Ola Electric : कॉस्ट कटिंग का रोडमैप, बदला ऑफिस और ऑपरेशन मॉडल

नई दिल्ली: इलेक्ट्रिक टू-व्हीलर सेक्टर में मांग की रफ्तार धीमी पड़ने के बीच Ola Electric ने अपने खर्च घटाने और कामकाज को ज्यादा चुस्त बनाने की दिशा में अहम फैसला लिया है। कंपनी ने Bengaluru में करीब 170,000 sq (1.7 लाख वर्ग फुट) ऑफिस स्पेस छोड़ दिया है।

Ola Electric अब उतना बड़ा ऑफिस जगह नहीं रखना चाहती, जितनी उसे पहले जरूरत लग रही थी। जब कंपनी तेजी से बढ़ रही थी, नए बिजनेस शुरू हो रहे थे और कॉल सेंटर जैसे बड़े ऑपरेशन चल रहे थे, तब ज्यादा ऑफिस स्पेस जरूरी था। Ola ने April 2023 में Prestige-RMZ Startech, Koramangala में अतिरिक्त फ्लोर लिए थे। लेकिन पिछले एक साल में हालात बदल गए हैं। इलेक्ट्रिक टू-व्हीलर की मांग धीमी हुई है। अब ग्राहकों की शिकायतें, सवाल और रिक्वेस्ट कंप्यूटर सिस्टम, ऐप और AI टूल्स के जरिए संभाली जा रही हैं, न कि बड़ी संख्या में कॉल सेंटर एजेंट्स के जरिए। इससे अब पहले जितने कर्मचारियों और उतनी बड़ी जगह की जरूरत नहीं रही।कंपनी ने देखा कि कुछ फ्लोर पूरी तरह इस्तेमाल नहीं हो रहे थे। ऐसे में खाली या कम उपयोग हो रही जगह का किराया देना बेकार खर्च था।

इसी सोच के तहत Ola ने Tower B की 7th और 8th floor—करीब 112,000 square feet—छोड़ दीं। इन फ्लोर्स को अब Accenture ने ले लिया है। Ola अब भी Prestige Startech में करीब 4.27 लाख square feet जगह इस्तेमाल कर रही है, जहां उसका मुख्य कॉर्पोरेट ऑफिस और Ola Electric व स्कूटर बिजनेस से जुड़े काम चलते हैं। इस स्पेस का लीज October 2030 तक सुरक्षित है। इससे साफ है कि Ola न तो बिजनेस बंद कर रही है, न बेंगलुरु छोड़ रही है, बल्कि खर्च घटाकर, जरूरत के हिसाब से खुद को ढाल रही है। यह सोच-समझकर लिया गया फैसला है।

अब Ola Electric का फोकस सोच-समझकर, टिकाऊ और संतुलित तरीके से बिजनेस चलाने पर है। पहले जहां ज्यादा ऑफिस, ज्यादा लोग और ज्यादा इंफ्रास्ट्रक्चर रखा गया था, अब कंपनी सिर्फ उतना ही रख रही है जितना सच में जरूरी है। Electronic City के Infozone में मौजूद Battery Innovation Centre से 60,000 square feet स्पेस छोड़ना भी इसी सोच का हिस्सा है। पहले Ola वहां करीब 2 लाख square feet जगह इस्तेमाल कर रही थी, लेकिन अब उतनी जरूरत नहीं रही।