नई Hyundai Verna फेसलिफ्ट 10.98 लाख रुपये में लॉन्च, 25 से ज्यादा बदलाव

नई दिल्ली: दक्षिण कोरिया की कार निर्माता Hyundai ने इंडिया में नई फेसलिफ्टेड Hyundai Verna लॉन्च कर दी है। इस अपडेटेड सेडान की शुरुआती एक्स-शोरूम कीमत 10.98 लाख रुपये रखी गई है, जबकि इसका टॉप वेरिएंट 18.25 लाख रुपये तक जाता है। कंपनी ने इस फेसलिफ्ट मॉडल में डिजाइन, टेक्नोलॉजी, सेफ्टी और कम्फर्ट से जुड़े 25 से ज्यादा बदलाव किए हैं।

नई Verna के बाहरी डिजाइन में ब्लैक क्रोम रेडिएटर ग्रिल, ड्यूल LED प्रोजेक्टर हेडलैंप, नए डिजाइन के फ्रंट और रियर बंपर और 16-इंच के डायमंड-कट अलॉय व्हील्स दिए गए हैं। कार दो रंगों classy Blue और Titan Grey Matte में लॉन्च की गई है। 
नई Hyundai Verna के केबिन में कई नए और प्रीमियम फीचर्स जोड़े गए हैं। इसमें D-cut स्टीयरिंग व्हील दिया गया है। स्टीयरिंग का निचला हिस्सा थोड़ा फ्लैट होता है, जिससे इसे पकड़ना आसान होता है।

फ्रंट सीट्स इलेक्ट्रिकली एडजस्ट होती हैं। बटन दबाकर सीट की पोजिशन बदली जा सकती है। ड्राइवर सीट को आठ अलग-अलग तरीकों से एडजस्ट किया जा सकता है। ड्राइवर अपनी पसंदीदा सीट पोजिशन सेव कर सकता है और जरूरत पड़ने पर एक बटन दबाते ही वही पोजिशन वापस मिल जाती है। वेलकम रिट्रैक्ट फीचर भी मिलता है, जिसमें कार बंद या चालू करते समय सीट थोड़ी पीछे खिसक जाती है ताकि बैठना और उतरना आसान हो जाए। रियर विंडो सनशेड दिया से पीछे बैठने वालों को धूप से राहत मिलती है। स्मार्ट ट्रंक फीचर से बिना हाथ लगाए भी डिक्की खोली जा सकती है।

नई Hyundai Verna में ड्यूल 10.25-इंच स्क्रीन दी गई हैं। एक स्क्रीन इंफोटेनमेंट सिस्टम के लिए है, जिससे म्यूजिक, नेविगेशन और कई कार फंक्शन कंट्रोल होते हैं, जबकि दूसरी स्क्रीन डिजिटल इंस्ट्रूमेंट क्लस्टर है, जिसमें स्पीड, माइलेज और अन्य जरूरी जानकारी दिखाई देती है। यह सिस्टम Hyundai Bluelink कनेक्टेड टेक्नोलॉजी के साथ आता है, जिसमें 70 से ज्यादा स्मार्ट कनेक्टेड फीचर्स और करीब 350 वॉयस कमांड का सपोर्ट मिलता है।

इसके अलावा वायरलेस स्मार्टफोन चार्जिंग, वेंटिलेटेड फ्रंट सीट्स, Bose का 8-स्पीकर प्रीमियम ऑडियो सिस्टम और वायरलेस Android Auto व Apple CarPlay जैसी सुविधाएं भी मिलती हैं। नई Verna में 75 से ज्यादा सेफ्टी फीचर्स दिए गए हैं। इसमें Level-2 Advanced Driver Assistance Systems (ADAS) मिलता है, जिसमें 20 एडवांस्ड ड्राइविंग असिस्ट फंक्शन शामिल हैं।