Skoda Kushaq फेसलिफ्ट की 15 हजार में बुकिंग शुरू, मार्च से सड़कों पर दिखेगी

नई दिल्ली: इंडिया में कॉम्पैक्ट SUV सेगमेंट में मजबूत पकड़ रखने वाली Skoda Auto अपनी नई 2026 Skoda Kushaq फेसलिफ्ट को मार्च 2026 में लॉन्च करने जा रही है। इसकी कीमतों का ऐलान भी मार्च में ही होगा। कंपनी ने पुणे के चाकन प्लांट में इसका प्रोडक्शन शुरू कर दिया है। ग्राहक इसे 15,000 रुपये की टोकन राशि देकर ऑनलाइन या अधिकृत डीलरशिप पर बुक कर सकते हैं। डिलीवरी भी मार्च 2026 से शुरू करने का वादा किया गया है।

नई Kushaq कुल 5 वेरिएंट्स—Classic+, Signature, Sportline, Prestige और Monte Carlo—में उपलब्ध होगी। ट्री लेवल मॉडल में ही 6 एयरबैग स्टैंडर्ड दिए गए हैं। यानी सुरक्षा के मामले में कंपनी ने कोई समझौता नहीं किया। इसके अलावा 25 से ज्यादा एक्टिव और पैसिव सेफ्टी फीचर्स मिलते हैं, जो ड्राइविंग को ज्यादा सुरक्षित बनाते हैं। सिंगल-पेन सनरूफ, 16 इंच अलॉय व्हील, LED हेडलाइट और टेललाइट, सीक्वेंशियल रियर इंडिकेटर, 7 इंच टचस्क्रीन, ऑटोमैटिक एसी, रेन सेंसिंग वाइपर, रियर वाइपर और डिफॉगर जैसे फीचर्स मिलते हैं।

टॉप मॉडल और भी ज्यादा प्रीमियम और फीचर-लोडेड है। इसमें 40 से ज्यादा सेफ्टी फीचर्स मिलते हैं। इसके अलावा बड़ा पैनोरमिक सनरूफ, 17 इंच ड्यूल-टोन अलॉय व्हील, 10.25 इंच डिजिटल ड्राइवर डिस्प्ले, 10 इंच बड़ी टचस्क्रीन, वायरलेस Android Auto और Apple CarPlay रियर सीट मसाज फंक्शन जैसे फीचर्स हैं। रियर सीट मसाज फीचर इस सेगमेंट में कम ही देखने को मिलता है, इसलिए यह इसे खास बनाता है। कंपनी एक खास Supercare पैकेज भी दे रही है, जिसमें 4 साल की स्टैंडर्ड वारंटी, 4 साल की रोडसाइड असिस्टेंस और 4 फ्री सर्विस मिलेगी।

Skoda Kushaq फेसलिफ्ट में कंपनी ने इंजन के मामले में ग्राहकों को दो मजबूत टर्बो पेट्रोल विकल्प दिए हैं। पहला 1.0 लीटर टर्बो इंजन है, जो 114hp की पावर और 178Nm का टॉर्क देता है। यह इंजन रोज़मर्रा की ड्राइविंग के लिए संतुलित परफॉर्मेंस और बेहतर माइलेज का मेल माना जाता है। दूसरा विकल्प 1.5 लीटर टर्बो पेट्रोल इंजन का है, जो 150hp की दमदार पावर और 250Nm का टॉर्क जनरेट करता है। यह उन ग्राहकों के लिए बेहतर रहेगा जो हाईवे ड्राइव या तेज रफ्तार का शौक रखते हैं।