नई दिल्ली : भारत में पढ़ाई, ऑनलाइन काम और डिजिटल लर्निंग का दायरा लगातार बढ़ रहा है। टेक कंपनी ASUS ने इंडियन कस्टमर्स के लिए अपने Chromebook पोर्टफोलियो का विस्तार करते हुए तीन नए डिवाइस लॉन्च किए हैं। कंपनी ने ASUS Chromebook CM32 Detachable, ASUS Chromebook CM14 और ASUS Chromebook CM15 को इंडियन मार्केट में उतारा है। ये सभी डिवाइस Google AI, ChromeOS और क्लाउड-आधारित तकनीक से लैस हैं।
कंपनी का कहना है कि नई पीढ़ी के उपभोक्ता ऐसे डिवाइस चाहते हैं जो हल्के हों, बैटरी लंबे समय तक चले और पढ़ाई, ऑफिस तथा मनोरंजन की सभी जरूरतों को एक साथ पूरा कर सकें। इसी सोच के साथ यह नई Chromebook सीरीज तैयार की गई है। इस नई सीरीज का सबसे खास मॉडल ASUS Chromebook CM32 Detachable है। यह एक 2-इन-1 डिवाइस है। जरूरत पड़ने पर इसे लैपटॉप की तरह इस्तेमाल किया जा सकता है और कीबोर्ड अलग करके टैबलेट में बदला जा सकता है। सिर्फ 640 ग्राम वजन वाला यह डिवाइस छात्रों और यात्राओं के दौरान काम करने वाले लोगों के लिए काफी उपयोगी साबित हो सकता है। ASUS Pen सपोर्ट मिलने से छात्र डिजिटल नोट्स बना सकते हैं, स्केचिंग कर सकते हैं और ऑनलाइन पढ़ाई के दौरान महत्वपूर्ण बातें लिख सकते हैं। डिटैचेबल कीबोर्ड और मैग्नेटिक स्टैंड इसे और अधिक उपयोगी बनाते हैं।
ASUS ने इस डिवाइस में मिलिट्री-ग्रेड MIL-STD सर्टिफिकेशन और Corning Gorilla Glass सुरक्षा दी गई है। रोजमर्रा के इस्तेमाल में होने वाले छोटे-मोटे झटकों और खरोंचों से डिवाइस बेहतर तरीके से सुरक्षित रहेगा। इससे फोटो, वीडियो, प्रोजेक्ट फाइल और डॉक्यूमेंट ऑनलाइन सुरक्षित रखे जा सकते हैं। यदि किसी को टैबलेट जैसी सुविधा की जरूरत नहीं है और वह केवल एक भरोसेमंद लैपटॉप चाहता है, तो ASUS Chromebook CM14 और CM15 अच्छे विकल्प साबित हो सकते हैं।
CM14 में 14 इंच और CM15 में 15 इंच की बड़ी स्क्रीन दी गई है।CM14 और CM15 की सबसे बड़ी खूबियों में से एक इनकी लंबी बैटरी लाइफ है। कंपनी के अनुसार ये डिवाइस एक बार चार्ज करने पर 20 घंटे तक चल सकते हैं। ऑनलाइन क्लास, प्रेजेंटेशन, ऑफिस वर्क या यात्रा के दौरान भी बैटरी खत्म होने की चिंता काफी हद तक कम हो जाएगी। ASUS Chromebook CM14 की कीमत 26,990 रुपये रखी गई है। ASUS Chromebook CM15 28,990 में मिलेगा। ASUS Chromebook CM32 Detachable लेने के लिए आपको 37,990 रुपये खर्च करने पड़ेंगे। CM32 की प्री-बुकिंग 12 जून से शुरू हो चुकी है, जबकि CM14 और CM15 की बिक्री 19 जून से शुरू होगी।
