नई दिल्ली: Honda Motorcycle & Scooter India (HMSI) ने इंडियन टू-व्हीलर्स मार्केट में स्टाइल और भरोसे का नया तड़का लगाते हुए Dio 125 X-Edition और Shine 125 Limited Edition लॉन्च कर दिए हैं। Dio 125 X-Edition की कीमत ₹87,733 और Shine 125 Limited Edition की कीमत ₹86,211 (एक्स-शोरूम, दिल्ली) रखी गई है। इन दोनों स्पेशल एडिशन की बुकिंग शुरू हो चुकी है। ये फरवरी के दूसरे हफ्ते से डीलरशिप्स पर उपलब्ध होंगे। इन दोनों मॉडल्स को Gen-Z को ध्यान में रखते हुए लॉन्च किया है।
Honda ने इन नए एडिशन को खासतौर पर आज के युवाओं और रोज़मर्रा के राइडर्स की पसंद को ध्यान में रखकर पेश किया है। कंपनी का कहना है कि इन बाइक्स और स्कूटर में नया लुक, फ्रेश ग्राफिक्स और प्रीमियम फिनिश दी गई है। Dio 125 X-Edition को खासतौर पर युवा और Gen-Z राइडर्स के लिए डिजाइन किया गया है। इसमें नए X-Edition ग्राफिक्स, डुअल-टोन कलर स्कीम और स्पोर्टी लुक दिया गया है। यह स्कूटर Pearl Deep Ground Grey और Pearl Siren Blue रंगों के कॉम्बिनेशन में आएगा, जो इसे साइबर-ड्रिफ्ट थीम जैसा बोल्ड अंदाज देता है। इसके अलावा, इसमें मैट फ्रेश कलर के अलॉय व्हील्स और साइड पैनल पर खास X-डेकल्स दिए गए हैं, जो इसे भीड़ से अलग बनाते हैं।
वहीं दूसरी ओर, Shine 125 Limited Edition उन ग्राहकों के लिए पेश की गई है, जो सादगी, आराम और भरोसे को प्राथमिकता देते हैं। यह बाइक भारत की सबसे भरोसेमंद 125cc मोटरसाइकिलों में से एक Shine को नए प्रीमियम अंदाज में पेश करती है। इसमें मिनिमल और क्लीन डिजाइन, नए प्रीमियम ग्राफिक्स और Pearl Siren Blue कलर दिया गया है। इसके अलॉय व्हील्स पर पाइराइट ब्राउन फिनिश दी गई है, जो बाइक को एक शानदार लुक देती है।
Honda के मुताबिक, दोनों ही मॉडल रोज़मर्रा के इस्तेमाल के लिए आसान, आरामदायक और भरोसेमंद हैं। कंपनी ने इन स्पेशल एडिशन के जरिए युवाओं और फैमिली राइडर्स—दोनों को ध्यान में रखा है। ग्राहक इन दोनों मॉडलों को Honda की वेबसाइट के जरिए ऑनलाइन या नजदीकी अधिकृत डीलरशिप पर जाकर बुक कर सकते हैं। Honda का यह कदम उन ग्राहकों के लिए खास है, जो स्टाइल, विश्वसनीयता और किफायती कीमत—तीनों को एक साथ चाहते हैं।
