Honda का राजस्थान में 1200 करोड़ का निवेश, इलेक्ट्रिक कार बनाएगी कंपनी

नई दिल्ली: जापानी ऑटो कंपनी Honda इंडिया में अपनी पहली इलेक्ट्रिक कार बनाने की तैयारी में है। कंपनी राजस्थान के टपूकड़ा प्लांट में करीब ₹1,200 करोड़ का निवेश कर अपनी पहली EV Honda 0 Alpha का उत्पादन शुरू करेगी। इस प्रोजेक्ट से राज्य में रोजगार और इंडस्ट्रियल ग्रोथ को बड़ा बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।

राजस्थान के मुख्यमंत्री Bhajanlal Sharma ने Honda Cars India के प्रेसिडेंट और CEO ताकाशी नाकाजिमा के साथ बैठक की, जिसमें कंपनी की इलेक्ट्रिक व्हीकल योजना पर विस्तार से चर्चा हुई। इस दौरान टपूकड़ा प्लांट में Honda 0 Alpha के निर्माण का प्रस्ताव सामने रखा गया।

रिपोर्ट के मुताबिक, इस प्रोजेक्ट पर करीब ₹1,200 करोड़ खर्च किए जाएंगे। इसी साल के आखिर तक उत्पादन शुरू होने की संभावना है। यह कदम राजस्थान सरकार की उस रणनीति का हिस्सा है, जिसके तहत राज्य में इंडस्ट्री को बढ़ावा देने के साथ-साथ क्लीन और ग्रीन मोबिलिटी को आगे बढ़ाया जा रहा है। टपूकड़ा प्लांट को Honda के लिए इंडिया में इलेक्ट्रिक व्हीकल मैन्युफैक्चरिंग का बड़ा हब बनाने की योजना है। मुख्यमंत्री ने भी कहा कि यह प्रोजेक्ट प्रधानमंत्री के “Make in India for the World” विजन के अनुरूप है।

बताया जा रहा है कि Honda 0 Alpha मॉडल की झलक भी इस बैठक के दौरान पेश की गई। इस प्रोजेक्ट की नींव उस समय पड़ी थी, जब सितंबर 2024 में मुख्यमंत्री के जापान दौरे के दौरान Honda को Rising Rajasthan Global Investment Summit की तैयारियों के तहत राजस्थान में निवेश के लिए आमंत्रित किया गया था। मुख्यमंत्री Bhajanlal Sharma ने कहा कि इससे राज्य में औद्योगिक विकास को गति मिलेगी और स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे। Honda का यह कदम भारत के तेजी से बढ़ते इलेक्ट्रिक मोबिलिटी सेक्टर में एक बड़ा गेमचेंजर साबित हो सकता है, वहीं राजस्थान को भी ऑटो इंडस्ट्री के नए हब के रूप में मजबूत करेगा।