नई दिल्ली: दिग्गज टेक कंपनी Apple ने iPhone यूज़र्स के लिए बड़ा अपडेट जारी करने की तैयारी कर ली है। कंपनी ने iOS 26.4 का पहला बीटा वर्जन डेवलपर्स के लिए रोलआउट कर दिया है। Apple के नए iOS 26.4 अपडेट में Stolen Device Protection फीचर डिफॉल्ट रूप से एक्टिव रहेगा, जिससे iPhone चोरी होने पर भी सेंसिटिव डाटा सेफ रहेगा।
अब पासकोड जानने के बावजूद चोर Apple ID, पासवर्ड और सुरक्षा सेटिंग्स में तुरंत बदलाव नहीं कर पाएगा। नए फीचर का नाम Stolen Device Protection रखा गया है। इस अपडेट में विडियो पॉडकास्ट सपोर्ट, RCS मैसेज के लिए एंड-टू-एंड एन्क्रिप्शन, Apple Music में AI से प्लेलिस्ट बनाने का नया टूल भी मिलेगा।
अगर कोई चोर आपके Apple ID का पासवर्ड बदलने, फोन का पासकोड रीसेट करने या Find My जैसी जरूरी सेफ्टी फंक्शन को बंद करने की कोशिश करता है, तो सिस्टम तुरंत बदलाव की परमिशन नहीं देगा। ऐसे मामलों में एक सिक्योरिटी डिले (Security Delay) लगाया जाएगा, जो आमतौर पर एक घंटे का होता है। इस दौरान दोबारा बायोमेट्रिक ID की मांग की जाती है। इसका मकसद यह तय करना है कि असली मालिक को फोन रिकवर करने या रिमोट लॉक/डाटा इरेज करने का वक्त मिल सके। कंपनी का लेटेस्ट अपडेट iOS 26.4 एक ऐसा फीचर डिफॉल्ट रूप से चालू कर रहा है, जो चोरी की स्थिति में आपके डेटा और अकाउंट को एक्सट्रा सुरक्षा देता है।
iOS 26.4 में अब “Playlist Playground” फीचर के जरिए यूज़र सिर्फ एक टेक्स्ट प्रॉम्प्ट लिखकर प्लेलिस्ट बना सकेंगे। जैसे “मॉर्निंग कॉफी म्यूजिक” या “70 के दशक के डिस्को गाने” लिखते ही 25 गानों की प्लेलिस्ट तैयार हो जाएगी। “Concerts Near You” सेक्शन लोकल शो और टूर की जानकारी देगा। एक गाना एक साथ कई प्लेलिस्ट में जोड़ने का ऑप्शन भी मिलेगा। Apple Podcasts में अब विडियो पॉडकास्ट का सपोर्ट आ रहा है। यूज़र ऑडियो और विडियो के बीच स्विच कर सकेंगे, विडियो डाउनलोड कर ऑफलाइन देख पाएंगे और Wi-Fi या मोबाइल डेटा पर स्ट्रीमिंग कर सकेंगे।
होम और लॉक स्क्रीन के लिए नया Ambient Music विजेट जोड़ा गया है । Wallpaper Gallery को भी नया डिजाइन दिया गया है। Health ऐप में Average Bedtime फीचर और बेहतर Vitals व्यू मिलेगा। CarPlay में भविष्य में Apple TV सपोर्ट और AirPlay वीडियो स्ट्रीमिंग की तैयारी के संकेत मिले हैं।
