फैक्ट्रियों से ड्रोन तक GPS के बिना सटीक लोकेशन, Ericsson की 5G सर्विस का धमाल


नई दिल्ली: दुनिया की दिग्गज टेलीकॉम टेक्नोलॉजी कंपनी Ericsson ने 5G Advanced Location Services लॉन्च करने की घोषणा की है, जो 2026 की पहली तिमाही से 5G Standalone नेटवर्क पर 10 सेंटीमीटर तक की सटीक आउटडोर और सब-मीटर इंडोर लोकेशन ट्रैकिंग देगी। अब लोकेशन जानने के लिए पारंपरिक GPS पर निर्भर रहने की जरूरत नहीं होगी।

Ericsson की नई 5G तकनीक सीधे 5G नेटवर्क के जरिए ही किसी डिवाइस, वाहन या मशीन की सटीक स्थिति बता सकती है। इससे ज्यादा एक्यूरेसी मिलेगी, बैटरी कम खर्च होगी और सिस्टम उन जगहों पर ज्यादा भरोसेमंद होगा, जहां GPS ठीक से काम नहीं करता। कंपनी का दावा है कि यह सिस्टम बाहर खुले क्षेत्र में 10 सेंटीमीटर से भी कम और इमारतों के अंदर 1 मीटर से कम की सटीक लोकेशन ट्रैकिंग देने में सक्षम है।

Ericsson की 5G लोकेशन सर्विस सिर्फ मोबाइल फोन तक सीमित नहीं है। इसका इस्तेमाल फैक्ट्रियों में मशीनों और रोबोट्स की ट्रैकिंग, गोदामों में सामान की निगरानी, शहरों में इमरजेंसी सेवाओं की लोकेशन, और ड्रोन या ऑटोनॉमस गाड़ियों की सटीक नेविगेशन के लिए किया जा सकेगा।

Ericsson ने इस लोकेशन सर्विस को सीधे 5G कोर नेटवर्क में ही इंटीग्रेट किया है। अब अलग से GPS या किसी अतिरिक्त ऐप और डिवाइस-साइड हार्डवेयर की जरूरत नहीं होगी। इससे न सिर्फ सटीकता बढ़ेगी बल्कि डिवाइस की बैटरी लाइफ भी बेहतर होगी। कंपनी का कहना है कि यह सॉल्यूशन उसके डुअल-मोड 5G Core पर आधारित है, जिससे इसे बड़े स्तर पर आसानी से लागू किया जा सकता है। इस तकनीक का मकसद टेलीकॉम कंपनियों को नई कमाई के मौके देना है। अब ऑपरेटर सिर्फ कॉल और डेटा तक सीमित नहीं रहेंगे, बल्कि सटीक लोकेशन आधारित सेवाएं देकर मैन्युफैक्चरिंग, हेल्थकेयर, पब्लिक सेफ्टी, ऑटोमोबाइल, ड्रोन और एग्रीकल्चर जैसे सेक्टर में भी कदम रख सकेंगे।

Ericsson की हेड ऑफ कोर नेटवर्क्स, मोनिका जेथज़ोन ने कहा कि यह लॉन्च 5G Standalone नेटवर्क की असली क्षमता को सामने लाता है और ऑपरेटरों को अलग तरह की सेवाएं देने का मौका देता है। 5G अब सिर्फ तेज इंटरनेट तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि बेहद सटीक और भरोसेमंद लोकेशन टेक्नोलॉजी के जरिए कई उद्योगों की कार्यप्रणाली बदलने वाला है।