मार्च में Toyota कारों की बिक्री 4 लाख के पार, नए मॉडल्स ने बढ़ाई स्पीड

नई दिल्ली: Toyota Kirloskar Motor ने वित्त वर्ष 2025-26 में शानदार प्रदर्शन करते हुए कुल 4,06,081 यूनिट्स की बिक्री दर्ज की है, जो पिछले वित्त वर्ष 2024-25 के 3,37,148 यूनिट्स के मुकाबले 20 प्रतिशत अधिक है। कंपनी की यह मजबूत ग्रोथ बाजार में बढ़ते भरोसे और कस्टमर-फर्स्ट रणनीति का नतीजा मानी जा रही है। कंपनी ने वित्त वर्ष के आखिरी महीने मार्च 2026 में भी दमदार प्रदर्शन किया। इस दौरान 37,194 यूनिट्स की बिक्री हुई, जो मार्च 2025 के 30,043 यूनिट्स के मुकाबले 24 प्रतिशत ज्यादा है।

वित्त वर्ष 2025-26 में घरेलू बाजार में Toyota Kirloskar Motor की बिक्री 3,09,508 यूनिट्स से बढ़कर 3,67,107 यूनिट्स हो गई। 19 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई। एक्सपोर्ट में कंपनी ने और भी मजबूत प्रदर्शन किया, जहां बिक्री 27,640 यूनिट्स से बढ़कर 38,974 यूनिट्स हो गई, जो 41 प्रतिशत की बड़ी बढ़ोतरी है। मार्च में घरेलू बिक्री 28,373 यूनिट्स से बढ़कर 35,125 यूनिट्स हो गई, जबकि निर्यात 1,670 यूनिट्स से बढ़कर 2,069 यूनिट्स रहा। कुल मिलाकर मार्च में 24 प्रतिशत की मजबूत ग्रोथ दर्ज की गई।

कंपनी के सेल्स, सर्विस और यूज्ड कार बिजनेस के एग्जिक्यूटिव वाइस प्रेसिडेंट सबारी मनोहर के मुताबिक, इस वित्त वर्ष में कंपनी को SUV, MPV और कॉम्पैक्ट सेगमेंट में लगातार मजबूत मांग का फायदा मिला। कंपनी की इस सफलता के पीछे नए और अपडेटेड मॉडल्स जैसे Land Cruiser 300, GR-S ग्रेड, Legender MT, Innova Hycross लिमिटेड एडिशन, Fortuner Leader Edition, Camry Hybrid Sprint Edition, Hilux Black Edition और Urban Cruiser Taisor के नए रंग और वेरिएंट का योगदान है। Urban Cruiser Hyryder Aero Edition और इसके टेक पैकेज, 6-स्पीड ऑटोमैटिक ट्रांसमिशन और नए फीचर्स ने भी बिक्री को बढ़ाने में अहम भूमिका निभाई।

सेफ्टी के मोर्चे पर भी कंपनी ने बड़ा कदम उठाया है। नई Rumion में सभी वेरिएंट्स में 6 एयरबैग्स दिए गए हैं, वहीं Glanza, Urban Cruiser Taisor और Urban Cruiser Hyryder में भी 6 एयरबैग्स को स्टैंडर्ड किया गया है। साथ ही Innova Hycross को 5-स्टार भारत NCAP रेटिंग मिली है। ब्रैंड प्रमोशन के स्तर पर भी कंपनी ने नए प्रयोग किए हैं। Drum Tao के इंडिया टूर और Toyota एक्सपीरिएंशियल म्यूजियम जैसी पहल ने युवाओं के बीच ब्रैंड की पकड़ मजबूत की। Toyota Kirloskar Motor ने FY 2025-26 में मजबूत रणनीति, नए प्रोडक्ट्स और ग्राहकों के भरोसे के दम पर शानदार ग्रोथ दर्ज करते हुए ऑटो बाजार में अपनी स्थिति को और मजबूत किया।

थाईलैंड में 36 लाख में लॉन्च हुई Toyota Land Cruiser FJ, जल्द आएगी INDIA

नई दिल्ली: Toyota ने 2026 बैंकॉक मोटर शो में अपनी नई SUV Toyota Land Cruiser FJ को थाईलैंड में लॉन्च कर दिया है। यह SUV फिलहाल एक ही टॉप वेरिएंट (4WD) में उपलब्ध है और इसकी कीमत करीब 12,69,000 थाई बहत यानी लगभग ₹36.40 लाख रखी गई है। खास बात यह है कि यह Land Cruiser लाइनअप की सबसे किफायती SUV है, जिससे इसे ज्यादा ग्राहकों तक पहुंचाने की रणनीति साफ दिखती है।

नई Land Cruiser FJ को कंपनी ने IMV-0 प्लेटफॉर्म पर तैयार किया है, जो मजबूत लैडर-फ्रेम बॉडी के लिए जाना जाता है। यह SUV खराब रास्तों और ऑफ-रोडिंग के लिए काफी सक्षम होगी। डिजाइन की बात करें तो इसमें रेट्रो और मॉडर्न स्टाइल का शानदार मिश्रण देखने को मिलता है। बाहर से यह मजबूत, बॉक्सी और दमदार लुक देती है, जबकि अंदर फीचर-लोडेड और प्रीमियम इंटीरियर दिया गया है, जिससे यह रोजमर्रा के इस्तेमाल के साथ-साथ एडवेंचर के लिए भी फिट बैठती है।

इस SUV में 2.7-लीटर पेट्रोल इंजन दिया गया है, जो 160 bhp की पावर और 246 Nm का टॉर्क जनरेट करता है। इसके साथ 6-स्पीड ऑटोमैटिक गियरबॉक्स मिलता है। भले ही यह आंकड़े सेगमेंट में सबसे ज्यादा न हों, लेकिन Toyota के इंजन अपनी मजबूती और लंबी उम्र के लिए जाने जाते हैं, जिससे यह SUV भरोसे के मामले में मजबूत साबित होती है।

अगर इंडियन मार्केट की बात करें तो यहां इस SUV के लिए काफी अच्छा मौका नजर आता है। फिलहाल ₹20 लाख से ₹35 लाख के बीच Toyota के पास कोई सीधी SUV नहीं है। Toyota Fortuner की कीमत काफी ऊपर जा चुकी है, जबकि Toyota Innova Hycross एक MPV है और Toyota Hilux पिकअप सेगमेंट में आती है। ऐसे में Land Cruiser FJ इस गैप को भर सकती है और मिड-रेंज SUV सेगमेंट में मजबूत एंट्री कर सकती है।

इंडिया में लॉन्च होने पर इसका सीधा मुकाबला Mahindra Scorpio-N, Tata Safari, Jeep Compass और Hyundai Tucson जैसी SUVs से होगा। इन सभी में ज्यादातर मोनोकोक बॉडी मिलती है, जबकि Land Cruiser FJ एक ट्रेडिशनल लैडर-फ्रेम SUV है, जो इसे ऑफ-रोडिंग और मजबूती के मामले में अलग पहचान देती है। Land Cruiser FJ उन ग्राहकों के लिए एक बेहतरीन विकल्प बन सकती है जो Fortuner जैसी दमदार SUV का अनुभव कम कीमत में चाहते हैं। अगर Toyota इसे भारत में लॉन्च करती है, तो यह मिड-सेगमेंट SUV बाजार में बड़ा गेमचेंजर साबित हो सकती है।

Hyryder बनी और स्मार्ट: 29,499 रुपये में मिलेंगे सुपर प्रीमियम टेक फीचर्स

नई दिल्ली: ऑटो कंपनियां आजकल सिर्फ इंजन और माइलेज ही नहीं, बल्कि इन-केबिन एक्सपीरियंस को बेहतर बनाने पर भी जोर दे रही हैं। इसी कड़ी में Toyota Kirloskar Motor ने अपनी SUV Toyota Urban Cruiser Hyryder के लिए एक खास टेक पैकेज पेश किया है, जो ग्राहकों को ज्यादा आराम, सेफ्टी और स्मार्ट फीचर्स देगा। इस नए Tech Package की कीमत ₹29,499 रखी गई है। इसे किसी भी वेरिएंट में लगवाया जा सकता है। यानी अब बेस मॉडल लेने वाले ग्राहक भी अपनी गाड़ी को प्रीमियम फील दे सकते हैं।

इस नए Tech Package में तीन ऐसे फीचर्स दिए गए हैं, जो गाड़ी को पहले से ज्यादा प्रीमियम और स्मार्ट बना देते हैं। गाड़ी में हल्की-हल्की रंगीन लाइटिंग होती है, जिससे रात में केबिन का माहौल काफी शानदार और लग्जरी जैसा लगता है। दूसरा फीचर है Head-Up Display (HUD)। यह बहुत काम की चीज है। इसमें स्पीड, नेविगेशन जैसी जरूरी जानकारी सीधे आपकी आंखों के सामने (विंडशील्ड पर) दिखती है। इससे बार-बार नीचे देखने की जरूरत नहीं पड़ती और ड्राइविंग ज्यादा सुरक्षित हो जाती है। तीसरा है Dash Camera। यह कैमरा चलते समय पूरी ड्राइव रिकॉर्ड करता रहता है। अगर कोई हादसा या विवाद हो जाए, तो यह वीडियो सबूत के तौर पर काम आता है—यानी सेफ्टी बढ़ जाती है। आजकल शहरों में रहने वाले लोग ऐसी गाड़ियां चाहते हैं, जिनमें सिर्फ चलने की सुविधा ही नहीं, बल्कि टेक्नोलॉजी + कम्फर्ट + सेफ्टी तीनों का कॉम्बिनेशन मिले।

Toyota Urban Cruiser Hyryder पहले से ही काफी पॉपुलर है। 2022 में लॉन्च होने के बाद यह 2 लाख से ज्यादा यूनिट्स बिक चुकी है, जो दिखाता है कि लोगों को यह SUV काफी पसंद आ रही है। इसकी सबसे बड़ी ताकत है इसका हाइब्रिड सिस्टम। यह गाड़ी पेट्रोल और इलेक्ट्रिक दोनों का इस्तेमाल करती है। इसमें ज्यादा माइलेज मिलता है।पेट्रोल का खर्च कम होता है और कम प्रदूषण होता है। इसमें 1.5-लीटर पेट्रोल इंजन का ऑप्शन भी मिलता है, जिसमें मैनुअल और ऑटोमैटिक दोनों गियर और कुछ वेरिएंट में AWD है। यह SUV उन लोगों के लिए बढ़िया है जो कम खर्च, ज्यादा माइलेज, और नई टेक्नोलॉजी वाली गाड़ी चाहते हैं।

अब इस नए Tech Package से यह और भी स्मार्ट और प्रीमियम हो गई है। इसमें पहले से ही पैनोरमिक सनरूफ, वेंटिलेटेड सीट्स, 9-इंच टचस्क्रीन, वायरलेस कनेक्टिविटी, वायरलेस चार्जिंग और 360-डिग्री कैमरा जैसे प्रीमियम फीचर्स मिलते हैं। कंपनी इस SUV के साथ बेहतर ओनरशिप एक्सपीरियंस भी देती है। इसमें 3 साल/1 लाख किमी की वारंटी मिलती है, जिसे बढ़ाकर 5 साल तक किया जा सकता है। वहीं हाइब्रिड बैटरी पर 8 साल की वारंटी दी जा रही है।

2 लाख कारों की बिक्री का जश्न: Toyota Urban Cruiser Hyryder Month में ऑफर्स की बारिश

नई दिल्ली: कार बाजार में अपनी मजबूत पकड़ को और मजबूत करने के लिए Toyota Kirloskar Motor ने ‘Toyota Urban Cruiser Hyryder Month’ की शुरुआत की है। यह खास अभियान मार्च के अंत तक चलेगा। इसका मकसद ग्राहकों को कंपनी की मजबूत हाइब्रिड तकनीक से करीब से परिचित कराना है।

Hybrid SUV Toyota Urban Cruiser Hyryder की 2 लाख से ज्यादा यूनिट बिक्री पूरी होने के बाद खास अभियान ‘Hyryder Month’ की शुरुआत की है। करीब 10.94 लाख रुपये की शुरुआती कीमत वाली इस SUV पर इस अभियान के दौरान 1 लाख रुपये तक के फायदे और आसान फाइनेंस विकल्प दिए जा रहे हैं। यह प्रमोशनल कैंपेन उत्तर भारत के कई राज्यों, NCR, उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, राजस्थान, हरियाणा, पंजाब और जम्मू-कश्मीर में चलाया जा रहा है।

दरअसल Toyota Urban Cruiser Hyryder इंडिया में काफी लोकप्रिय SUV बन चुकी है। 2022 में लॉन्च हुई इस कार की शुरुआती कीमत करीब 10.94 लाख रुपये (एक्स-शोरूम) है। इस SUV की सबसे बड़ी खासियत इसका Self-Charging Strong Hybrid Electric सिस्टम है, जो 1.5-लीटर पेट्रोल इंजन के साथ काम करता है। इसमें e-drive ट्रांसमिशन दिया गया है। खास बात यह है कि यह कार लगभग 40% दूरी और करीब 60% समय तक केवल इलेक्ट्रिक पावर पर भी चल सकती है। इससे लगभग 27.97 किमी प्रति लीटर तक का माइलेज मिलता है। इसके अलावा SUV में Neo Drive सिस्टम भी दिया गया है।

Toyota Urban Cruiser Hyryder में 9-इंच टचस्क्रीन इंफोटेनमेंट सिस्टम, वायरलेस Apple CarPlay और Android Auto, वायरलेस चार्जिंग, पैडल शिफ्टर्स और 55 से ज्यादा कनेक्टेड फीचर्स दिए गए हैं। SUV में छह एयरबैग स्टैंडर्ड दिए गए हैं। इसके अलावा व्हीकल स्टेबिलिटी कंट्रोल, हिल होल्ड कंट्रोल, 360-डिग्री कैमरा, ऑल-व्हील डिस्क ब्रेक, ISOFIX चाइल्ड सीट माउंट और सीटबेल्ट प्रीटेंशनर जैसे फीचर भी मिलते हैं। ओनरशिप के मामले में भी कंपनी कई फायदे दे रही है। ग्राहकों को 3 साल या 1 लाख किमी की स्टैंडर्ड वारंटी मिलती है, जिसे बढ़ाकर 5 साल या 2.2 लाख किमी तक किया जा सकता है। इसके साथ 5 साल की रोडसाइड असिस्टेंस और हाइब्रिड बैटरी पर 8 साल या 1.6 लाख किमी की वारंटी भी दी जाती है।

9.55 लाख रुपये में Toyota Rumion E वेरिएंट लॉन्च, अब करीब 1 लाख रुपये सस्ती, कम कीमत में 7-सीटर का मजा

नई दिल्ली: 7-सीटर MPV खरीदने की इच्छा रखने वाले लोगों के लिए Toyota ने अपनी लोकप्रिय MPV Toyota Rumion का नया बेस वेरिएंट E ट्रिम लॉन्च कर दिया है। इसकी शुरुआती एक्स-शोरूम कीमत 9.55 लाख रुपये रखी गई है, जो पहले वेरिएंट से करीब 95 हजार रुपये तक सस्ती है। लोग कम बजट में भी बड़ी फैमिली के लिए 7 लोगों के बैठने वाली कार खरीद सकते हैं। इस तरह की कार में आमतौर पर तीन सीटों की कतार होती हैं। इसमें आगे ड्राइवर और एक यात्री, बीच में 3 लोग और पीछे 2 सोगों के बैठने की जगह होती है।

केबिन में तीनों पंक्तियों (तीनों सीट रो) में एडजस्टेबल हेडरेस्ट दिए गए हैं। यात्री अपनी गर्दन के हिसाब से हेडरेस्ट ऊपर-नीचे कर सकते हैं ताकि सफर में आराम मिले। कार के अंदर लाइटिंग सिस्टम है, जो रात में बैठने या सामान देखने में काम आती है। कार के अंदर दो रंगों का डिजाइन दिया गया है, जिससे केबिन ज्यादा अच्छा और प्रीमियम दिखता है। कार में मैनुअल AC दिया गया है, जिससे ड्राइवर अपने हाथ से एसी की स्पीड और ठंडक कंट्रोल कर सकता है। पानी या चाय-कॉफी के कप रखने की जगह दी गई है। 12V सॉकेट मोबाइल चार्जर या दूसरे छोटे इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस लगाने के काम आता है।

कार के इस वेरिएंट में छह एयरबैग दिए गए हैं, जो टक्कर होने पर खुलकर ड्राइवर और यात्रियों को चोट से बचाने में मदद करते हैं। ESP कार को फिसलने या नियंत्रण खोने से बचाने में मदद करता है। हिल होल्ड असिस्ट ढलान पर कार को पीछे लुढ़कने से रोकता है। ABS के साथ EBD और ब्रेक असिस्ट अचानक ब्रेक लगाने पर कार को बेहतर तरीके से कंट्रोल करने में मदद करते हैं। रियर पार्किंग सेंसर पीछे गाड़ी लगाते समय अलर्ट देकर टक्कर से बचाते हैं, जबकि सेंट्रल लॉकिंग से एक बटन दबाते ही सभी दरवाजे लॉक हो जाते हैं।

इंजन इमोबिलाइजर कार को चोरी से बचाने में मदद करता है। बिना सही चाबी के इंजन स्टार्ट नहीं होता। सीट बेल्ट रिमाइंडर सीट बेल्ट लगाने की याद दिलाता है। हाई-स्पीड अलर्ट तेज गति होने पर चेतावनी देता है और स्पीड सेंसिंग ऑटो डोर लॉक में गाड़ी चलने के बाद दरवाजे अपने आप लॉक हो जाते हैं। Rumion E वेरिएंट उन लोगों के लिए बनाया गया है जो कम कीमत में बड़ी 7-सीटर कार लेना चाहते हैं और ज्यादा प्रीमियम फीचर्स की जरूरत महसूस नहीं करते।

फरवरी 2026 में Toyota का मेगा सेल्स ब्लास्ट · 34034 गाड़ियां बिकीं, रफ्तार बरकरार

नई दिल्ली: फरवरी 2026 में ऑटो बाजार में Toyota Kirloskar Motor (TKM) ने जोरदार प्रदर्शन करते हुए बिक्री का नया मुकाम छू लिया। कंपनी ने सिर्फ एक महीने में 34,034 गाड़ियों की बिक्री दर्ज की, जो पिछले साल फरवरी 2025 के 28,414 यूनिट के मुकाबले 20% ज्यादा है। यह सिर्फ आंकड़ों की बढ़ोतरी नहीं, बल्कि बाजार में Toyota की मजबूत पकड़ और ग्राहकों के बढ़ते भरोसे का साफ संकेत है।

घरेलू बाजार के साथ-साथ निर्यात में भी जबरदस्त उछाल देखने को मिला। घरेलू बाजार में फरवरी 2026 में कंपनी ने भारत में 30,737 गाड़ियां बेचीं, जबकि फरवरी 2025 में यह आंकड़ा 26,414 यूनिट था। घरेलू बिक्री में 16% की वृद्धि दर्ज की गई। वहीं फरवरी 2026 में 3,297 गाड़ियों का निर्यात हुआ, जो पिछले साल के 2,000 यूनिट के मुकाबले 65% ज्यादा है। विदेशी बाजारों में भी Toyota की गाड़ियों की मांग तेजी से बढ़ रही है।

साल 2026 की शुरुआत भी कंपनी के लिए सकारात्मक रही है। जनवरी और फरवरी 2026 को मिलाकर कंपनी ने कुल 67,914 गाड़ियां बेचीं, जो पिछले साल इसी अवधि के 57,785 यूनिट से 18% ज्यादा है। घरेलू बाजार में इस दौरान 61,367 यूनिट की बिक्री हुई, जो 17% की बढ़त दर्शाती है। वहीं निर्यात 6,547 यूनिट रहा, जो 26% ज्यादा है।

कंपनी के सेल्स, सर्विस और यूज्ड कार बिजनेस के एग्जीक्यूटिव वाइस प्रेसिडेंट, सबरी मनोहर के अनुसार, यह प्रदर्शन ग्राहकों के भरोसे और Toyota की क्वालिटी व भरोसेमंद ब्रांड इमेज का नतीजा है। कंपनी के पूरे प्रोडक्ट पोर्टफोलियो में स्थिर मांग बनी हुई है। खासतौर पर हाल ही में लॉन्च किए गए Urban Cruiser Hyryder के Tech Package को ग्राहकों से अच्छा रिस्पॉन्स मिला है, जिसमें बेहतर कम्फर्ट और एडवांस फीचर्स दिए गए हैं। फरवरी 2026 Toyota Kirloskar Motor के लिए मजबूती का महीना साबित हुआ है। घरेलू बाजार में स्थिर ग्रोथ और निर्यात में तेज उछाल यह संकेत देते हैं कि कंपनी 2026 में भी अपनी रफ्तार बनाए रखने की पूरी तैयारी में है।

10 फरवरी को धमाका: Toyota की नई फैमिली SUV में दिखी Land Cruiser की शान

नई दिल्ली: Japanese ऑटो कंपनी Toyota 10 फरवरी 2026 को अपनी नई तीन-रो SUV का ग्लोबल डेब्यू करने जा रही है। इसका प्रीमियम इंटीरियर और Land Cruiser जैसी टेक्नोलॉजी पहले ही चर्चा में है। Japanese ऑटो कंपनी Toyota ने अपनी अपकमिंग तीन-रो SUV की पहली झलक दिखा दी है और इसका ग्लोबल डेब्यू 10 फरवरी 2026 को होने जा रहा है। कंपनी ने इस बार गाड़ी के इंटीरियर की तस्वीर जारी की है, जो सीधे तीसरी पंक्ति से ली गई है। इससे साफ हो गया है कि यह SUV तीन रो वाली होगी और बड़े परिवारों को ध्यान में रखकर तैयार की गई है।

SUV में प्रीमियम और मॉडर्न लुक दिया गया है। इसमें चौड़ा और लेयर्ड डैशबोर्ड, फ्लोटिंग स्टाइल का सेंटर कंसोल और डिजिटल इंस्ट्रूमेंट क्लस्टर नजर आ रहा है। स्टीयरिंग व्हील मल्टी-फंक्शनल होगा ड्राइवर को कई कंट्रोल उसी पर मिलेंगे। अगर यह मॉडल भारत आता है तो इसे 6 और 7 सीटर ऑप्शन में पेश किया जा सकता है। हालांकि तस्वीरों से संकेत मिलता है कि यह मुख्य रूप से 6-सीटर लेआउट में आएगी, जिसमें दूसरी पंक्ति में कैप्टन सीट्स मिलेंगी।

सुविधाओं की बात करें तो इसमें तीन-जोन ऑटोमैटिक क्लाइमेट कंट्रोल दिया जा सकता है, जिससे हर रो के यात्रियों को अलग तापमान सेट करने की सुविधा मिलेगी। सबसे खास फीचर पैनोरमिक सनरूफ है, जो तीसरी पंक्ति तक फैला हुआ दिख रहा है। इससे केबिन ज्यादा खुला और रोशनी से भरपूर लगेगा। इसके अलावा दरवाजों और डैशबोर्ड पर एम्बिएंट लाइटिंग स्ट्रिप्स भी दी गई हैं, जो रात में केबिन को लग्जरी फील देंगी। इस SUV में कंपनी ने अपने फ्लैगशिप मॉडल Land Cruiser LC300 से कुछ डिजाइन और टेक्नोलॉजी एलिमेंट लिए हैं। इंफोटेनमेंट सिस्टम, डिजिटल डिस्प्ले और स्टीयरिंग डिजाइन काफी हद तक उसी से प्रेरित लगते हैं।

एक्सटीरियर की पहले जारी झलक में कनेक्टेड LED टेललाइट, चौड़ी और बॉक्सी SUV स्टाइल, रूफ रेल्स और शार्क फिन एंटीना दिखे थे। पीछे की तरफ चौड़ा लुक इसे दमदार रोड प्रजेंस देता है। फिलहाल कंपनी ने यह साफ नहीं किया है कि यह बिल्कुल नया मॉडल है, किसी मौजूदा SUV का फेसलिफ्ट है या फिर नई जेनरेशन। साइज और लेआउट को देखते हुए इसे मिड-साइज या फुल-साइज SUV सेगमेंट में रखा जा सकता है।

Toyota Hyryder के दाम बढ़े, 42,700 रुपये तक महंगी हुई SUV

नई दिल्ली: Toyota की लोकप्रिय मिड-साइज SUV Urban Cruiser Hyryder के दामों में बढोतरी की गई है। कंपनी ने Hyryder के अलग-अलग वेरिएंट्स की कीमतों में इजाफा कर दिया है। इस SUV के दाम ₹4,700 से लेकर ₹42,700 तक बढ़ाए गए हैं, जिसमें सबसे ज्यादा असर स्ट्रॉन्ग-हाइब्रिड वेरिएंट्स पर पड़ा है। हालांकि, पेट्रोल के एंट्री-लेवल मॉडल्स पर महंगाई का असर काफी सीमित रखा गया है।

अगर पेट्रोल रेंज की बात करें तो Hyryder के E, S और G मैनुअल वेरिएंट्स सबसे कम प्रभावित हुए हैं। इनकी कीमतों में सिर्फ ₹4,700 तक की बढ़ोतरी की गई है। यही वजह है कि ये वेरिएंट्स अब भी Hyryder लाइनअप के सबसे किफायती विकल्प बने हुए हैं और बजट में SUV चाहने वालों के लिए राहत की खबर हैं। Hyryder के G (O) और V वेरिएंट्स, जो मैनुअल और ऑटोमैटिक दोनों गियरबॉक्स में आते हैं, अब ₹31,100 तक महंगे हो गए हैं। जिन ग्राहकों को ऑल-व्हील-ड्राइव (AWD) सिस्टम पसंद है, उन्हें ज्यादा जेब ढीली करनी होगी, क्योंकि AWD वेरिएंट की कीमतों में ₹39,100 तक की बढ़ोतरी की गई है।

सबसे बड़ा झटका Hyryder के स्ट्रॉन्ग-हाइब्रिड V वेरिएंट को लगा है। इसकी कीमत में ₹42,700 तक का इजाफा हुआ है, जो इस बार की कीमत बढ़ोतरी में सबसे ज्यादा है।नई कीमतों के बाद Toyota Hyryder की शुरुआती एक्स-शोरूम कीमत ₹10.99 लाख हो गई है, जबकि इसका टॉप वेरिएंट अब ₹20.19 लाख एक्स-शोरूम तक पहुंच गया है। Hyryder अब भी पेट्रोल मैनुअल, पेट्रोल ऑटोमैटिक, CNG, AWD और स्ट्रॉन्ग-हाइब्रिड जैसे कई पावरट्रेन विकल्पों में उपलब्ध है, जो इसे सेगमेंट में खास बनाते हैं।

गौर करने वाली बात यह भी है कि पिछले महीने Toyota ने Hyryder के लिए ₹29,499 का Tech Package भी पेश किया था। यह डीलर-लेवल एक्सेसरी पैक है, जिसमें हेड्स-अप डिस्प्ले, डैश कैमरा और एंबिएंट लाइटिंग जैसे फीचर्स मिलते हैं और इसे किसी भी वेरिएंट के साथ लिया जा सकता है। कुल मिलाकर, Hyryder अब पहले से महंगी जरूर हो गई है, लेकिन फीचर्स और विकल्पों के मामले में इसकी ताकत बरकरार है।

Toyota Urban Cruiser Ebella EV की इंडिया में पहली झलक, एक चार्ज में चलेगी 543 किमी

मुंबई: Toyota ने इंडिया में अपनी पहली इलेक्ट्रिक SUV, Urban Cruiser Ebella, पेश कर दी है। इस गाड़ी का डिजाइन और प्लेटफॉर्म Maruti e Vitara जैसा है, लेकिन Toyota की ब्रांडिंग और स्टाइल के साथ इसे पेश किया गया है। यह मिडसाइज इलेक्ट्रिक SUV सेगमेंट में आती है।

Toyota का दावा है कि एक चार्ज में यह 543 किलोमीटर तक चल सकती है। बैटरी और पावर के मामले में दो विकल्प हैं। यह 49kWh बैटरी के साथ 144hp और 189Nm टॉर्क समेत मिलती है। वहीं 61kWh बैटरी के साथ 174hp और 189Nm टॉर्क के साथ इसे खरीदा जा सकता है। बड़ी बैटरी वाला वेरिएंट लंबी दूरी तय करने में सक्षम है, जबकि छोटी बैटरी वाला वेरिएंट शहर में इस्तेमाल के लिए बढ़िया है।

Toyota Urban Cruiser Ebella EV देखने में Maruti e Vitara जैसी है, लेकिन इसमें स्लिम LED DRLs, त्रिकोणीय हेडलाइट्स, स्मूथ फ्रंट बम्पर और चारों तरफ बॉडी क्लैडिंग जैसे कुछ स्टाइलिश डिजाइन फीचर है। यह 5 मोनोटोन रंगों में Café White, Bluish Black, Gaming Grey, Sporting Red Enticing Silver में आती है। ये चार डुअल-टोन रंगों में पेश की गई है, जिसमें गाड़ी का मुख्य बॉडी एक रंग में और रूफ काला (ब्लैक) होगा। इसमें Café White + ब्लैक रूफ, Land Breeze Green + ब्लैक रूफ, Sportin Red + ब्लैक रूफ Enticing Silver + ब्लैक रूफ शामिल है।

Toyota Urban Cruiser Ebella EV के इंटीरियर में 10.1-इंच डिजिटल ड्राइवर डिस्प्ले, 10.25-इंच टचस्क्रीन, वायरलेस Apple CarPlay और Android Auto, वेंटिलेटेड फ्रंट सीट्स, 12-कलर एम्बिएंट लाइटिंग और JBL साउंड सिस्टम है। सभी वेरिएंट्स में 7 एयरबैग्स और चारों पहियों पर डिस्क ब्रेक्स स्टैंडर्ड हैं। टॉप वेरिएंट में Level 2 ADAS (लेन कीप असिस्ट और एडैप्टिव क्रूज़ कंट्रोल), 360° कैमरा, फ्रंट पार्किंग सेंसर, और इलेक्ट्रॉनिक पार्किंग ब्रेक (Auto-Hold) मिलेगा।

Toyota Urban Cruiser Ebella EV के साथ ग्राहक को भरोसेमंद सपोर्ट भी मिलेगा। कंपनी 500+ EV-फ्रेंडली सर्विस सेंटर दे रही है। अगर गाड़ी में कोई समस्या आए तो आसानी से सर्विस करवा सकते हैं। बैटरी पर 8 साल की वारंटी और Battery as a Service (BaaS) प्रोग्राम है, जिससे बैटरी रेंट पर ली जा सकती है और जरूरत पड़ने पर बदलवाई जा सकती है। इसकी कीमत 19.06 लाख से 24.42 लाख (ऑन रोड) है।

दिसंबर 2025 में Toyota का बड़ा धमाका, 30,000 से 1 लाख रुपये तक बंपर डिस्काउंट

नई दिल्ली: Toyota Kirloskar Motor ने दिसंबर 2025 में देशभर में बंपर डिस्काउंट ऑफर्स शुरू किए हैं। कंपनी के डीलरशिप्स पर इस समय कई पॉपुलर मॉडल्स पर कुल 30,000 रुपये से लेकर 80,000 रुपये तक की बचत का मौका दिया जा रहा है। ये ऑफर्स स्टॉक, वेरिएंट और शहर के हिसाब से अलग-अलग हो सकते हैं।

Toyota के पिकअप ट्रक हिलक्स पर दिसंबर 2025 में ग्राहकों को 1 लाख रुपये का ईयरएंड डिस्काउंट मिलेगा। इसकी शुरुआती एक्स-शोरूम कीमत 28,02,400 रुपए है। टोयोटा की डिस्काउंट स्कीम सभी मॉडलों पर लागू नहीं है। Glanza, Taisor, Rumion, Hyryder और Camry जैसे मॉडल्स पर दिसंबर के महीने में अच्छी-खासी छूट मिल रही है। Toyota Glanza के पेट्रोल वेरिएंट पर ग्राहकों को 40,000 रुपये तक का कैश डिस्काउंट और 40,000 रुपये तक का एक्सचेंज बोनस मिल रहा है। Toyota Glanza की कीमत 6.39 लाख रुपये से 9.13 लाख रुपये (एक्स-शोरूम) के बीच है।

Toyota Taisor के टर्बो पेट्रोल वेरिएंट पर 12,500 रुपये का कैश बेनिफिट और 10,000 रुपये का एक्सचेंज ऑफर दिया जा रहा है, जबकि नॉन-टर्बो वेरिएंट पर ग्राहकों को 20,000 रुपये तक का एक्सचेंज बोनस मिल सकता है। Toyota Taisor की एक्स-शोरूम कीमत 7.21 लाख रुपये से 12.06 लाख रुपये के बीच है। Toyota Rumion दिसंबर 2025 में कुल 30,000 रुपये तक के फायदे के साथ उपलब्ध है। Toyota Rumion की कीमत 10.44 लाख रुपये से 13.61 लाख रुपये (एक्स-शोरूम) के बीच रखी गई है।

Toyota Hyryder Smart Hybrid के E वेरिएंट पर 40,000 रुपये का कैश बेनिफिट और 15,000 रुपये का एक्सचेंज बोनस मिल रहा है। S वेरिएंट पर 15,000 रुपये का कैश डिस्काउंट और 20,000 रुपये का एक्सचेंज ऑफर दिया जा रहा है। Hyryder Signature Edition पर 26,000 रुपये का कैश बेनिफिट, 40,000 रुपये का एक्सचेंज ऑफर और 5 साल की वारंटी दी जा रही है। Toyota Hyryder की कीमत 10.95 लाख रुपये से 19.76 लाख रुपये (एक्स-शोरूम) के बीच है।

Toyota Camry हाइब्रिड लग्जरी सेडान पर ग्राहकों को 50,000 रुपये का एक्सचेंज बोनस मिल रहा है, Toyota Camry की भारतीय बाजार में एक्स-शोरूम कीमत 47.48 लाख रुपये है।दिसंबर में ईयर-एंड क्लियरेंस डिस्काउंट स्कीम Glanza और Taisor जैसे किफायती मॉडल्स से लेकर Hyryder और Camry जैसे प्रीमियम विकल्पों तक को ज्यादा आकर्षक बना रही है।