7,600mAh की बैटरी संग iQOO 15R की 24 फरवरी को इंडिया में ग्रैंड एंट्री

नई दिल्ली: iQOO अपने नए सब-फ्लैगशिप स्मार्टफोन iQOO 15R को 24 फरवरी 2026 को इंडिया में लॉन्च करेगा। यह iQOO 15 सीरीज का पहला ‘R’ मॉडल होगा, जिसे फ्लैगशिप फोन का किफायती, लेकिन पावरफुल विकल्प माना जा रहा है। लॉन्चिंग से पहले कंपनी ने फोन के कैमरा और परफॉर्मेंस से जुड़े अहम फीचर्स कन्फर्म कर दिए हैं, जिससे यह साफ हो गया है कि iQOO 15R रियल परफॉर्मेंस पर फोकस करेगा।

iQOO 15R में 200MP कैमरा होने की अफवाहें थीं, लेकिन कंपनी ने अब साफ कर दिया है कि इसमें 50MP Sony LYT-700 प्राइमरी कैमरा मिलेगा। यह सेंसर मेगापिक्सल की रेस के बजाय बेहतर इमेज क्वालिटी के लिए जाना जाता है। Sony का यह सेंसर खासतौर पर लो-लाइट फोटोग्राफी और बेहतर कलर एक्युरेसी के लिए मशहूर है। फोटो ज्यादा नेचुरल और भरोसेमंद मिलने की उम्मीद है। फोन में पीछे की तरफ 8MP का अल्ट्रा-वाइड कैमरा और सामने 32MP का फ्रंट कैमरा मिल सकता है।

iQOO 15R की सबसे बड़ी ताकत इसका प्रोसेसर और बैटरी है। यह स्मार्टफोन Qualcomm के लेटेस्ट Snapdragon 8 Gen 5 चिपसेट से लैस होगा, जो इसे OnePlus 15R के बराबर की ताकत देता है। इसके साथ 7,600mAh की बड़ी बैटरी दी जाएगी, जो लंबे समय तक गेमिंग, वीडियो स्ट्रीमिंग और हेवी यूज में साथ निभा सकती है। बैटरी साइज के मामले में यह अपने सीधे मुकाबले वाले फोन से थोड़ा आगे नजर आता है।

iQOO 15R में 6.59-इंच की AMOLED स्क्रीन मिल सकती है, जिसमें 1.5K रेजोल्यूशन और 144Hz रिफ्रेश रेट होगा। स्क्रीन साइज भी ज्यादा बड़ा नहीं है, जिससे फोन पकड़ने में आरामदायक रहेगा। iQOO इस फोन के लिए चार Android OS अपडेट और छह साल के सिक्योरिटी अपडेट देने का वादा कर रहा है, जो इस सेगमेंट में काफी अच्छा माना जाता है।

iQOO 15R की कीमत करीब 50,000 रुपये हो सकती है, जबकि शुरुआती कीमत 47,999 रुपये के आसपास रहने की उम्मीद है। iQOO 15R उन यूजर्स के लिए शानदार ऑप्शन बनेगा, जो फ्लैगशिप लेवल परफॉर्मेंस, लंबी बैटरी लाइफ और भरोसेमंद कैमरा चाहते हैं, लेकिन फुल फ्लैगशिप कीमत नहीं चुकाना चाहते।