MINI 3-Door Cooper S की खरीद में कोई टेंशन नहीं, 180 दिन तक कीमत घटने पर मिलेगा रिफंड

गुरुग्राम : MINI India ने MINI 3-Door Cooper S के उपभोक्ताओं के लिए नई योजना ‘प्राइस प्रोटेक्शन एश्योरेंस प्रोग्राम’ की घोषणा की है। अब जो लोग MINI 3-Door Cooper S कार खरीदेंगे, उन्हें अगले 180 दिनों तक कीमत घटने की चिंता नहीं करनी होगी। अगर इस दौरान कार की कीमत कम होती है, तो डीलरशिप कीमत में फर्क वापस कर देगी। यह पहल उन ग्राहकों के लिए राहत लेकर आई है जो ड्यूटी कट्स जैसी संभावित कीमत में कटौती की स्थिति में भी बिना इंतज़ार किए अपनी पसंदीदा MINI अभी खरीदना चाहते हैं। प्राइस प्रोटेक्शन एश्योरेंस स्कीम सिर्फ 180 दिनों (करीब 6 महीने) तक वैध है। इसलिए ग्राहक जितना जल्दी निर्णय लेंगे, उतना बेहतर रहेगा।

BMW Group India के प्रेसिडेंट और सीईओ, विक्रम पावाह ने कहा, “MINI हमेशा नए आइडिया और दमदार स्टाइल के लिए जानी जाती है। यह नई योजना कंपनी की अपने ग्राहकों के प्रति भरोसे और ध्यान को दिखाती है।“

इस लिमिटेड पीरियड ऑफर के तहत यदि MINI 3-Door Cooper S की कीमत खरीद के 180 दिनों के भीतर घटती है, तो ग्राहक को नई एक्स-शोरूम कीमत और इनवॉइस की कीमत के बीच का अंतर संबंधित डीलर की ओर से रिफंड किया जाएगा। यह प्राइस प्रोटेक्शन स्कीम केवल MINI 3-Door Cooper S पर लागू है, जिसे भारत में कंप्लीटली बिल्टअप यूनिट (CBU) के तौर पर यूके स्थित MINI प्लांट ऑक्सफोर्ड से आयात किया जाता है। इसकी एक्स-शोरूम कीमत ₹44.90 लाख (GST समेत) से शुरू होती है। MINI फैमिली का दूसरा मॉडल — ऑल-इलेक्ट्रिक MINI Countryman इस ऑफर के तहत नहीं आता। यह मॉडल भी CBU के रूप में आता है और जर्मनी के बीएमडब्ल्यू ग्रुप प्लांट लाइपज़िग में तैयार होता है।