800 किमी नॉन स्टॉप रन, 1 लीटर में 29.9 km : Tata Sierra बनी इंडिया में सबसे ज्यादा माइलेज देने वाली कार

मुंबई: Tata Motors की नई Tata Sierra ने लॉन्च होते ही ऐसा कारनामा कर दिखाया है, जिसे भारतीय ऑटो इंडस्ट्री लंबे समय तक याद रखेगी। टाटा मोटर्स की हाल ही में लॉन्च हुई SUV सिएरा भारत में सबसे ज्यादा माइलेज देने वाली पेट्रोल कार बन गई है। इंदौर स्थित NATRAX ट्रैक पर 12 घंटे की लगातार रनिंग टेस्टिंग के दौरान इस एसयूवी ने एक लीटर में 29 किमी की अद्भुत माइलेज देकर नया नेशनल रिकॉर्ड बनाया, जिसे India Book of Records और Limca Book of Records दोनों ने आधिकारिक मान्यता दी है।

Pixel Motion टीम ने 30 नवंबर 2025 को यह रनिंग टेस्ट किया। टेस्ट में Sierra को सुबह 7 बजे से शाम 7 बजे तक करीब 800 किलोमीटर तक चलाया गया। पूरे रन में इसकी औसत स्पीड 65–70 km/h रखी गई, इंदौर के पास स्थित NATRAX ट्रैक पर इस एसयूवी को करीब 12 घंटे तक लगातार टेस्ट किया गया।

इस उपलब्धि के केंद्र में Tata Sierra का नया 1.5L Hyperion पेट्रोल इंजन है, जिसे ऐसी उन्नत तकनीक के साथ विकसित किया गया है कि यह कम पेट्रोल में ज्यादा दूरी तय कर सके, कम स्पीड पर भी गाड़ी को पर्याप्त ताकत प्रदान करे और लंबे समय तक लगातार चलने पर भी स्थिर परफॉर्मेंस बनाए रखे। यह इंजन स्पीड बदलने पर भी माइलेज में कोई खास गिरावट नहीं आने देता। Hyperion इंजन के भीतर घर्षण को काफी कम किया गया है। इससे इंजन बेहतर आउटपुट देता है। यही वजह है कि 12 घंटे की लगातार रनिंग में भी इंजन ने बिना गर्म हुए समान रूप से प्रदर्शन किया ।

कम RPM पर काम करने और इंजन पर कम लोड रहने से इसकी ईंधन दक्षता लगातार बेहतर बनी रही, जो इस रिकॉर्ड की सबसे बड़ी तकनीकी वजह रही। रिकॉर्ड की आधिकारिक पुष्टि 30 नवंबर 2025 को कर दी गई। Sierra का यह शानदार प्रदर्शन Hyperion इंजन की क्षमता और Tata की इंजीनियरिंग क्वालिटी को साबित करता है। टेस्टिंग फेज़ के दौरान इस SUV ने 222 km/h की टॉप स्पीड भी हासिल की। हालांकि, ग्राहकों को मिलने वाले मॉडल में सुरक्षा मानकों के तहत टॉप स्पीड 190 km/h तक सीमित रहेगी।
कंपनी ने साफ कहा है कि यह पूरा टेस्ट नियंत्रित और सुरक्षित माहौल में, प्रोफेशनल ड्राइवरों द्वारा किया गया था। ये रिकॉर्ड आम सड़कों पर दोहराने लायक नहीं हैं, क्योंकि ऐसी ड्राइविंग जोखिमभरी हो सकती है।

इंडियन ऑटो इंडस्ट्री की नई उड़ान, Maruti Suzuki की दुनिया के टॉप-10 कारमेकर्स क्लब में एंट्री

नई दिल्ली: इंडिया की सबसे बड़ी कार निर्माता कंपनी Maruti Suzuki ने दुनिया को भारत की ऑटो इंडस्ट्री की ताकत से रूबरू कराया है। कंपनी अब दुनिया की टॉप-10 सबसे ज्यादा वैल्यू वाली ऑटोमोबाइल कंपनियों की लिस्ट में शामिल हो गई है। Maruti Suzuki की कुल मार्केट वैल्यू अब दुनिया के बड़े-बड़े कार ब्रैंड्स से ज्यादा हो गई है। कंपनी की कीमत (मार्केट कैप) USD 57.6 बिलियन तक पहुंच गई है। यह आंकड़ा Volkswagen (USD 54.3B), Ford (USD 47.7B) और General Motors (USD 57.1B) से ज्यादा है। स्टॉक मार्केट में Maruti Suzuki अब VW, Ford और GM से ज्यादा कीमती कंपनी बन चुकी है।

Maruti Suzuki अब अपने “मालिक” Suzuki Motor Corporation से भी ज्यादा बड़ी और ताक़तवर कंपनी बन गई है। अब Maruti सिर्फ “Suzuki की भारतीय शाखा” नहीं रही, बल्कि ग्लोबल लेवल पर खुद एक ऑटो दिग्गज बन गई है। Maruti Suzuki के शेयरों ने बाकी ऑटो सेक्टर की कंपनियों से भी तेज़ रफ्तार दिखाई है। जहां पूरे ऑटो इंडस्ट्री का औसत उछाल (Nifty Auto Index) 43.5% रहा, वहीं Maruti के शेयर अकेले ही 53% बढ़े।

सितंबर 2025 से लागू हुए GST 2.0 ने Maruti Suzuki को नई रफ्तार दी। Maruti ने यह पूरा फायदा ग्राहकों तक पहुंचाया। Maruti Suzuki अब सिर्फ छोटी और किफायती कारों तक सीमित नहीं रह गई है, बल्कि Victoris SUV से कंपनी ने पारंपरिक और हाइब्रिड दोनों बाज़ारों को साध लिया। e-Vitara के साथ EV सेगमेंट में भी गंभीर दावेदारी पेश कर दी।

दुनिया की सबसे बड़ी कार कंपनी अभी भी Tesla है, जिसकी कीमत बाकी सबको पीछे छोड़ते हुए 1.47 ट्रिलियन डॉलर तक पहुंच गई है। उसके बाद जापान की Toyota (314 बिलियन) नंबर दो पर है। चीन की Xiaomi (174.8 बिलियन) और BYD (133 बिलियन) तीसरे और चौथे पायदान पर मजबूती से टिके हैं। इटली की Ferrari (92.7 बिलियन) पांचवें नंबर पर है। जर्मनी की BMW (61.3 बिलियन) और Mercedes-Benz (59.8 बिलियन) क्रमशः छठे और सातवें नंबर पर, जबकि Honda (59 बिलियन) आठवें नंबर पर है। Maruti Suzuki (57.6 बिलियन) पहली बार 9वें नंबर पर पहुंच गई है, जिसने GM (57.1 बिलियन) को 10वें पर धकेल दिया।