इंडिया के 20000 घरों में पहुंची TATA Sierra, मई में EV वर्जन की होगी एंट्री

नई दिल्ली: देशभर में जबरदस्त डिमांड के बीच Tata Motors की नई SUV Tata Sierra ने लॉन्च के कुछ ही महीनों में 20,000 गाड़ियों की डिलीवरी का आंकड़ा पार कर लिया है। इसकी शुरुआती कीमत 11.49 लाख रुपये है। कंपनी मई 2026 में इसका इलेक्ट्रिक वर्जन भी लॉन्च करने जा रही है।

Tata Motors ने इंडिया में अपने पुराने और पॉपुलर ब्रांड Tata Sierra को नए अवतार में लॉन्च किया है। इस नई SUV का डिजाइन पुराने Sierra मॉडल से प्रेरित है, लेकिन इसमें मॉडर्न फीचर्स और टेक्नोलॉजी जोड़ी गई है, जिससे यह आज के ग्राहकों को खूब पसंद आ रही है। नवंबर में लॉन्च और जनवरी से डिलीवरी शुरू होने के बाद, इस SUV ने अब तक पूरे देश में 20,000 से ज्यादा ग्राहकों तक पहुंच बना ली है। बाजार में इसकी मांग तेजी से बढ़ रही है।

Tata Sierra में ट्रिपल स्क्रीन वाला मॉडर्न डैशबोर्ड, पैनोरमिक सनरूफ, ADAS (एडवांस ड्राइवर असिस्ट सिस्टम) और प्रीमियम म्यूजिक सिस्टम जैसे हाईटेक फीचर्स मिलते हैं। बड़ा और आरामदायक केबिन, हल्के रंग का इंटीरियर और चारों तरफ ग्लास का डिजाइन इसे फैमिली के लिए भी बढ़िया विकल्प बनाता है। इंजन ऑप्शन में भी कंपनी ने ग्राहकों को कई विकल्प दिए हैं। इसमें 1.5 लीटर पेट्रोल, 1.5 लीटर टर्बो पेट्रोल और 1.5 लीटर डीजल इंजन शामिल हैं, जो मैनुअल और ऑटोमैटिक दोनों गियरबॉक्स के साथ आते हैं।

Tata Motors मई 2026 में Tata Sierra का इलेक्ट्रिक वर्जन भी लॉन्च करने वाली है, जिससे EV सेगमेंट में भी इसकी मजबूत एंट्री होने जा रही है। नई Tata Sierra अपने शानदार डिजाइन, फीचर्स और कई इंजन विकल्पों की वजह से ग्राहकों की पहली पसंद बनती जा रही है।

Tata Sierra बनी सेफ्टी की सुपरस्टार, BNCAP में मिली 5-स्टार रेटिंग

नई दिल्ली: देश की बड़ी ऑटो कंपनी Tata Motors की नई SUV Tata Sierra ने सेफ्टी के मामले में बड़ा धमाका किया है। इस गाड़ी को Bharat NCAP (BNCAP) क्रैश टेस्ट में 5-स्टार सेफ्टी रेटिंग मिली है। Sierra ने एडल्ट सेफ्टी में 32 में से 31.14 अंक और बच्चों की सेफ्टी में 49 में से 44.73 अंक हासिल किए हैं, जो लगभग परफेक्ट स्कोर माने जा रहे हैं।

क्रैश टेस्ट रिपोर्ट के मुताबिक, यह SUV एडल्ट और चाइल्ड दोनों ही सेफ्टी में टॉप लेवल प्रोटेक्शन देती है। बच्चों की सुरक्षा में भी Sierra ने शानदार प्रदर्शन किया है, जहां इसे डायनामिक टेस्ट में 24 में से 23.73 अंक मिले। चाइल्ड सीट (CRS) लगाने में इसे पूरे नंबर मिले, यानी बच्चों के लिए यह कार बेहद सुरक्षित है।

Sierra के ACCOMP+ और ADV+ वेरिएंट्स को जांचा गया और हर बड़े क्रैश सीनारियो में इसकी बॉडी और सेफ्टी स्ट्रक्चर मजबूत साबित हुआ। फ्रंट क्रैश टेस्ट में इसे 16 में से 15.14 अंक मिले, जबकि साइड क्रैश टेस्ट में इसने पूरे 16 में 16 अंक हासिल किए।
सेफ्टी फीचर्स में स्टैंडर्ड तौर पर इलेक्ट्रॉनिक स्टेबिलिटी कंट्रोल (ESC), फ्रंट एयरबैग, साइड और कर्टेन एयरबैग, चेस्ट और पेल्विस एयरबैग, सीट बेल्ट रिमाइंडर जैसे फीचर्स दिए गए हैं। बच्चों की सीट लगाने के लिए ISOFIX माउंट भी मिलता है, जो इसे फैमिली के लिए और सुरक्षित बनाता है।

करीब 1,825 किलो वजन वाली यह SUV दो-रो सीटिंग के साथ आती है और इसके पेट्रोल और डीजल दोनों वेरिएंट्स को फरवरी 2026 में टेस्ट किया गया था। सभी वेरिएंट्स में सेफ्टी फीचर्स लगभग समान हैं, जिससे हर मॉडल में अच्छी सुरक्षा मिलती है। इससे पहले Tata Harrier और Tata Safari भी BNCAP में 5-स्टार रेटिंग हासिल कर चुकी हैं। Tata Sierra एक बेहद सुरक्षित SUV साबित हुई है, जिसमें ड्राइवर, परिवार और खासकर बच्चों की सुरक्षा का पूरा ध्यान रखा गया है—यानी सेफ्टी के मामले में यह गाड़ी टॉप क्लास है।

इंडिया में Budget EV की रेस तेज, 4.99 लाख में घर ले जाइए इलेक्ट्रिक कार

नई दिल्ली: इंडिया में सस्ती इलेक्ट्रिक कारों का दौर तेजी से शुरू हो चुका है। इस समय बजट EV सेगमेंट में MG Motor और Tata Motors का दबदबा साफ दिखाई दे रहा है। करीब 4.99 लाख रुपये की शुरुआती कीमत के साथ MG Comet EV देश की सबसे सस्ती इलेक्ट्रिक कार बनकर बाजार में हलचल मचा रही है, वहीं Tata Tiago.ev और Tata Punch.ev की मांग भी तेजी से बढ़ रही है। इसी बीच Maruti Suzuki की आने वाली Maruti Suzuki WagonR EV को बड़ा गेम-चेंजर माना जा रहा है, जिससे बजट इलेक्ट्रिक कारों के बाजार में प्रतिस्पर्धा और तेज होने की उम्मीद है।

इंडिया में 2026 में सस्ती इलेक्ट्रिक कारों (EV) का बाजार तेजी से बढ़ रहा है। फिलहाल इस सेगमेंट में सबसे ज्यादा पकड़ MG Motor और Tata Motors की है, जबकि Maruti Suzuki की आने वाली Maruti Suzuki WagonR EV को बड़ा गेम-चेंजर माना जा रहा है। भारत में इस समय सबसे सस्ती इलेक्ट्रिक कार MG Comet EV है, जिसकी शुरुआती कीमत करीब 4.99 लाख रुपये (एक्स-शोरूम) है।

वहीं Tata Tiago.ev भी बजट EV सेगमेंट में काफी लोकप्रिय हो चुकी है। इसकी कीमत करीब 7.99 लाख रुपये (एक्स-शोरूम) से शुरू होती है। यह कार एक बार चार्ज होने पर लगभग 250 से 315 किलोमीटर तक चल सकती है। इसी सेगमेंट में MG Windsor EV भी तेजी से ध्यान खींच रही है। इसकी शुरुआती कीमत करीब 9.99 लाख रुपये (एक्स-शोरूम) है। इसका बड़ा 52.9 kWh बैटरी पैक करीब 449 किलोमीटर तक की रेंज दे सकता है। कंपनी इसे ज्यादा आरामदायक “बिजनेस-क्लास” केबिन वाली फैमिली कार के तौर पर पेश कर रही है।

कॉम्पैक्ट SUV पसंद करने वालों के लिए Tata Punch.ev भी मजबूत विकल्प बनकर उभरी है। इसकी रेंज लगभग 315 से 421 किलोमीटर तक बताई जाती है। Citroën eC3 की कीमत करीब 11.99 लाख रुपये से शुरू होती है। वहीं साल 2026 की दूसरी छमाही में आने वाली Maruti Suzuki WagonR EV को बाजार में बड़ा बदलाव लाने वाला मॉडल माना जा रहा है। इसकी संभावित कीमत 10 से 12 लाख रुपये के बीच हो सकती है।अगर यही रफ्तार बनी रही तो आने वाले कुछ वर्षों में इलेक्ट्रिक कारें आम भारतीय परिवारों के लिए और ज्यादा किफायती और लोकप्रिय विकल्प बन सकती हैं।

EV जंग तेज: Maruti के “India Goes Electric” कैंपेन पर Tata का पलटवार, कहा-देश पहले ही इलेक्ट्रिक

नई दिल्ली: इंडिया में इलेक्ट्रिक कारों की जंग अब खुलकर सामने आने लगी है। Tata Motors ने हाल ही में Maruti Suzuki के “India Goes Electric” कैंपेन पर हल्का-फुल्का तंज कसते हुए कहा कि “India has already gone electric”। यह बयान ऐसे समय आया है जब Tata ने अपनी नई Tata Punch EV को लॉन्च किया है। कंपनी का दावा है कि वह भारत के EV सेगमेंट में करीब 40% मार्केट शेयर के साथ नंबर-1 पर है।

Maruti ने अपनी पहली इलेक्ट्रिक SUV Maruti eVitara के साथ “India Goes Electric” स्लोगन पेश किया। लेकिन Tata का कहना है कि देश में इलेक्ट्रिक क्रांति पहले ही शुरू हो चुकी है और इसमें उनका बड़ा योगदान रहा है। आंकड़ों के मुताबिक, साल 2025 में भारत में करीब 1.77 लाख इलेक्ट्रिक कारें बिकीं, जिनमें से 70 हजार से ज्यादा गाड़ियां सिर्फ Tata की थीं।

Punch EV फेसलिफ्ट की शुरुआती कीमत 9.69 लाख रुपये रखी गई है। खास बात यह है कि कंपनी ने BaaS (Battery as a Service) विकल्प भी दिया है, जिसमें शुरुआती कीमत घटकर 6.49 लाख रुपये तक आ जाती है। इस मॉडल के लॉन्च इवेंट में Tata ने 2023 और 2026 के EV मैप दिखाकर बताया कि देशभर में इलेक्ट्रिक गाड़ियों की पहुंच और इस्तेमाल तेजी से बढ़ा है।

हालांकि Maruti को कम आंकना भी आसान नहीं है। वह भारत की सबसे बड़ी कार निर्माता कंपनी है और अब EV सेगमेंट में लंबी रणनीति के साथ उतरी है। eVitara को 29 से ज्यादा देशों में एक्सपोर्ट किया जा रहा है, जिनमें यूरोप भी शामिल है। इसके अलावा Maruti 2030 तक कई नए EV लॉन्च करने की तैयारी में है, जिनमें इलेक्ट्रिक MPV (YMC), छोटी हैचबैक (eWX) और Fronx का इलेक्ट्रिक वर्जन शामिल है।

EV बाजार में JSW MG Motor और Mahindra भी मजबूत खिलाड़ी बनकर उभरे हैं, लेकिन फिलहाल बढ़त Tata के पास है। आने वाले सालों में Maruti की एंट्री से मुकाबला और तेज होने वाला है। साफ है कि भारत का EV बाजार अब नई रफ्तार पकड़ चुका है और कंपनियों के बीच यह मुकाबला ग्राहकों के लिए फायदे का सौदा साबित हो सकता है।

TATA Punch.ev 6.99 लाख रुपये में लॉन्च, 468 किमी की रेंज…26 मिनट में 80%चार्ज

मुंबई: Tata Motors की इलेक्ट्रिक शाखा TATA.ev ने अपनी लोकप्रिय इलेक्ट्रिक SUV Punch.ev का नया अवतार लॉन्च कर दिया है। कंपनी का दावा है कि यह कार अब आम परिवारों के लिए इलेक्ट्रिक गाड़ी खरीदना आसान, सस्ता और भरोसेमंद बना देगी।

नई Punch.ev की कीमत 9.69 लाख रुपये (एक्स-शोरूम, मुंबई) से शुरू होती है। इसे Smart, Adventure और Empowered जैसे तीन पर्सोना में उतारा गया है। BaaS (Battery-as-a-Service) विकल्प के तहत ग्राहक इसे 6.49 लाख रुपये की शुरुआती कीमत और 2.6 रुपये प्रति किलोमीटर बैटरी EMI पर भी ले सकेंगे। एक बार फुल चार्ज करने पर गाड़ी सामान्य ड्राइविंग कंडीशन में करीब 468 किलोमीटर तक चल सकती है। गाड़ी फास्ट चार्जिंग सपोर्ट करती है, जिससे कम समय में बैटरी काफी हद तक चार्ज हो जाती है।

नई Punch.ev में 40 kWh का बड़ा LFP बैटरी पैक दिया गया है, जो लगभग 355 किमी की रियल वर्ल्ड रेंज देता है। ARAI सर्टिफाइड रेंज 468 किमी तक है। फास्ट चार्जर से बैटरी 20% से 80% तक सिर्फ 26 मिनट में चार्ज हो जाती है। वहीं, मात्र 15 मिनट की चार्जिंग में करीब 135 किमी की रेंज मिल जाती है। सबसे बड़ा भरोसा कंपनी की लाइफटाइम HV बैटरी वारंटी है, जो पहले मालिक के लिए 15 साल तक अनलिमिटेड किलोमीटर कवर देती है (40 kWh वेरिएंट पर लागू)। घर पर चार्जिंग के लिए भी यह कार 3.3 kW और 7.2 kW वॉल बॉक्स सपोर्ट करती है।

TATA.ev का नेटवर्क देशभर के 1,500 शहरों में 2.3 लाख से ज्यादा चार्जिंग पॉइंट्स तक फैला है। 30,000 से ज्यादा पब्लिक चार्जर और 450+ सुपरफास्ट चार्जिंग पॉइंट्स 80 हाईवे पर मौजूद हैं। अब Punch.ev सिर्फ किफायती इलेक्ट्रिक कार नहीं, बल्कि 6 एयरबैग्स और 360° कैमरा जैसी खूबियों के साथ पूरी तरह फीचर-पैक्ड स्मार्ट SUV बन चुकी है।

TATA.ev की नई Punch.ev में तीन ड्राइव मोड्स—इको, सिटी और स्पोर्ट—में चलाया जा सकता है। पैडल शिफ्टर्स के जरिए चार रीजनरेटिव मोड्स कंट्रोल किए जा सकते हैं, जिससे ड्राइविंग के दौरान बैटरी रीचार्जिंग भी बेहतर तरीके से होती है। इसमें स्टैंडर्ड 6 एयरबैग्स, ईएसपी (इलेक्ट्रॉनिक स्टेबिलिटी प्रोग्राम), हिल स्टार्ट असिस्ट (HSA), एबीडी के साथ ईबीडी, आई-टीपीएमएस (टायर प्रेशर मॉनिटरिंग सिस्टम) और ऑल-व्हील डिस्क ब्रेक्स दिए गए हैं। पार्किंग सेंसर्स और 360-डिग्री कैमरा भी स्टैंडर्ड फीचर हैं, जिससे तंग जगहों पर पार्किंग आसान हो जाती है।

सेफ्टी और सेल्स में Mahindra–Tata का जलवा, Hyundai–Kia को डबल झटका

नई दिल्ली: अब इंडियन कारें सिर्फ बिक्री में ही नहीं बल्कि सुरक्षा में भी कोरिया में बनी कारों से आगे निकल गई हैं। लोग महिंद्रा और टाटा की कारें खरीद रहे हैं। इन कारों ने बच्चों और वयस्कों की सुरक्षा दोनों में टॉप रेटिंग हासिल कर रही हैं। भारतीय ब्रैंड अब सिर्फ ज्यादा बिकने वाली कारें नहीं, बल्कि भरोसेमंद और सुरक्षित कारें भी बना रहे हैं।

Bharat NCAP (New Car Assessment Program) के नवीनतम आंकड़ों के अनुसार टाटा और महिंद्रा की कई कारें बच्चों और बड़ों दोनों के लिए सबसे सुरक्षित साबित हुई हैं, जबकि Hyundai और Kia की तुलना में उनके पास पांच-सितारा मॉडल ज्यादा हैं। टाटा के 10 मॉडल्स और महिंद्रा के 5 मॉडल्स ने टॉप सुरक्षा रेटिंग पाई है। Kia का सिर्फ Syros मॉडल ही पांच-सितारा है, और Hyundai की वर्तमान कारें इस रेटिंग को पाने में सफल नहीं हुईं। महिंद्रा की Thar Roxx, XUV 3XO जैसी पारंपरिक इंजन वाली कारें और XUV400, BE6, XEV9e जैसी इलेक्ट्रिक कारें भी सुरक्षित साबित हुई हैं। टाटा के Altroz, Punch, Nexon, Curvv, Harrier, Safari और इनके इलेक्ट्रिक वर्ज़न भी फाइव स्टार सिक्युरिटी रेटिंग हासिल की हैं।

Hyundai और Kia ने अपनी ज्यादातर कारों में 6 एयरबैग और इलेक्ट्रॉनिक स्टेबिलिटी कंट्रोल स्टैंडर्ड रखा है। Hyundai तो इंडिया में पहली कंपनी थी जिसने सभी मॉडलों में छह एयरबैग देना शुरू किया। Maruti Suzuki के चार मॉडल—Dzire, Victoris, Invicto और e Vitara—पांच-सितारा सुरक्षा रेटिंग प्राप्त कर चुके हैं। Toyota की Innova Hycross और Skoda की Kylaq के पास एक-एक मॉडल ही शीर्ष रेटिंग रखते हैं।

अब सिर्फ सुरक्षा ही नहीं, बल्कि बिक्री में भी भारतीय कारें कोरिया की कारों से आगे हैं। महिंद्रा और टाटा ने मिलकर लगभग 28% बाजार हिस्सेदारी हासिल कर ली है, जबकि Hyundai और Kia की हिस्सेदारी घटकर लगभग 19% रह गई। अप्रैल–दिसंबर FY26 में महिंद्रा ने 4,76,476 और टाटा ने 4,46,017 कारें बेचीं, जबकि Hyundai और Kia ने क्रमशः 4,18,328 और 2,04,710 कारें बेचीं। विशेषज्ञों का कहना है कि SUV की बढ़ती मांग और सुरक्षा पर जोर देने के कारण लोग अब भारतीय ब्रांडों को ज्यादा पसंद कर रहे हैं। भारतीय कारें अब सुरक्षित, भरोसेमंद और खरीदारों की पहली पसंद बन गई हैं। यह बदलाव बाजार में बिक्री और सुरक्षा दोनों में साफ दिखाई दे रहा है।

20 फरवरी को INDIA आएगी Tata Punch EV Facelift, बढ़ेगा EV का क्रेज

नई दिल्ली: देश की अग्रणी ऑटोमोबाइल कंपनी Tata Motors एक बार फिर इलेक्ट्रिक सेगमेंट में हलचल मचाने जा रही है। कंपनी की माइक्रो इलेक्ट्रिक SUV Punch EV अब नए और अपडेटेड अवतार में बाजार में उतरने को तैयार है। Tata Motors अपनी सबसे छोटी इलेक्ट्रिक SUV Punch EV का फेसलिफ्ट वर्जन 20 फरवरी 2026 को लॉन्च करने की तैयारी में है।

Punch EV facelift का लुक पहले से ज्यादा मॉडर्न और आकर्षक होगा। सामने की ओर EV-स्पेसिफिक बंद ग्रिल, नए LED हेडलैंप और connected LED DRL दिए जा सकते हैं। पीछे की तरफ भी नए बंपर और अपडेटेड लाइटिंग एलिमेंट्स होंगे। Punch ICE facelift में जो connected LED टेललैंप दिए गए हैं, वही फीचर Punch EV में भी आने की संभावना है। नए डिजाइन के अलॉय व्हील्स गाड़ी को अलग पहचान देंगे, हालांकि इसके साइज और ओवरऑल शेप में कोई बड़ा बदलाव नहीं होगा।

Punch EV facelift में Tata Motors गाड़ी को पहले से ज्यादा प्रीमियम और आरामदायक बनाने की तैयारी में है। केबिन में एक बड़ा 12.3-इंच का टचस्क्रीन दिया जा सकता है, जिससे म्यूजिक, नेविगेशन और कार से जुड़ी सारी जानकारी आसानी से देखी और कंट्रोल की जा सकेगी। इसके साथ Harman Kardon का साउंड सिस्टम मिलने की उम्मीद है। म्यूजिक की क्वॉलिटी भी पहले से काफी बेहतर होगी। गाड़ी में सनरूफ मिल सकती है, जिससे केबिन ज्यादा खुला और लग्ज़री फील देगा। सीटों की क्वॉलिटी बेहतर की जा सकती है। डैशबोर्ड का डिजाइन नया और ज्यादा मॉडर्न होगा। 360-डिग्री कैमरा, वायरलेस मोबाइल चार्जिंग, हवादार (ventilated) आगे की सीटें, टच से चलने वाला AC कंट्रोल और कनेक्टेड कार टेक्नोलॉजी मिलेंगी।

अभी Punch EV दो बैटरी ऑप्शन में आती है। एक 25kWh बैटरी, जो एक बार चार्ज करने पर करीब 265 किमी चलने का दावा करती है। दूसरी बड़ी 35kWh बैटरी, जिसकी रेंज करीब 365 किमी बताई जाती है। फेसलिफ्ट मॉडल में ये दोनों ऑप्शन हो सकते हैं। Punch EV facelift के टॉप मॉडल में इससे भी बड़ी बैटरी दी जा सकती है, जिससे गाड़ी एक बार चार्ज करने पर और ज्यादा दूरी तय कर सके। Punch EV facelift की कीमत मौजूदा मॉडल से थोड़ी ज्यादा हो सकती है। अभी इसकी शुरुआती एक्स-शोरूम कीमत ₹9.99 लाख है, जबकि टॉप वेरिएंट ₹14.44 लाख तक जाता है।

Tata Sierra की बंपर एंट्री, SUV की बुकिंग एक लाख के पार

नई दिल्ली: Tata Motors की बहुप्रतीक्षित SUV Tata Sierra ने ने लॉन्चिंग के कुछ ही समय में 1 लाख से ज्यादा बुकिंग का आंकड़ा पार कर लिया है, जिसके बाद कंपनी ने अब मांग बढ़ाने की जगह प्रॉडक्शन उत्पादन बढ़ाने पर पूरा फोकस कर दिया है। नई SUV की बुकिंग शुरू होते ही आंकड़े तेजी से बढ़ते चले गए। अब तक सिएरा के लिए 1 लाख से अधिक बुकिंग हो चुकी हैं, जिससे यह साफ हो गया है कि बाजार में इसकी मांग बेहद मजबूत है।

Tata Motors Passenger Vehicles के एमडी और सीईओ शैलेश चंद्रा ने बताया कि सिएरा को पहले ही दिन करीब 70,000 बुकिंग मिल गई थीं और उसके बाद ऑर्डर लगातार आते रहे। उन्होंने साफ कहा कि अब असली चुनौती है इतनी बड़ी मांग को समय पर कैसे पूरा किया जाए।

हालांकि, उत्पादन बढ़ाना Tata के लिए आसान नहीं है। Sierra अभी फेज्ड रैम्प-अप के दौर से गुजर रही है। देशभर में सप्लायर लेवल पर दबाव बना हुआ है, खासकर कास्टिंग्स और कुछ पावरट्रेन पार्ट्स की उपलब्धता में दिक्कत आ रही है। इसी वजह से कंपनी धीरे-धीरे, महीने-दर-महीने प्रोडक्शन बढ़ा रही है और सप्लायर्स के साथ मिलकर अतिरिक्त क्षमता तैयार करने पर काम कर रही है।

Tata Motors की Sierra और Nexon दोनों एक ही फैक्ट्री में बनती हैं। Nexon पहले से ही बहुत ज़्यादा बिकने वाली SUV है, इसलिए फैक्ट्री की ज्यादातर क्षमता उसी में लगती है। अब जब सिएरा की मांग भी अचानक बहुत बढ़ गई है, तो कंपनी के सामने चुनौती है कि दोनों गाड़ियों को बिना किसी को नुकसान पहुंचाए सही मात्रा में कैसे बनाया जाए। अगर Sierra ज़्यादा बनाई जाएगी तो Nexon की सप्लाई प्रभावित हो सकती है।

अगर Nexon पर ज़्यादा फोकस रहा तो Sierra की डिलीवरी में देरी होगी। इसी संतुलन को बनाए रखने के लिए टाटा मोटर्स फैक्ट्री के काम करने के तरीके को बेहतर बना रही है। मशीनों की क्षमता बढ़ाई जा रही है। शिफ्ट्स को बेहतर तरीके से प्लान किया जा रहा है। पार्ट्स सप्लाई करने वाले वेंडर्स में भी निवेश किया जा रहा है। कंपनी का लक्ष्य मार्च 2026 तक सिएरा का उत्पादन 15,000 यूनिट प्रति माह तक पहुंचाने का है। अगर यह लक्ष्य हासिल होता है, तो सालाना आधार पर सिएरा की बिक्री 1.5 लाख यूनिट से ज्यादा हो सकती है।

फरवरी 2026 में Tata EV पर डिस्काउंट की बरसात, 3.8 लाख रुपये तक की बंपर छूट

नई दिल्ली: Tata Motors ने अपनी इलेक्ट्रिक कार रेंज पर फरवरी में जबरदस्त डिस्काउंट की घोषणा की है। कंपनी की नई इकाई Tata Passenger Electric Mobility Ltd (TPEML) के तहत Tata की लगभग सभी EVs पर छूट मिल रही है, जिसमें Tiago EV, Punch EV, Nexon EV, Harrier EV और Curvv EV शामिल हैं। इन छूटों का फायदा ₹30,000 से लेकर ₹3.8 लाख तक मिल सकता है, जो मॉडल और मैन्युफैक्चरिंग ईयर पर निर्भर करता है।

Tata Curvv EV पर सबसे ज्यादा डिस्कांउट मिल रहा है। फरवरी 2026 में Curvv EV पर 3.8 लाख रुपये तक का डिस्काउंट मिल रहा है। Creative 45 वेरिएंट को MY24 और MY25 मॉडल्स पर 3.3 लाख रुपये तक की छूट मिल रही है, जबकि बाकी वेरिएंट्स पर MY24 और MY25 में पूरे 3.8 लाख रुपये तक का फायदा दिया जा रहा है। MY26 Curvv EV पर भी 3.3 लाख रुपये तक की छूट मिल रही है।

Tata की सबसे सस्ती इलेक्ट्रिक कार Tiago EV भी अच्छे डिस्काउंट के साथ उपलब्ध है। MY24 और MY25 मॉडल्स पर 1.5 लाख रुपये तक की छूट मिल रही है, जबकि MY26 मॉडल पर 60,000 रुपये तक का डिस्काउंट दिया जा रहा है। यह छूट सभी वेरिएंट्स पर लागू है, जिससे शहर में चलाने के लिए Tiago EV और भी किफायती बन गई है।

MY24 और MY25 Punch EV पर 1.6 लाख रुपये तक, जबकि MY26 मॉडल पर 90,000 रुपये तक की छूट मिल रही है। Punch EV का फेसलिफ्ट 20 फरवरी 2026 को लॉन्च होने वाला है, ऐसे में मौजूदा मॉडल पर भारी डिस्काउंट दिया जा रहा है।
Nexon EV पर भी आकर्षक ऑफर मौजूद हैं। MY24 और MY25 Nexon EV पर 1.2 लाख रुपये तक, जबकि नए MY26 मॉडल पर सिर्फ 30,000 रुपये तक की छूट मिल रही है। यह छूट सभी वेरिएंट्स पर समान रूप से लागू है।

वहीं, Tata की फ्लैगशिप इलेक्ट्रिक SUV Harrier EV पर भी ₹1.5 लाख तक का डिस्काउंट दिया जा रहा है। Harrier EV ही एकमात्र MY26 मॉडल है, जिस पर लॉयल्टी बोनस भी मिल रहा है। यह छूट सभी वेरिएंट्स पर समान है।

222 किमी की स्पीड से भागी Tata Sierra, Hyperion इंजन का जलवा, बनाया रिकॉर्ड

नई दिल्ली: Tata Motors Passenger Vehicles (TMPV) की नई SUV Tata Sierra ने NATRAX, इंदौर में 12 घंटे की टेस्ट ड्राइव में Sierra ने 29.9 किलोमीटर प्रति लीटर (kmpl) का ईंधन दक्षता रिकॉर्ड बनाया और India Book of Records में जगह बनाई। इस रिकॉर्ड को Pixel Motion टीम ने हासिल किया, जिन्होंने 1.5L Hyperion-पावर्ड Sierra को 7:00 AM से 7:00 PM तक लगातार चलाया, सिर्फ ड्राइवर बदलने के लिए छोटा सा ब्रेक लिया गया। टेस्ट के दिन ही इस रिकॉर्ड को आधिकारिक रूप से मान्यता मिल गई।

कार ने इंदौर के नेट्रैक्स टेस्ट ट्रैक पर 30 नवंबर को हुए टेस्ट में 29.9kmpl का माइलेज हासिल किया, जो ईंधन की कम खपत के मामले में नया रिकॉर्ड है। हाइपरियन पेट्रोल इंजन वाली इस SUV ने लगभग 800 किमी की दूरी तय की। कार ने 222kmph की टॉप स्पीड भी हासिल की। Tata Sierra का टेस्ट इंदौर नेट्रैक्स ट्रैक पर 30 नवंबर को किया गया था। इसमें पिक्सल मोशन की टीम के प्रोफेशनल ड्राइवर्स ने कार को सुबह 7 से शाम 7 बजे तक लगातार 12 घंटे तक चलाया गया। हालांकि, ड्राइवर बदलने के लिए छोटे-छोटे ब्रेक लिए गए। एवरेज स्पीड 65-70kmph रखी गई। कुल दूरी करीब 800 किलोमीटर रही।

Sierra के दिल में 1.5L Hyperion पेट्रोल इंजन है जिसे परफॉर्मेंस या ड्राइविंग के आराम से कोई समझौता किए बिना ईंधन की अधिकतम दक्षता देने के लिए तैयार किया गया है। Sierra तीन इंजन ऑप्शन का साथ आती है। कार में जिस इंजन का टेस्ट किया, वह टाटा का नया डेवलप किया गया 1.5 लीटर का 4 सिलिंडर TGDi हाइपरियन टर्बो-पेट्रोल इंजन 160PS की पावर और 255Nm का टॉर्क जनरेट करता है। टेस्ट के दौरान कार ने 222kmph की टॉप स्पीड भी हासिल की, लेकिन ग्राहकों की सेफ्टी के लिए ये स्पीड 190kmph तक लिमिटेड होगी।

TMPV के महानिदेशक मोहन सावरकर ने कहा, “Sierra का सफर की शुरुआत में ही राष्ट्रीय दक्षता रिकॉर्ड बनाना गर्व की बात है। Hyperion इंजन प्लेटफॉर्म को पेट्रोल इंजन की सीमाओं को आगे बढ़ाने के लिए बनाया गया था। यह रिकॉर्ड नियंत्रित वातावरण में प्रशिक्षित ड्राइवरों द्वारा बनाया गया। TMPV ग्राहकों से आग्रह करता है कि वे ऐसा ड्राइविंग व्यवहार घर पर न दोहराएं। ग्राहक गाड़ियों की अधिकतम स्पीड 190 किमी/घंटा तक ही सुरक्षित है।