Maruti 800 का दुनियाभर में बजा डंका! INDIA की कार क्रांति की हीरो को FIVA का सम्मान

Maruti 800 का दुनियाभर में बजा डंका! INDIA की कार क्रांति की हीरो को FIVA का सम्मान

• कभी हर भारतीय का सपना थी Maruti 800, अब दुनिया ने भी किया सलाम

• छोटी कार, बड़ा इतिहास! Maruti 800 को FIVA World Vehicle Heritage Award

जिस कार ने बदली भारत की तकदीर, उसे दुनिया ने दिया ऐतिहासिक सम्मान

• Maruti 800 की ऐतिहासिक जीत! 21 चुनिंदा गाड़ियों में इकलौती भारतीय कार

कभी भारतीय मध्यमवर्गीय परिवारों का सबसे बड़ा सपना रही Maruti 800 ने एक बार फिर इतिहास रच दिया है। देश की इस प्रतिष्ठित छोटी कार को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बड़ा सम्मान मिला है। Maruti 800 को पहले FIVA World Vehicle Heritage Award से नवाजा गया है। यह सम्मान केवल किसी कार की तकनीक, रफ्तार या लग्जरी के लिए नहीं, बल्कि समाज, औद्योगिक विकास और राष्ट्रीय पहचान में उसके योगदान के लिए दिया जाता है।

खास बात यह है कि इस पहले पुरस्कार के लिए दुनिया के 20 देशों की 21 गाड़ियों को चुना गया। इनमें Maruti 800 भारत की एकमात्र प्रतिनिधि कार रही। 13 नवंबर 2026 को ब्रसेल्स में FIVA की जनरल असेंबली के दौरान यह सम्मान प्रदान किया गया। यह आयोजन संस्था की 60वीं वर्षगांठ के मौके पर हुआ।

Maruti 800 की कहानी भारतीय ऑटोमोबाइल इतिहास का बेहद खास अध्याय है। साल 1982 में Maruti Udyog Limited ने जापान की Suzuki Motor Corporation के साथ संयुक्त उद्यम समझौता किया था। इसके बाद दिसंबर 1983 में पहली Maruti 800 बाजार में आई। इसकी पहली कार का चेसिस नंबर 100014 था। यह कार हरपाल सिंह को 14 दिसंबर 1983 को तत्कालीन प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी ने सौंपी थी। उस समय यह घटना देशभर में चर्चा का विषय बनी थी।

Maruti 800 ने भारतीय कार बाजार की तस्वीर बदल दी। इसकी किफायती कीमत, छोटा आकार और आसान इस्तेमाल ने कार को आम परिवारों की पहुंच में ला दिया। इससे पहले कार खरीदना बड़ी आर्थिक हैसियत का प्रतीक माना जाता था, लेकिन Maruti 800 ने इस सोच को बदल दिया। अपने पूरे प्रोडक्शन सफर में इसकी 29 लाख से ज्यादा यूनिट तैयार की गईं। साल 1986 में इसका निर्यात शुरू हुआ। 1987 में 500 कारों की पहली बड़ी खेप हंगरी भेजी गई।

18 जनवरी 2014 को Maruti 800 का उत्पादन बंद हो गया। हालांकि, भारतीय परिवारों की यादों में इस कार की जगह आज भी बरकरार है। लाखों लोगों के लिए यह उनकी पहली कार, पहली ड्राइव और जिंदगी की कई यादगार यात्राओं का हिस्सा रही है। FIVA का यह सम्मान साबित करता है कि किसी वाहन की असली पहचान केवल उसकी कीमत या तकनीक से नहीं बनती। समाज और देश की जिंदगी बदलने में उसका योगदान भी उसे इतिहास में अमर बना सकता है। Maruti 800 इसका सबसे शानदार उदाहरण है।