नई दिल्ली: ASUS ने 17,000 से ज्यादा पिन कोड में एक्सेसरीज़ के लिए फ्री डोरस्टेप Pickup & Return (PUR) सर्विस शुरू की है, जिसमें वॉरंटी रिप्लेसमेंट के लिए अब सर्विस सेंटर जाने की जरूरत नहीं होगी। इंडिया में ग्राहकों को बेहतर आफ्टर-सेल्स सर्विस देने की दिशा में ASUS ने बड़ा कदम उठाया है। कंपनी ने अपनी नई PUR (Pickup & Return) सर्विस लॉन्च की है, जिसके तहत अब एक्सेसरीज की वॉरंटी रिप्लेसमेंट के लिए ग्राहक को सर्विस सेंटर के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे। यह सुविधा देशभर के 17,000 से अधिक पिन कोड में उपलब्ध होगी।
ASUS की यह पहल खासतौर पर उन यूजर्स के लिए फायदेमंद है जो काम या गेमिंग के दौरान इस्तेमाल होने वाली एक्सेसरीज़ में खराबी आने पर परेशान हो जाते हैं। अब ग्राहक सिर्फ ASUS कस्टमर केयर नंबर 1800 209 0365 (सोमवार से शनिवार, सुबह 9 बजे से शाम 6 बजे तक) पर कॉल करके रिक्वेस्ट दर्ज करा सकते हैं। इसके बाद कंपनी वारंटी की जांच करेगी और यदि पिन कोड सर्विस एरिया में आता है, तो घर से प्रोडक्ट उठाने और रिप्लेसमेंट के बाद वापस पहुंचाने की पूरी व्यवस्था खुद करेगी। इस तरह ग्राहक और ब्रांड के बीच पूरी प्रक्रिया आसान और झंझट-मुक्त हो जाएगी।
ASUS India ने अपनी सर्विस को मजबूत और भरोसेमंद बनाने के लिए 4A नाम की एक रणनीति तैयार की है, जिसमें बेहतर क्वालिटी, हर समय उपलब्ध ग्राहक सहायता, देशभर में व्यापक सर्विस नेटवर्क और ग्राहकों को अतिरिक्त सुविधाएं देना शामिल है। PUR सर्विस को इसी Added-value Services के तहत शुरू किया गया है, ताकि ग्राहक सिर्फ प्रोडक्ट खरीदने तक सीमित न रहें, बल्कि उन्हें वॉरंटी में आने वाली एक्सेसरी को घर बैठे पिकअप और रिप्लेसमेंट की सुविधा मिल सके और उन्हें सर्विस सेंटर जाने की जरूरत न पड़े।
इस नई सर्विस में रोजमर्रा के काम और गेमिंग में इस्तेमाल होने वाली कई जरूरी एक्सेसरीज़ को शामिल किया गया है। अगर आपका Wireless या Bluetooth माउस खराब हो जाए, कीबोर्ड में दिक्कत आ जाए, ASUS या ROG बैकपैक में समस्या हो, एडॉप्टर या GaN चार्जर काम न करे, डॉक या डोंगल खराब हो जाए, तो अब इन सबके लिए आपको सर्विस सेंटर जाने की जरूरत नहीं पड़ेगी। कंपनी घर से ही पिकअप और रिप्लेसमेंट की सुविधा देगी, जिससे ऑफिस वर्क से लेकर गेमिंग सेटअप तक की जरूरी चीजें बिना ज्यादा रुकावट के दोबारा इस्तेमाल की जा सकें।
