Mahindra की कारें AI से खुद चलेंगी, ड्राइवर पर भी रहेगी नजर

नई दिल्ली/यरुशलम: इंडियन ऑटो सेक्टर में सेफ्टी और स्मार्ट ड्राइविंग की दिशा में बड़ा कदम उठाते हुए Mahindra & Mahindra ने Mobileye Global Inc. के साथ बड़ी साझेदारी का ऐलान किया है। इस समझौते के तहत 2027 से लॉन्च होने वाले कंपनी के कम से कम छह नए मॉडलों में Mobileye की SuperVision और Surround ADAS तकनीक दी जाएगी। इन मॉडलों का उत्पादन 2027 से शुरू होने की उम्मीद है।

2027 के बाद आने वाली Mahindra की कम से कम 6 नई गाड़ियों में Surround ADAS सिस्टम होगा। इसमें पांच कैमरे, कई रडार और एक ताकतवर EyeQ6H चिप लगी होगी, जो गाड़ी को आसपास की हर गतिविधि समझने में मदद करेगी। हाइवे पर तय हालात में ड्राइवर कुछ समय के लिए स्टीयरिंग से हाथ हटा सकेगा, लेकिन नजर सड़क पर रखना जरूरी होगा। गाड़ी खुद लेन में चलेगी, स्पीड कंट्रोल करेगी और आगे-पीछे चल रही गाड़ियों से सुरक्षित दूरी बनाए रखेगी। ध्यान भटकने पर सिस्टम तुरंत चेतावनी देगा।

पूरा सिस्टम Mobileye के लेटेस्ट EyeQ6 High (EyeQ6H) चिपसेट पर आधारित होगा। यानी गाड़ी में दिमाग जैसा एक “सुपर कंप्यूटर” होगा, जो कैमरा और रडार से मिली जानकारी को समझकर कई ड्राइविंग काम खुद संभाल सकेगा। कैमरे सड़क को पढ़ेंगे, रडार दूरी मापेंगे, सिस्टम लेन और बाधाओं को पहचान लेगा, ड्राइवर की निगरानी होगी और गाड़ी खुद पार्क करने में भी मदद करेगी।
सारी टेक्नोलॉजी एक ही इलेक्ट्रॉनिक कंट्रोल यूनिट (ECU) में इंटीग्रेट होगी, जिससे कम वायरिंग, कम हार्डवेयर और बेहतर लागत संतुलन मिलेगा।

SuperVision इसका ज्यादा एडवांस वर्जन होगा। इसमें 11 कैमरे, जरूरत पड़ने पर रडार और दो EyeQ6H चिप होंगे। यह तय हाईवे पर “नेविगेट-ऑन-पायलट (NOP)” सुविधा देगा—गाड़ी खुद लेन बदलेगी, स्पीड एडजस्ट करेगी और नेविगेशन के अनुसार रूट फॉलो करेगी। हालांकि ड्राइवर को पूरी तरह सतर्क रहना होगा।

यह पूरी तरह सेल्फ-ड्राइविंग नहीं, बल्कि स्मार्ट सहायक ड्राइविंग है। मकसद है ज्यादा सुरक्षा, कम थकान और ऐसी टेक्नोलॉजी देना जो आम ग्राहकों की पहुंच में रहे। Bharat NCAP जैसे नए सुरक्षा मानकों और बढ़ती मांग के बीच यह साझेदारी भारत में स्मार्ट और आंशिक रूप से ऑटोमेटेड गाड़ियों के नए दौर की शुरुआत मानी जा रही है।