4 मार्च को बड़ा धमाका: iPhone 17e से लेकर M5 MacBook तक Apple की बड़ी तैयारी

नई दिल्ली: टेक दिग्गज Apple Inc. अगले महीने 4 मार्च को एक खास इवेंट आयोजित कर सकता है, जिसे “Special Apple Experience” नाम दिया गया है। रिपोर्ट्स के मुताबिक यह इवेंट न्यूयॉर्क, लंदन और शंघाई जैसे शहरों में अलग-अलग समय पर आयोजित हो सकता है। हालांकि कंपनी ने अभी आधिकारिक घोषणा नहीं की है, लेकिन टेक जगत में इसे लेकर चर्चा तेज हो गई है।

सबसे ज्यादा नजरें नए iPhone 17e और कम कीमत वाले MacBook पर टिकी हैं। यह इवेंट 4 मार्च को सुबह 9 बजे (EST) न्यूयॉर्क में होगा। आमंत्रण कार्ड में 3D Apple लोगो दिखाया गया है, जिसमें पीले, हरे और नीले रंग के डिस्क शामिल हैं। माना जा रहा है कि ये रंग कंपनी के आने वाले सस्ते MacBook के कलर ऑप्शन हो सकते हैं।

Apple Inc. हाल के वर्षों में “अफोर्डेबल प्रीमियम” रणनीति पर काम कर रही है। iPhone 16e और उससे पहले के SE मॉडल के जरिए कंपनी ने मिड-रेंज ग्राहकों को टारगेट किया था। अब iPhone 17e उसी रणनीति का अगला कदम हो सकता है। इससे Apple उन बाजारों में अपनी पकड़ मजबूत करना चाहता है जहां कीमत सबसे बड़ा फैक्टर होती है, जैसे भारत और एशिया के अन्य देश। अगर $1,000 से कम कीमत वाला MacBook आता है, तो यह Windows लैपटॉप से सीधी टक्कर में होगा। अब तक MacBook Air भी प्रीमियम सेगमेंट में गिना जाता था, लेकिन सस्ता MacBook छात्रों और एंट्री-लेवल प्रोफेशनल्स को टारगेट कर सकता है। अगर इसमें A18 Pro चिप दी जाती है, तो यह बैटरी लाइफ और परफॉर्मेंस का अच्छा संतुलन दे सकता है।

रिपोर्ट्स के अनुसार Apple पहली बार 1,000 डॉलर (करीब 90,000 रुपये) से कम कीमत वाला MacBook लॉन्च कर सकता है। कीमत कम रखने के लिए इसमें A18 Pro चिपसेट दिया जा सकता है, जो फिलहाल iPhone 16 Pro मॉडल में इस्तेमाल हो रहा है। इस लैपटॉप में 13 इंच से थोड़ा छोटा डिस्प्ले मिल सकता है। डिजाइन के मामले में यह डिवाइस हल्के और आकर्षक रंगों जैसे लाइट येलो, लाइट ग्रीन, ब्लू, पिंक, सिल्वर और डार्क ग्रे में आ सकता है।

इवेंट में iPhone 17e भी लॉन्च हो सकता है। इसे iPhone 16e का अपग्रेड माना जा रहा है। M5 चिपसेट से लैस नया MacBook Air और M5 Pro व M5 Max प्रोसेसर वाले MacBook Pro मॉडल भी पेश किए जा सकते हैं।