21,000 रुपये में बुक कराएं नई Mahindra XUV 7XO, जनवरी में होगी ग्रैंड एंट्री

नई दिल्ली: Mahindra XUV 7XO के लिए भारत में प्री-बुकिंग शुरू कर दी गई है। अगर आप नई SUV लेने का मन बना रहे हैं, तो अब इसे सिर्फ 21,000 देकर प्री-बुक किया जा सकता है। कंपनी इस गाड़ी को जनवरी 2026 में लॉन्च करने वाली है। इसकी कीमतों का ऐलान अगले महीने होने की उम्मीद है।

नई XUV 7XO का लुक Mahindra की इलेक्ट्रिक SUV XEV 9S से इंस्पायर होगा। सामने की तरफ फुल-विथ LED DRLs, बंपर में लगे नए LED हेडलैंप, नए ड्यूल-टोन अलॉय व्हील्स और पीछे की ओर हनीकॉम्ब डिजाइन वाली टेल-लाइट्स मिल सकती हैं। Mahindra कुछ नए एक्सटीरियर कलर ऑप्शन भी जोड़ सकती है, जिससे SUV और ज्यादा फ्रेश लगेगी।

XUV 7XO में नया और ज्यादा प्रीमियम लेआउट दिया जा सकता है, जिसमें ट्रिपल-स्क्रीन सेटअप शामिल होगा। ड्राइवर डिस्प्ले, इंफोटेनमेंट और एक अलग स्क्रीन, तीनों मिलकर अंदर से इसे बिल्कुल फ्यूचरिस्टिक फील देंगे। नई अपहोल्स्ट्री और कलर थीम्स भी मिलेंगी। फीचर्स के मामले में भी यह SUV आगे निकलने वाली है। इसमें को-ड्राइवर के लिए इलेक्ट्रिक बॉस मोड, सेकेंड रो के लिए विंडो ब्लाइंड्स, और आगे की सीटों के पीछे फोल्डेबल ट्रे टेबल्स जैसे प्रीमियम फीचर्स मिल सकते हैं—जो आमतौर पर महंगी गाड़ियों में देखने को मिलते हैं।

इंजन और परफॉर्मेंस के मामले में Mahindra भरोसा नहीं तोड़ेगी। XUV 7XO में वही मौजूदा दमदार इंजन ऑप्शन मिलने की उम्मीद है—2.0-लीटर टर्बो पेट्रोल और 2.2-लीटर डीजल इंजन। दोनों इंजन मैनुअल और ऑटोमैटिक गियरबॉक्स के साथ उपलब्ध होंगे, जिससे शहर और हाईवे दोनों पर ड्राइव मजेदार रहेगी। Mahindra XUV 7XO उन लोगों के लिए शानदार ऑप्शन बन सकती है, जो XUV700 की ताकत चाहते हैं लेकिन नए जमाने का लुक और ज्यादा हाई-टेक फीचर्स भी चाहते हैं।