SUV और EV की दौड़ में Maruti बदलेगी गेम, 2031 तक 12 नए मॉडल

SUV और EV की दौड़ में Maruti बदलेगी गेम, 2031 तक 12 नए मॉडल

नई दिल्ली। छोटी और किफायती कारों के लिए मशहूर Maruti Suzuki अब अपने सबसे बड़े बदलाव की तैयारी में है। कंपनी आने वाले वर्षों में SUV और इलेक्ट्रिक कारों पर बड़ा दांव लगाने जा रही है। रिपोर्ट के मुताबिक, 2031 तक Maruti Suzuki की 7 नई SUVs और 5 EVs बाजार में उतारने की योजना है। अगले कुछ वर्षों में कंपनी के पोर्टफोलियो में करीब 12 नए मॉडल जुड़ सकते हैं।

Maruti Suzuki की रणनीति सिर्फ इलेक्ट्रिक कारों तक सीमित नहीं होगी। कंपनी CNG, हाइब्रिड और इलेक्ट्रिक पावरट्रेन को साथ लेकर चलने की तैयारी में है। इसका मकसद अलग-अलग ग्राहकों और सेगमेंट की जरूरतों के मुताबिक विकल्प उपलब्ध कराना है। आने वाले समय में Maruti के पास छोटी कारों के साथ-साथ कॉम्पैक्ट SUV, बड़ी SUV, इलेक्ट्रिक SUV और MPV जैसे कई विकल्प देखने को मिल सकते हैं।

इंडियन मार्केट में SUV की बढ़ती मांग को देखते हुए Maruti अपने SUV पोर्टफोलियो को तेजी से विस्तार देने की तैयारी में है। फिलहाल कंपनी के पास Brezza जैसे कॉम्पैक्ट SUV मॉडल हैं, जबकि Grand Vitara भी मजबूत मौजूदगी दर्ज कराती है। आने वाले वर्षों में कंपनी अलग-अलग आकार और कीमत वाली SUVs पेश कर सकती है। इनमें Grand Vitara पर आधारित 7-सीटर SUV भी शामिल होने की उम्मीद है। Maruti Suzuki अगले पांच वर्षों में 5 नए EV मॉडल लाने की योजना पर काम कर रही है। कंपनी की पहली प्रमुख इलेक्ट्रिक SUV e Vitara के बाद अब इलेक्ट्रिक पोर्टफोलियो को और विस्तार देने की तैयारी है। करीब 2027 में तीन-रो वाली इलेक्ट्रिक गाड़ी पेश की जा सकती है। इसके अलावा एक इलेक्ट्रिक MPV भी कंपनी की पाइपलाइन में बताई जा रही है।

Maruti की EV रणनीति में e Vitara अहम मॉडल है। यह कंपनी के समर्पित इलेक्ट्रिक प्लेटफॉर्म पर आधारित है। इसमें 49kWh और 61kWh बैटरी विकल्प दिए गए हैं और कुछ वेरिएंट में 500 किलोमीटर से ज्यादा की दावा की गई रेंज मिलती है। अब कंपनी इसी इलेक्ट्रिक आर्किटेक्चर और e-HEARTECT प्लेटफॉर्म पर आधारित दूसरे मॉडल तैयार करने की दिशा में आगे बढ़ रही है। Maruti की EV योजना में इलेक्ट्रिक MPV को भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है। इसे फिलहाल YMC नाम से संदर्भित किया जा रहा है। अगर यह मॉडल बाजार में आता है तो Maruti को इलेक्ट्रिक MPV सेगमेंट में भी अपनी जगह बनाने का मौका मिलेगा।