुपर कंप्यूटर” होगा, जो कैमरा और रडार से मिली जानकारी को समझकर कई ड्राइविंग काम खुद संभाल सकेगा। कैमरे सड़क को पढ़ेंगे, रडार दूरी मापेंगे, सिस्टम लेन और बाधाओं को पहचान लेगा, ड्राइवर की निगरानी होगी और गाड़ी खुद पार्क करने में भी मदद करेगी।
सारी टेक्नोलॉजी एक ही इलेक्ट्रॉनिक कंट्रोल यूनिट (ECU) में इंटीग्रेट होगी, जिससे कम वायरिंग, कम हार्डवेयर और बेहतर लागत संतुलन मिलेगा।

SuperVision इसका ज्यादा एडवांस वर्जन होगा। इसमें 11 कैमरे, जरूरत पड़ने पर रडार और दो EyeQ6H चिप होंगे। यह तय हाईवे पर “नेविगेट-ऑन-पायलट (NOP)” सुविधा देगा—गाड़ी खुद लेन बदलेगी, स्पीड एडजस्ट करेगी और नेविगेशन के अनुसार रूट फॉलो करेगी। हालांकि ड्राइवर को पूरी तरह सतर्क रहना होगा।

यह पूरी तरह सेल्फ-ड्राइविंग नहीं, बल्कि स्मार्ट सहायक ड्राइविंग है। मकसद है ज्यादा सुरक्षा, कम थकान और ऐसी टेक्नोलॉजी देना जो आम ग्राहकों की पहुंच में रहे। Bharat NCAP जैसे नए सुरक्षा मानकों और बढ़ती मांग के बीच यह साझेदारी भारत में स्मार्ट और आंशिक रूप से ऑटोमेटेड गाड़ियों के नए दौर की शुरुआत मानी जा रही है।