3.50 लाख रुपये में S-Presso सबसे किफायती ऑटोमैटिक कार, 37500 तक के ऑफऱ

नई दिल्ली: देश की सबसे बड़ी कार निर्माता Maruti Suzuki की लोकप्रिय मिनी-SUV Maruti Suzuki S-Presso का AGS (Auto Gear Shift) वर्जन अब पहले से ज्यादा सस्ता हो गया है। 2026 की शुरुआत में कंपनी ने इसकी कीमत में बड़ा संशोधन किया है, जिसके बाद यह भारत की सबसे किफायती ऑटोमैटिक कारों में शामिल हो गई है। कीमत कम होने और अच्छी माइलेज की वजह से यह कार बजट खरीदारों के लिए फिर से आकर्षक विकल्प बनकर सामने आई है।

20 जनवरी 2026 तक S-Presso की शुरुआती एक्स-शोरूम कीमत लगभग 3.50 लाख रुपये हो गई है। पहले इसकी कीमत इससे ज्यादा थी, लेकिन 2025 के अंत में GST से जुड़ी कीमत कटौती और बाद में हुए संशोधन के कारण यह सस्ती हो गई। इसी वजह से अब इसने Maruti Suzuki Alto K10 को पीछे छोड़ते हुए भारत की सबसे सस्ती प्रमुख कारों में अपनी जगह बना ली है।

S-Presso का टॉप मॉडल VXI+ (O) AGS लगभग 5.25 लाख रुपये (एक्स-शोरूम) की कीमत पर उपलब्ध है। फरवरी 2026 में कंपनी इस कार पर करीब 37,500 रुपये तक के कंज्यूमर ऑफर भी दे रही थी, जिससे इसकी ऑन-रोड कीमत और भी किफायती हो सकती है। परफॉर्मेंस के मामले में भी यह कार अपने सेगमेंट में मजबूत मानी जाती है। इसमें Next Generation K-Series का 1.0 लीटर Dual Jet, Dual VVT पेट्रोल इंजन दिया गया है। यह इंजन Idle Start-Stop तकनीक के साथ आता है, जिससे ट्रैफिक में खड़े होने पर इंजन अपने-आप बंद हो जाता है और फ्यूल की बचत होती है।

S-Presso के AGS वेरिएंट में लगभग 25.30 किलोमीटर प्रति लीटर तक की फ्यूल एफिशिएंसी मिलती है। यही वजह है कि कम कीमत और ज्यादा माइलेज की तलाश करने वाले ग्राहकों के बीच यह कार काफी लोकप्रिय है। इसमें एयरबैग, ABS, बेहतर बॉडी स्ट्रक्चर और कई बेसिक सेफ्टी फीचर्स दिए जाते हैं, जिससे यह बजट सेगमेंट में एक सुरक्षित विकल्प बनती है। कुल मिलाकर, कम कीमत, ऑटोमैटिक गियरबॉक्स, अच्छी माइलेज और भरोसेमंद ब्रांड की वजह से Maruti Suzuki S-Presso AGS आज भी भारतीय बाजार में किफायती कार खरीदने वालों के लिए एक मजबूत और लोकप्रिय विकल्प बनी हुई है।

दिसंबर 2025 में Maruti की मिनी कारों ने पकड़ी रफ्तार, Alto और S-Presso की बिक्री दोगुनी

नई दिल्ली: जिस छोटे कार सेगमेंट को महंगाई और SUV ट्रेंड के दौर में लगभग हाशिए पर मान लिया गया था, उसी सेगमेंट ने 2025 के आखिर में ज़बरदस्त वापसी कर सबको चौंका दिया। Maruti Alto K10 और S-Presso जैसी एंट्री-लेवल कारों की बिक्री दिसंबर 2025 में 92 फीसदी उछल गई।

Maruti Suzuki ने साल की आखिरी तिमाही में 22 फीसदी की दमदार ग्रोथ दर्ज की। यह उछाल ऐसे वक्त आया, जब 2025 के पहले नौ महीनों में कंपनी की बिक्री 3 फीसदी तक फिसल चुकी थी। इस अचानक बदले माहौल के पीछे सबसे बड़ा कारण बना सितंबर 2025 से लागू हुआ GST 2.0, जिसने छोटी कारों की कीमतें घटाईं और आम आदमी की पहुंच फिर से कार शोरूम तक पहुंचा दी। जहां मिनी सेगमेंट (Alto K10 और S-Presso) की हिस्सेदारी दिसंबर में बढ़कर 6.2 फीसदी हो गई, वहीं Maruti ने पूरे साल में 18.06 लाख यूनिट बेचकर भारत में अपना अब तक का सबसे बड़ा बिक्री रिकॉर्ड भी बना लिया।

दिसंबर 2025 में Maruti के मिनी सेगमेंट (Alto K10 और S-Presso) की बिक्री 14,225 यूनिट रही, जबकि दिसंबर 2024 में यह आंकड़ा सिर्फ 7,418 यूनिट था। जैसे ही कीमतें काबू में आईं, छोटे कार खरीदार बाजार में लौट आए। कंपनी के मुताबिक, इस सेगमेंट की डिमांड इतनी तेज है कि आज भी डेढ़ महीने से ज्यादा की वेटिंग बनी हुई है। सिर्फ मिनी कारें ही नहीं, बल्कि Baleno, Dzire, Wagon R और Swift जैसी कॉम्पैक्ट कारों ने भी बिक्री को रफ्तार दी। Dzire 2025 की सबसे ज्यादा बिकने वाली कार बनी, जबकि दिसंबर में Baleno ने 22,108 यूनिट के साथ Maruti की बेस्टसेलर का ताज पहना।

Maruti Suzuki के सीनियर एग्जीक्यूटिव पार्थो बनर्जी ने कहा कि GST के बाद बाजार में साफ फर्क दिख रहा है। छोटे शहरों और कस्बों में पहली बार कार खरीदने वालों की संख्या तेजी से बढ़ी है। छोटे कार सेगमेंट में फर्स्ट-टाइम बायर्स की हिस्सेदारी करीब 5% बढ़ी है, जो इस रिकवरी को मजबूत आधार देती है। साल के अंत तक Maruti ने 18,06,514 यूनिट की बिक्री के साथ भारत में अपना अब तक का सबसे बेहतरीन साल दर्ज किया, जो 2024 से 3% ज्यादा है। भले ही SUVs और MPVs अभी भी कुल बिक्री का बड़ा हिस्सा हैं, लेकिन 2025 के आखिरी महीनों ने यह साफ कर दिया कि 2025 ने यह साबित कर दिया कि छोटे कार सेगमेंट की मांग खत्म नहीं हुई थी, बस महंगाई ने थोड़ी देर के लिए उस पर ब्रेक लगाया था।