EV की रफ्तार पर सवार इंडिया, 84% लोगों की पहली पसंद

नई दिल्ली: इंडिया में इलेक्ट्रिक व्हीकल का क्रेज़ दिन पर दिन बढ़ता जा रहा है। TATA.ev की नई India Charging Report 2025 के अनुसार EV अब देश के 65% हिस्सों तक पहुंच चुकी है। देश के ज़्यादातर इलाकों में इलेक्ट्रिक गाड़ियां मिल रही हैं, सिर्फ़ बड़े शहरों तक सीमित नहीं हैं। 84% लोगों की पहली पसंद ईवी हैं। ये लोग पेट्रोल/डीज़ल गाड़ी की तरह ही EV को रोज़मर्रा के कामों के लिए चला रहे हैं। हर EV महीने में 1,600 किमी चलती है और 27 दिन सड़कों पर दौड़ती है। 95% से ज़्यादा सड़कें EV-फ्रेंडली हो चुकी हैं, और आधे से ज़्यादा EV मालिक इससे 500 किमी से भी लंबी दूरी की यात्रा कर चुके हैं।

इंडिया का चार्जिंग नेटवर्क अब पहले से चार गुना बड़ा हो गया है। अब देश में 24,000 पब्लिक चार्जर्स हैं। नैशनल हाइवे के 91% हिस्से में हर 50 किमी पर चार्जिंग पॉइंट मिल है। 13 राज्य/केंद्र शासित प्रदेशों में तो 100% जगह पर चार्जिंग पॉइंट है। मतलब कहीं भी रुकने की टेंशन नहीं। TATA.ev टेक्नोलॉजी का भी खूब इस्तेमाल कर रही है। GPS और स्पेशल मैपिंग से पता लगाया जाता है कि कहां चार्जिंग की कमी है, और वहीं नए चार्जर्स लगाए जाते हैं। कमाई के मामले में भी टॉप 25% चार्जर्स तो मुनाफे में हैं। 35% EV मालिक महीने में कम से कम एक बार फास्ट चार्जिंग करवाते हैं। सिर्फ 15 महीने में पार्टनरशिप से 18,000 नए चार्जर्स जुड़ चुके हैं। लेकिन सबकुछ परफेक्ट नहीं है। करीब आधे पब्लिक चार्जर्स ठीक से काम नहीं करते। चार्जर की तलाश करने और पेमेंट करने का सिस्टम अभी भी थोड़ा गड़बड़ है।

TATA.ev ने EV चार्जिंग की दिक्कतें खत्म करने के लिए कई नए कदम उठाए हैं। अब .ev Verified Chargers होंगे। इन भरोसेमंद चार्जिंग पॉइंट को पहले से चेक किया गया है। एक ही यूनिफाइड पेमेंट सिस्टम से किसी भी चार्जर पर पेमेंट हो सकेगा, और मदद के लिए 24×7 कॉल सेंटर भी रहेगा। कंपनी 120 kW के MegaChargers ला रही है, जो सुपर फास्ट चार्ज करेंगे। इन्हें 2027 तक देश भर में 500 जगहों पर लगाया जाएगा। रिपोर्ट के अनुसार इंडिया का EV सफर तो तेज़ी से आगे बढ़ रहा है, लेकिन अगर चार्जिंग नेटवर्क भरोसेमंद, आसान और सबकुछ एक जगह वाला हो जाए, तो ये सफर और भी मजेदार और बेफिक्र हो जाएगा।