अगस्त में वैकल्पिक ईंधन वाहनों ने पहली बार पेट्रोल यात्री वाहनों को पछाड़ा

अगस्त में वैकल्पिक ईंधन वाहनों ने पहली बार पेट्रोल यात्री वाहनों को पछाड़ा

नई दिल्ली। देश में ऑटोमोबाइल खुदरा बिक्री ने अगस्त 2026 में नया रिकॉर्ड बनाया। फेडरेशन ऑफ ऑटोमोबाइल डीलर्स एसोसिएशंस (FADA) के आंकड़ों के मुताबिक, अगस्त में कुल 24,23,201 वाहनों की खुदरा बिक्री हुई, जो अगस्त 2025 के मुकाबले 17.51% अधिक है। हालांकि, जुलाई के रिकॉर्ड स्तर की तुलना में बिक्री 6.48% कम रही। FADA ने इसे अब तक का सबसे बड़ा अगस्त बताया है। अगस्त में दोपहिया, यात्री वाहन, वाणिज्यिक वाहन और तिपहिया समेत पांच श्रेणियों ने महीने के लिए नया बिक्री रिकॉर्ड बनाया। इनमें दोपहिया वाहनों की बिक्री 19.69% बढ़कर 17,14,610 यूनिट रही। यात्री वाहन (PV) खुदरा बिक्री 16.14% बढ़कर 4,02,398 यूनिट पहुंच गई। यह पहली बार है जब अगस्त में PV बिक्री का आंकड़ा चार लाख यूनिट के पार गया है।

PV बाजार में बड़ा फ्यूल शिफ्ट

अगस्त में यात्री वाहन बाजार में फ्यूल पसंद में महत्वपूर्ण बदलाव देखने को मिला। CNG, हाइब्रिड और इलेक्ट्रिक वाहनों की संयुक्त हिस्सेदारी 41.95% रही, जबकि पेट्रोल/एथेनॉल की हिस्सेदारी 40.85% रही। FADA के अनुसार, यह पहली बार है जब यात्री वाहन बाजार में वैकल्पिक ईंधन ने पेट्रोल को पीछे छोड़ा है।
इसमें CNG की हिस्सेदारी 25.28%, हाइब्रिड की 9.04% और इलेक्ट्रिक वाहनों की 7.63% रही। हालांकि, पेट्रोल/एथेनॉल अभी भी किसी एक ईंधन श्रेणी के रूप में सबसे बड़ा हिस्सा रखता है।

EV बिक्री में 52.9% की तेज वृद्धि

इलेक्ट्रिक वाहनों की मांग में भी अगस्त में मजबूत तेजी रही। सभी वाहन श्रेणियों को मिलाकर 2,98,448 EV की खुदरा बिक्री हुई, जो सालाना आधार पर 52.9% अधिक है। कुल ऑटो रिटेल में EV की हिस्सेदारी करीब 12.3% रही, जबकि अगस्त 2025 में यह 9.5% थी। दोपहिया वाहनों में EV की हिस्सेदारी बढ़कर 10.68% हो गई, जो पहली बार किसी गैर-त्योहारी महीने में 10% के पार गई है। तिपहिया वाहन बाजार में इलेक्ट्रिक वाहनों की हिस्सेदारी 65.30% रही।

ग्रामीण बाजार की रफ्तार शहरी से तेज

अगस्त में ग्रामीण बाजार ने एक बार फिर शहरी बाजार से बेहतर प्रदर्शन किया। ग्रामीण क्षेत्रों में कुल वाहन खुदरा बिक्री 19.79% बढ़ी, जबकि शहरी बाजार में 15.17% की वृद्धि दर्ज हुई। यात्री वाहनों में ग्रामीण बिक्री 24.99% बढ़ी, जबकि शहरी बाजार की वृद्धि 10.93% रही। वाणिज्यिक वाहनों में भी ग्रामीण बाजार 16.33% की वृद्धि के साथ शहरी बाजार के 12.79% से आगे रहा। हालांकि, कमजोर मानसून का असर ट्रैक्टर बाजार पर साफ दिखाई दिया। अगस्त में ट्रैक्टर बिक्री 87,977 यूनिट रही, जो सालाना आधार पर सिर्फ 0.84% बढ़ी। जुलाई की तुलना में इसमें 25.03% की गिरावट रही।

PV डीलरों के सामने बढ़ता इन्वेंटरी दबाव

रिकॉर्ड PV बिक्री के बावजूद डीलर स्तर पर इन्वेंटरी चिंता का विषय बनी हुई है। FADA के अनुसार, अगस्त के अंत में यात्री वाहनों का स्टॉक बढ़कर करीब 38-40 दिन हो गया, जबकि FADA का अनुशंसित स्तर 21 दिन है। करीब 56% PV डीलरों ने जुलाई की तुलना में स्टॉक बढ़ने की जानकारी दी। त्योहारी सीजन से पहले FADA ने वाहन कंपनियों से डीलरों की वास्तविक खुदरा बिक्री के अनुरूप डिस्पैच रखने की अपील की है, ताकि अतिरिक्त इन्वेंटरी के कारण डीलरों की कार्यशील पूंजी पर दबाव न बढ़े।

सितंबर के लिए ‘सतर्क आशावाद’

सितंबर को लेकर डीलरों की उम्मीदें सकारात्मक हैं, लेकिन पिछले महीने के मुकाबले इनमें कुछ नरमी आई है। FADA के सर्वे में 67.09% डीलरों ने सितंबर में बिक्री बढ़ने की उम्मीद जताई है। 27.35% ने बाजार के सपाट रहने और 5.56% ने बिक्री घटने का अनुमान जताया। त्योहारी मांग, गणेश चतुर्थी, ओणम की बिक्री का असर और नवरात्र की शुरुआत बाजार को समर्थन दे सकते हैं। वहीं कमजोर मानसून, 1 सितंबर से लागू कीमतों में बढ़ोतरी और पिछले साल की GST कटौती के बाद बनी ऊंची तुलना-आधार दर प्रमुख जोखिम हैं।