नवी मुंबई में Tesla Supercharger अब मॉल में: पहली बार Nexus Seawoods में खुला स्टेशन

नई दिल्ली: Tesla ने इंडिया में अपने चार्जिंग नेटवर्क को और मजबूत करते हुए नवी मुंबई में पांचवां सुपरचार्जर आउटलेट शुरू कर दिया है। यह नया स्टेशन Nexus Seawoods मॉल की अंडरग्राउंड पार्किंग में बनाया गया है, जो रणनीतिक रूप से मुंबई-पुणे रूट पर यात्रा करने वाले ग्राहकों के लिए बेहद अहम माना जा रहा है। यह लोकेशन नवी मुंबई इंटरनेशनल एयरपोर्ट से करीब 8 किमी और मुंबई इंटरनेशनल एयरपोर्ट से लगभग 30 किमी की दूरी पर है, जिससे यह EV यूजर्स के लिए एक सुविधाजनक चार्जिंग हब बनता है। यह भारत में Tesla का पहला मॉल के अंदर बना सुपरचार्जर स्टेशन है।

इस नए स्टेशन पर 4 DC फास्ट सुपरचार्जर और 4 डेस्टिनेशन (11kW AC) चार्जर लगाए गए हैं। Tesla के सुपरचार्जर की कीमत 24 प्रति यूनिट (kWh) रखी गई है, जबकि AC चार्जर के लिए ₹14 प्रति यूनिट चार्ज किया जाएगा। भारत में Tesla का नेटवर्क तेजी से विस्तार कर रहा है। इस नए आउटलेट के साथ कंपनी के पास अब देशभर में कुल 20 सुपरचार्जर और 14 डेस्टिनेशन चार्जर हो गए हैं। फिलहाल यह नेटवर्क मुंबई, दिल्ली और गुरुग्राम जैसे प्रमुख शहरों तक ही सीमित है।

Tesla ने संकेत दिए हैं कि आने वाले समय में वह बेंगलुरु, चेन्नई और चंडीगढ़ जैसे बड़े शहरों के बीच हाई-ट्रैफिक रूट्स पर भी सुपरचार्जर नेटवर्क बढ़ाने की योजना बना रही है। इंडिया में फिलहाल Tesla की लाइनअप में सिर्फ Tesla Model Y ही उपलब्ध है, जिसकी कीमत ₹59.89 लाख से ₹67.89 लाख (एक्स-शोरूम) के बीच है। इसमें 500 से 661 किमी तक की रेंज मिलती है। कंपनी अपने ग्राहकों को Full Self-Driving (FSD) फीचर भी ऑफर करती है, जिसकी कीमत करीब ₹6 लाख है।

हालांकि, यह फीचर इंडिया में तभी पूरी तरह काम करेगा जब यहां के नियम ऑटोनॉमस ड्राइविंग की अनुमति देंगे। फिलहाल Tesla के सभी चार्जर केवल Tesla कार मालिकों के लिए ही उपलब्ध हैं, यानी अन्य कंपनियों की EV इस नेटवर्क का इस्तेमाल नहीं कर सकतीं। कुल मिलाकर, नवी मुंबई में नया सुपरचार्जर लॉन्च Tesla की भारत में तेजी से बढ़ती मौजूदगी और EV इंफ्रास्ट्रक्चर को मजबूत करने की दिशा में बड़ा कदम माना जा रहा है।

Tesla का डबल धमाका: पेट्रोल-डीजल गाड़ी एक्सचेंज पर 3 लाख रुपये का बोनस, 49,000 नहीं, 29 हज़ार रुपये की EMI

नई दिल्ली: Tesla India के “Switch & Save Program” में पेट्रोल और डीज़ल कार चलाने वाले ग्राहकों को अपनी पुरानी गाड़ी के बदले सीधा ₹3 लाख का एक्सचेंज इंसेंटिव दिया जा रहा है। इंडियन कस्टमर्स के लिए अपनी नई और आकर्षक पहल “Tesla EV Switch & Save Program” लॉन्च की है।

इस स्कीम का सीधा मकसद लोगों को पेट्रोल और डीज़ल कारों की जगह इलेक्ट्रिक गाड़ियां खरीदने के लिए प्रेरित करना है। Tesla Model Y को ₹6,00,000 डाउन पेमेंट और ₹49,000 प्रति माह की अनुमानित EMI पर खरीदा जा सकता है। Tesla का दावा है कि Model Y चलाने वाले ग्राहक पेट्रोल या डीज़ल कार की तुलना में हर महीने करीब ₹20,000 तक की बचत कर सकते हैं। कंपनी कहती है कि Tesla Model Y की इफेक्टिव मंथली कॉस्ट करीब ₹29,000 तक आ सकती है। Tesla Model Y के साथ एक कॉम्प्लिमेंट्री होम वॉल चार्जर दिया जा रहा है, जिससे रनिंग कॉस्ट ₹1 प्रति किलोमीटर तक बताई जा रही है। इस चार्जर की कीमत ₹41,000 से ₹50,000 के बीच बताई जाती है।

जब आप अपनी पुरानी पेट्रोल या डीज़ल कार देकर Tesla Model Y खरीदते हैं, तो आपकी पुरानी गाड़ी की कीमत नई गाड़ी के दाम में एडजस्ट हो जाएगी। इसमें पहले आपकी कार की मार्केट वैल्यू तय की जाएगी। मान लीजिए आपकी पुरानी कार की कीमत एक्सचेंज में ₹5 लाख आंकी गई। इस वैल्यूएशन के ऊपर से Tesla आपको अतिरिक्त ₹3 लाख बोनस देगी।

मान लीजिए कि आपकी कार का 5 लाख रुपये (वैल्यूएशन) + 3 लाख रुपये (Tesla बोनस) = 8 लाख रुपये का फायदा होगा। 3 लाख रुपये आपकी कार की कीमत में घटाया नहीं जाएगा, बल्कि अलग से जोड़ा जाएगा। Tesla ने साफ किया है कि एक्सचेंज बोनस सिर्फ चुनिंदा पेट्रोल और डीज़ल कार मॉडल्स पर मिलेगा। Tesla ने इस ऑफर के लिए एक सख्त समयसीमा तय की है। आपकी Tesla Model Y की डिलीवरी 31 मार्च 2026 से पहले पूरी होनी चाहिए।

सिर्फ बुकिंग काफी नहीं है, डिलीवरी डेट ही निर्णायक होगी। अगर डिलीवरी इस तारीख के बाद होती है, तो ₹3 लाख का एक्सचेंज इंसेंटिव नहीं मिलेगा, चाहे बुकिंग पहले की गई हो। इंडिया में Tesla Model Y फिलहाल दो वेरिएंट में उपलब्ध है। Standard RWD की एक्स-शोरूम कीमत ₹59.9 लाख है । यह 0-100 km/h की रफ्तार 5.9 सेकंड में पकड़ लेती है। वहीं Long Range RWD वेरिएंट ₹67.89 लाख में आता है।

गुड़गांव में खुला Tesla का पहला ऑल-इन-वन सेंटर, एक ही छत के नीचे कार की खरीद, चार्जिंग और सर्विस

गुड़गांव: इलेक्ट्रिक मोबिलिटी की दुनिया में धमाका करते हुए Tesla ने इंडिया में अपना पहला ऑल-इन-वन Tesla Center गुड़गांव में खोला है।

यह सेंटर Orchid Business Park, Sector 48, Gurugram में स्थित है। यहां ग्राहक एक ही जगह पर कार खरीद, डिलिवरी, सर्विस और चार्जिंग, चारों सुविधाओं का लाभ उठा सकेंगे। Tesla Supercharging के साथ Model Y सिर्फ 15 मिनट में 275 किमी चलने लायक चार्ज हो सकती है। Tesla की चार्जिंग मशीनें लगभग हमेशा काम करने की स्थिति में रहती हैं। आपको चार्जिंग के लिए परेशान नहीं होना पड़ेगा। बस गाड़ी लगाइए, प्लग लगाइए और चार्जिंग अपने आप शुरू हो जाएगी। ना लंबी सेटिंग और ना बार-बार ऐप खोलने की जरूरत है, ना पेमेंट का झंझट ही है।

Model Y दुनिया की बेस्ट-सेलिंग कार (2023 और 2024) रही है और इसे सेफ्टी में 5-स्टार रेटिंग मिली है। इंडिया में Model Y की शुरुआती कीमत 59.89 लाख रुपये रखी गई है। घर पर चार्जिंग सपोर्ट के साथ Tesla भारत में EV मालिकाना अनुभव को आसान और भरोसेमंद बना रही है। Tesla इंडिया के जनरल मैनेजर Sharad Agarwal के मुताबिक कंपनी का मकसद भारत में टिकाऊ ऊर्जा की ओर बदलाव को और तेज करना है। यह नया सेंटर भारत में इलेक्ट्रिक कार को रोज़मर्रा की जिंदगी का हिस्सा बनाने की दिशा में एक बड़ा कदम है। Tesla का चार्जिंग नेटवर्क देश में तेजी से बढ़ेगा, ताकि ग्राहकों को भरोसेमंद चार्जिंग अनुभव मिले।

गुड़गांव के इस Tesla Center में ग्राहक कंपनी की लेटेस्ट टेक्नोलॉजी को करीब से देख सकेंगे, Model Y की टेस्ट ड्राइव कर सकेंगे, V4 Superchargers पर चार्ज कर सकेंगे और आफ्टर-सेल्स सपोर्ट भी पा सकेंगे। मुंबई और दिल्ली में Tesla का ह्यूमनॉइड रोबोट Optimus Gen 2 भी पेश किया जा रहा है, जो कंपनी की AI और रोबोटिक्स में प्रगति को दिखाता है। जुलाई में भारत में लॉन्च के बाद से Tesla ने मुंबई और दिल्ली में एक्सपीरियंस सेंटर्स और तीन चार्जिंग साइट्स शुरू की हैं। जल्द ही One Horizon, Gurugram देश में कुल 4 चार्जिंग स्टेशन हो जाएंगे, जिनमें 16 Superchargers और 10 Destination Chargers होंगे।

इलेक्ट्रिक SUV का सेफ्टी किंग : Tesla Model Y को Euro NCAP में 5 स्टार रेटिंग

नई दिल्ली: 2025 Tesla Model Y ने यूरोप की सबसे कड़ी और प्रतिष्ठित सेफ्टी टेस्टिंग एजेंसी Euro NCAP में जबरदस्त प्रदर्शन करते हुए 5-स्टार सेफ्टी रेटिंग हासिल कर ली है। इस इलेक्ट्रिक SUV ने 91% एडल्ट सेफ्टी, 93% चाइल्ड सेफ्टी, 86% वल्नरेबल रोड यूजर्स सेफ्टी और 92% सेफ्टी असिस्ट सिस्टम्स में स्कोर करके साबित कर दिया कि टेस्ला सेफ्टी के मामले में किसी से कम नहीं है।

Euro NCAP ने टेस्ट के लिए लेफ्ट-हैंड-ड्राइव Tesla Model Y AWD वर्ज़न इस्तेमाल किया, लेकिन इसकी 5-स्टार रेटिंग भारत में मिलने वाले राइट-हैंड-ड्राइव Model Y Long Range RWD और Performance AWD मॉडल पर भी लागू होती है। फ्रंटल ऑफसेट क्रैश में कार का बॉडी शेल बेहद मजबूत रहा और एडल्ट प्रोटेक्शन ‘गुड’ से ‘एडिक्वेट’ रेंज में मिली। साइड इम्पैक्ट टेस्ट में भी Model Y ने शानदार परफॉर्म किया, हालांकि साइड पोल टेस्ट में चेस्ट प्रोटेक्शन को ‘मार्जिनल’ रेटिंग मिली।

चाइल्ड ऑक्यूपेंट प्रोटेक्शन में Tesla Model Y ने तो कमाल ही कर दिया। 6 और 10 साल के डमी के साथ फ्रंटल और साइड दोनों ही क्रैश टेस्ट में पूरी बॉडी को “गुड” प्रोटेक्शन मिला और SUV ने 24/24 का परफेक्ट स्कोर हासिल किया। फ्रंट पैसेंजर एयरबैग को डिसेबल करने की सुविधा और क्लियर अलर्ट सिस्टम बच्चों की सुरक्षा को और बेहतर बनाता है। इसके अलावा कार में चाइल्ड प्रेज़ेंस डिटेक्शन सिस्टम भी है, जो अगर बच्चे को अंदर भूल जाएं तो तुरंत चेतावनी देता है।

पैदल यात्रियों और दोपहिया उपयोगकर्ताओं जैसी कमजोर सड़क श्रेणियों के लिए Model Y ने 86% स्कोर किया। कार का डिज़ाइन हेड और पैरों की सुरक्षा में अच्छा साबित हुआ, हालांकि विंडस्क्रीन पिलर्स के पास कुछ कमजोर ज़ोन मिले। ऑटोनॉमस इमरजेंसी ब्रेकिंग (AEB) सिस्टम ने पैदल यात्री, साइकिल सवार और यहां तक कि मोटरसाइकल सवारों को पहचानने में शानदार प्रदर्शन किया।
सेफ्टी असिस्ट टेक्नोलॉजी में Tesla Model Y ने 92% स्कोर हासिल किया।

इसका AEB सिस्टम अन्य वाहनों से टकराव रोकने में बेहद प्रभावी पाया गया। इसके साथ कार में फ्रंट और रियर सीटों के लिए सीटबेल्ट रिमाइंडर, ड्राइवर इनअटेंटिवनेस मॉनिटरिंग और कई रीयल-टाइम असिस्टिव फीचर्स स्टैंडर्ड मिलते हैं, जो Tesla की एक्टिव सेफ्टी टेक्नोलॉजी को और भी मजबूत बनाते हैं। Tesla Model Y ने Euro NCAP में अपनी दमदार बिल्ड क्वॉलिटी, स्मार्ट टेक्नोलॉजी और सेफ्टी-फर्स्ट डिज़ाइन के दम पर दिखा दिया कि सड़क पर सुरक्षा के मामले में यह EV सेगमेंट की सबसे भरोसेमंद SUV में से एक है।

इंडिया में Tesla की दस्तक, गुड़गांव में चमकी Model Y की बिजली

गुड़गांव: दुनिया की मशहूर इलेक्ट्रिक कार कंपनी Tesla ने आखिरकार इंडिया में कदम रख दिया है। दुनिया की सबसे चर्चित इलेक्ट्रिक कार कंपनी Tesla ने अपनी पहली पॉप-अप प्रदर्शनी गुड़गांव के एम्बियंस मॉल में लगाई। लोगों ने Tesla की Model Y को करीब से देखा। उसकी आधुनिक डिजाइन, शानदार इंटीरियर और बिजली से चलने वाली तकनीक ने हर किसी को हैरान कर दिया। यह सिर्फ एक कार नहीं, बल्कि बिना पेट्रोल-डीजल, बिना प्रदूषण, सिर्फ शुद्ध टेक्नोलॉजी से चलने वाले भविष्य की सवारी है।

एम्बिएंस मॉल, जो हमेशा नए और प्रीमियम ब्रांड्स के लिए जाना जाता है, एक बार फिर चर्चा में रहा कई अंतरराष्ट्रीय ब्रांड अपनी नई तकनीक या प्रोडक्ट यहीं लॉन्च करते हैं। मॉल के डायरेक्टर अर्जुन गहलोत ने कहा, “हमारा मकसद सिर्फ खरीदारी की जगह देना नहीं, बल्कि लोगों को नई तकनीक और दुनिया के नए अनुभवों से जोड़ना है। “Tesla की पहली प्रदर्शनी हमारे मॉल के लिए गर्व की बात है, क्योंकि यह दिखाता है कि भारत अब नई तकनीक, इलेक्ट्रिक गाड़ियों और आधुनिक सोच वाले भविष्य की ओर बढ़ रहा है।

कार्यक्रम के दौरान लोगों में जबरदस्त उत्साह देखा गया। कई लोग कार में झांककर उसके फीचर देख रहे थे, तो कुछ लोग सिर्फ Tesla के लोगो के साथ सेल्फी खींचते नजर आए। आने वाले सालों में Tesla और अन्य इलेक्ट्रिक वाहन ब्रांड भारतीय सड़कों पर तेजी से बढ़ेंगे।” एम्बियंस मॉल सिर्फ शॉपिंग की जगह नहीं है, बल्कि वह ऐसी नई और आधुनिक तकनीक लोगों तक पहुंचाने की जगह बन चुका है।