लग्जरी में स्टाइल का तड़का : BMW X6 M60i xDrive की वापसी, प्री-बुकिंग शुरू

नई दिल्ली: BMW India ने इंडिया में नई BMW X6 M60i xDrive की प्री-बुकिंग शुरू कर दी है। 2023 में बंद होने के बाद लौट रही यह लग्जरी SUV-कूपे 4.4 लीटर ट्विन-टर्बो V8 इंजन, 523hp पावर, 4.3 सेकेंड में 0-100 किमी/घंटा स्पीड, प्रीमियम फीचर्स और स्पोर्टी डिजाइन के साथ आएगी। इसे भारत में CBU मॉडल के रूप में लाया जाएगा और कीमत 1.3-1.4 करोड़ रुपये के आसपास रहने की उम्मीद है।

BMW X6 M60i xDrive में SUV की ऊंचाई और मजबूती के साथ कूपे कार जैसी ढलान वाली रूफलाइन दी गई है। इससे गाड़ी ज्यादा स्पोर्टी दिखती है। BMW की पहचान वाला सामने का डबल ग्रिल डिजाइन, जो किडनी जैसा दिखता है। नए मॉडल में इसे और बड़ा व शार्प लुक दिया गया है। BMW की M परफॉर्मेंस सीरीज के खास डिजाइन एलिमेंट, जैसे ज्यादा स्पोर्टी बंपर, एग्रेसिव स्टाइल और परफॉर्मेंस लुक है।

BMW X6 M60i xDrive में 21 इंच के बड़े साइज के स्पोर्टी पहिए हैं। व्हील में दोहरी डिजाइन वाली स्पोक्स हैं, जिससे प्रीमियम लुक मिलता है। ORVM (साइड मिरर) को ब्लैक फिनिश दी गई है। रेड ब्रेक कैलिपर्स ब्रेक सिस्टम का दिखने वाला हिस्सा होता है, जो स्पोर्ट्स कार वाला लुक देता है। पीछे दो एग्जॉस्ट पाइप दिए गए हैं। इससे इंजन का परफॉर्मेंस लुक और साउंड ज्यादा दमदार लगता है। 12.3 इंच ड्राइवर स्क्रीन और 14.9 इंच टचस्क्रीन को एक घुमावदार पैनल में जोड़ा गया है, जिससे केबिन ज्यादा मॉडर्न दिखता है। सीटों में हवा चलती है, जिससे गर्मी कम लगती है। बटन दबाकर सीट की पोजिशन बदली जा सकती है।

इंजन के साथ छोटा इलेक्ट्रिक सिस्टम जुड़ा है, जो एक्स्ट्रा पावर, बेहतर माइलेज और स्मूद परफॉर्मेंस में मदद करता है। यह पूरी EV नहीं है। इंजन की ताकत बहुत ज्यादा है। गाड़ी तेजी से खिंचाव और तेज एक्सेलरेशन दे सकती है। इंजन की ताकत सिर्फ आगे या पीछे नहीं, बल्कि चारों पहियों तक जाती है। इससे पकड़ और कंट्रोल बेहतर होता है। गाड़ी खुद गियर बदलती है और इसमें 8 गियर हैं, जिससे स्मूद और तेज परफॉर्मेंस मिलती है। ये 0-100 किमी/घंटा सिर्फ 4.3 सेकेंड में पकड़ लेती है। बड़ी SUV होते हुए भी स्पोर्ट्स कार जैसी तेज रफ्तार पकड़ सकती है।पीछे के पहिए भी थोड़ा मुड़ते हैं। इससे मोड़ पर कंट्रोल बेहतर होता है और बड़ी SUV को घुमाना आसान हो जाता है।