नई दिल्ली: इलेक्ट्रिक वाहन (EV) सेगमेंट में तेजी से कदम बढ़ा रही VinFast India ने साल 2026 के लिए बड़ा प्लान तैयार कर लिया है। कंपनी इस साल भारत में तीन नए इलेक्ट्रिक मॉडल लॉन्च करने के साथ-साथ अपने शोरूम नेटवर्क को लगभग दोगुना करने जा रही है। अभी VinFast के भारत में करीब 35 शोरूम हैं। 2026 तक कंपनी इन्हें बढ़ाकर 75 शोरूम करना चाहती है।
2026 में VinFast तीन नई EVs लॉन्च करने की तैयारी में है। सबसे पहले कंपनी ने 7-सीटर इलेक्ट्रिक MPV लॉन्च करेगी। इसके बाद अलग-अलग सेगमेंट की जरूरतों के हिसाब से मॉडल लॉन्च करेगी। कंपनी का ध्यान सिर्फ स्पेसिफिकेशन पर नहीं, बल्कि भारतीय सड़कों, रोज़मर्रा का इस्तेमाल और बिजली की कम खपत और खर्च पर है। VinFast इंडिया के CEO तपन घोष ने कहा कि कंपनी ऐसी EV तैयार कर रही है, जो भारतीय सड़कों की हालत, ट्रैफिक, मौसम, लंबी ड्राइव और रोज़मर्रा के इस्तेमाल में भी भरोसेमंद साबित हो।
कंपनी ने 7-सीटर इलेक्ट्रिक MPV परिवारों, टैक्सी ऑपरेटर्स और फ्लीट कारोबार, तीनों को एक साथ ध्यान में रखकर तैयार की है। यह गाड़ी स्कूल-ऑफिस चलाने से लेकर कमर्शियल इस्तेमाल तक, हर जरूरत में फिट बैठने वाली होगी। आगे आने वाले नए मॉडल अलग-अलग बजट और जरूरतों को पूरा करेंगे। अब तक कंपनी भारतीय बाजार में VF 6 और VF 7 इलेक्ट्रिक SUVs उतार चुकी है।
अभी VinFast की मौजूदगी मुख्य रूप से मेट्रो, टियर-1 और टियर-2 शहरों में है, लेकिन आगे चलकर कंपनी टियर-3 और टियर-4 शहरों में भी अपनी पहुंच बढ़ाएगी।
VinFast, Vingroup के ग्रीन मोबिलिटी इकोसिस्टम के साथ मिलकर चार्जिंग इंफ्रास्ट्रक्चर और ऑल-इलेक्ट्रिक राइड-हेलिंग सॉल्यूशंस भी इंडिया में लाने की तैयारी कर रही है। कंपनी का मानना है कि जब लोग EVs को रोज़मर्रा की जिंदगी में चलते हुए देखेंगे, तो उनका भरोसा बढ़ेगा और EV अपनाने की झिझक अपने आप कम होगी।
