SUV जैसा लुक, वैगन जैसा स्पेस: Renault Dacia Striker से उठा पर्दा, जून 2026 में लॉन्च होगी 4.62 मीटर लंबी कार

नई दिल्ली: Renault Group की बजट ब्रैंड Dacia ने अपनी नई क्रॉसओवर वैगन “Striker” से पर्दा उठा दिया है। करीब 4.62 मीटर लंबी इस कार में 1.2-लीटर हाइब्रिड इंजन (154 PS) का विकल्प मिलेगा और इसे जून 2026 में लॉन्च किया जाएगा। कंपनी के मुताबिक यह मॉडल SUV जैसा लुक, वैगन जैसी स्पेस और किफायती कीमत का कॉम्बिनेशन देगा।

Dacia की यह नई कार CMF-B प्लेटफॉर्म पर बनी है, जिस पर पहले से Dacia Bigster SUV भी तैयार की गई है। Striker को उसी का वैगन वर्जन माना जा रहा है। Striker का एक्सटीरियर काफी मस्कुलर और SUV जैसा दिखाई देता है। सामने की तरफ शार्प LED DRL, स्टडेड ग्रिल डिजाइन और मजबूत फ्रंट बंपर दिया गया है। बोनट पर उभरी हुई लाइन्स इसे ज्यादा दमदार लुक देती हैं।
कार में ब्लैक-आउट B और C पिलर, सामान्य डोर हैंडल और पीछे की तरफ स्लोपिंग रूफलाइन दी गई है। रियर डिजाइन में LED लाइट सिग्नेचर, रूफ माउंटेड स्पॉइलर, झुका हुआ रियर ग्लास और बड़ा बंपर दिया गया है। Dacia Striker की लंबाई 4,620 मिमी है, जो इसे कंपनी की अब तक की सबसे बड़ी कार बनाती है। यह Dacia Bigster से भी करीब 50 मिमी ज्यादा लंबी है।

हालांकि कंपनी ने अभी इसका इंटीरियर नहीं दिखाया है, लेकिन माना जा रहा है कि इसमें 5-सीटर लेआउट मिलेगा। लंबे साइज की वजह से इसमें केबिन स्पेस और बूट स्पेस काफी बड़ा होने की उम्मीद है। फीचर्स के तौर पर इसमें 10.1-इंच इंफोटेनमेंट स्क्रीन, 10-इंच डिजिटल इंस्ट्रूमेंट क्लस्टर, डुअल-जोन क्लाइमेट कंट्रोल, लंबर सपोर्ट वाली एडजस्टेबल सीटें और प्रीमियम 3D साउंड सिस्टम जैसे फीचर्स मिल सकते हैं।

Striker में हाइब्रिड और LPG इंजन विकल्प दिए जाएंगे। सबसे ताकतवर सेटअप 1.2-लीटर टर्बो पेट्रोल इंजन और रियर एक्सल पर लगे इलेक्ट्रिक मोटर का होगा, जिसे 48V बैटरी से पावर मिलेगी। यह सेटअप 6-स्पीड ड्यूल-क्लच ऑटोमैटिक गियरबॉक्स के साथ आएगा और इसकी कुल पावर 154 PS होगी। कंपनी इसके हाइब्रिड 4×4 वर्जन पर भी काम कर रही है। यूरोप में इसकी शुरुआती कीमत 25,000 यूरो (लगभग 27 लाख रुपये) से कम रखी जा सकती है। Striker का उत्पादन Renault के तुर्की प्लांट में किया जाएगा। मार्केट में अप्रत्यक्ष रूप से इसका मुकाबला Kia Sportage और Citroën C5 Aircross जैसी SUV से हो सकता है।