नई दिल्ली: India Yamaha Motor ने इंडिया में अपनी बेहद पॉपुलर और स्टाइलिश मोटरसाइकल XSR155 को एक नए और शानदार मेटैलिक ब्लैक (Metallic Black) कलर में लॉन्च किया है। इस नए रंग के साथ यह बाइक पहले से ज्यादा स्पोर्टी और प्रीमियम नजर आ रही है। दिल्ली में इसकी एक्स-शोरूम कीमत 1,58,990 रुपये रखी गई है। 2 मार्च 2026 को चेन्नई, तमिलनाडु से कंपनी ने इसकी आधिकारिक घोषणा की।यह नया रंग अब पहले से मौजूद मेटैलिक ब्लू, विविड रेड और ग्रे जैसे रंगों के साथ उपलब्ध होगा।
Yamaha XSR155 एक नियो-रेट्रो बाइक है। इसमें गोल हेडलाइट और मस्कुलर फ्यूल टैंक दिया गया है। इसका नया मेटैलिक ब्लैक कलर पूरी तरह से ब्लैक कलर की बॉडी के साथ आता है, जिसे इसके सुनहरे (गोल्ड) रंग के अपसाइड-डाउन फ्रंट फोर्क्स (सस्पेंस) और भी खूबसूरत बनाते हैं। इसमें वही भरोसेमंद 155cc का लिक्विड-कूल्ड इंजन दिया गया है। यह इंजन 18.4 PS की पावर और 14.2 Nm का टॉर्क जनरेट करता है। इसमें 6-स्पीड गियरबॉक्स दिया गया है, जो असिस्ट और स्लिपर क्लच के साथ आता है। इससे गियर बदलना आसान और सुरक्षित हो जाता है। बाइक में यामहा की मशहूर वेरिएबल वॉल्व एक्चुएशन (VVA) टेक्नोलॉजी दी गई है, जो कम और ज्यादा रफ्तार, दोनों पर बाइक को बेहतरीन ताकत देती है।
Metallic Black XSR155 की लॉन्चिंग कंपनी की “राइडर-फर्स्ट” सोच को और मजबूत करने वाला कदम है। इससे Yamaha ने इंडिया में अपनी प्रीमियम और परफॉर्मेंस-ओरिएंटेड छवि को और मजबूत किया है। XSR155 को पिछले साल नवंबर में “मॉडर्न रेट्रो स्पोर्ट” मॉडल के तौर पर लॉन्च किया गया था। लॉन्च के बाद से ही इसे देशभर के राइडर्स का जबरदस्त रिस्पॉन्स मिला। XSR155 उन बाइक प्रेमियों के लिए है जो अलग दिखना चाहते हैं, स्टाइल से समझौता नहीं करना चाहते और साथ ही दमदार राइडिंग एक्सपीरियंस भी चाहते हैं।
