• 19.95 लाख रुपये में Innova Crysta का दमदार मॉडल, कमर्शियल ग्राहकों पर Toyota का दांव
2.4 लीटर डीजल इंजन और लग्जरी सफर का भरोसा
Toyota Kirloskar Motor (TKM) ने कमर्शियल और फ्लीट ग्राहकों के लिए Innova Crysta LIMO Edition पेश किया है। इसे खासतौर पर प्रोफेशनल मोबिलिटी कारोबार से जुड़े ग्राहकों को ध्यान में रखकर उतारा गया है। यह एडिशन केवल GX-SLF ग्रेड में उपलब्ध होगा। इसमें टोयोटा की भरोसेमंद 2.4 लीटर डीजल इंजन क्षमता, आरामदायक पैसेंजर सीटिंग और शानदार राइड क्वालिटी मिलेगी। कंपनी ने इसके लिए अलग ब्रांड पहचान तैयार की है। Innova Crysta LIMO की कीमतों में कोई बदलाव नहीं किया गया है। इसके GX Fleet 7S मॉडल की एक्स-शोरूम कीमत 19.95 लाख रुपये और GX Fleet 8S की कीमत 19.99 लाख रुपये है।
Innova पिछले दो दशकों से भारतीय बाजार में भरोसेमंद MPV के रूप में अपनी मजबूत पहचान बनाए हुए है। इसने परिवारों के साथ-साथ टैक्सी, ट्रैवल और प्रोफेशनल मोबिलिटी कारोबार से जुड़े ग्राहकों के बीच भी लोकप्रियता हासिल की है। अब LIMO ब्रांड के जरिए टोयोटा इसी विरासत को फ्लीट सेगमेंट में और मजबूत करना चाहती है। कंपनी का मकसद कमर्शियल ग्राहकों को एक अलग पहचान के साथ वही भरोसा और सुविधाएं देना है, जिसके लिए Innova जानी जाती है।
Innova Crysta LIMO में टोयोटा का 2.4 लीटर डीजल इंजन दिया गया है। इसमें आरामदायक कैप्टन सीटें और बेहतर राइड क्वालिटी मिलती है। इसे लंबे सफर और लगातार कमर्शियल इस्तेमाल को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है। विशाल केबिन यात्रियों को पर्याप्त जगह और आराम देता है।
Innova Crysta में सात एयरबैग, ABS, Vehicle Stability Control, Hill Start Assist Control, Electronic Brake Force Distribution और Brake Assist जैसे सुरक्षा फीचर मिलते हैं। इसके अलावा टचस्क्रीन इंफोटेनमेंट सिस्टम, स्मार्टफोन कनेक्टिविटी और स्टीयरिंग माउंटेड कंट्रोल जैसी सुविधाएं भी दी गई हैं। सभी रो में बेहतर एयर कंडीशनिंग की व्यवस्था है।
Innova Crysta के 2.4 लीटर डीजल इंजन के साथ मैनुअल ट्रांसमिशन मिलता है। कंपनी के अनुसार इसकी प्रमाणित ईंधन दक्षता 15 किलोमीटर प्रति लीटर तक है। यह चार ग्रेड GX, GX+, VX और ZX में भी उपलब्ध है।
टोयोटा इस MPV के साथ तीन साल या एक लाख किलोमीटर की स्टैंडर्ड वारंटी दे रही है, जिसे पांच साल या 2.20 लाख किलोमीटर तक बढ़ाया जा सकता है। ग्राहकों के लिए सात साल तक के फाइनेंस विकल्प, कम EMI योजनाएं, Express Maintenance Service और 24×7 रोडसाइड असिस्टेंस भी उपलब्ध हैं। कंपनी का मानना है कि Innova Crysta LIMO के जरिए फ्लीट ग्राहकों को भरोसेमंद प्रदर्शन और बेहतर ओनरशिप अनुभव मिलेगा।
