5.65 लाख में Nissan की 7 सीटर MPV लॉन्च: बजट में फिट, दाम में हिट, 20 किमी तक माइलेज, फैमिली के लिए बेस्ट डील

नई दिल्ली: Nissan Motor India ने इंडियन मार्केट में अपनी नई 7-सीटर MPV Nissan GRAVITE को 5.65 लाख रुपये (एक्स-शोरूम) की आकर्षक शुरुआती कीमत पर लॉन्च कर दिया है। इंडिया में Nissan की वापसी को मजबूती देने की दिशा में बड़ा कदम माना जा रहा है। यह एमपीवी सीधे तौर पर बजट फैमिली कार खरीदने वालों को टारगेट करती है। इसकी बुकिंग आज से शुरू हो चुकी है।

GRAVITE को खास तौर पर इंडियन फ़ैमिली की जरूरतों को ध्यान में रखकर डिजाइन किया गया है। इसका नाम 1.4 अरब भारतीयों की विविधता और उनकी बदलती जरूरतों से प्रेरित है। यह गाड़ी 2 से 7 लोगों तक के बैठने की सुविधा देती है। जरूरत पड़ने पर तीसरी पंक्ति की सीट हटाकर बूट स्पेस 625 लीटर तक बढ़ाया जा सकता है, जो इस सेगमेंट में बेहतरीन माना जा रहा है। 7-सीटर में 84 लीटर और 6-सीटर में 320 लीटर का बूट स्पेस मिलता है। Nissan GRAVITE को CMF-A+ प्लेटफॉर्म पर तैयार किया गया है।

Nissan GRAVITE का लुक थोड़ा प्रीमियम और दमदार रखा गया है। आगे की लाइटें और पीछे की लाइटें LED हैं, जिससे रात में रोशनी भी बेहतर मिलती है। ग्रिल काले चमकदार (पियानो ब्लैक) रंग की है। केबिन में बैठने की सीटें आरामदायक हैं। डैशबोर्ड में पानी या ड्रिंक ठंडी रखी जा सकती है। इसमें बड़ी टचस्क्रीन मिलती है, जिसमें मोबाइल बिना तार (वायरलेस) के कनेक्ट हो जाता है। ड्राइवर के सामने डिजिटल मीटर स्क्रीन है, जिसमें गाड़ी की सारी जानकारी दिखती है। वायरलेस चार्जर से फोन चार्ज कर सकते हैं। यह एमपीवी फॉरेस्ट ग्रीन, ऑनिक्स ब्लैक, ब्लेड सिल्वर, मेटैलिक ग्रे और स्टॉर्म व्हाइट जैसे पांच कलर में उपलब्ध होगी।

इसमें 6 एयरबैग मिलते हैं, यानी आगे-पीछे बैठे लोगों की सुरक्षा का ध्यान रखा गया है। ग्रेवाइट में 1.0 लीटर का तीन-सिलेंडर पेट्रोल इंजन दिया गया है। यह 71bhp की पावर और 96Nm का टॉर्क जनरेट करता है। यह इंजन 5-स्पीड मैनुअल और एएमटी गियरबॉक्स के विकल्प के साथ आता है। एएमटी वर्जन में करीब 19.6 किमी प्रति लीटर और मैनुअल में 19.3 किमी प्रति लीटर की माइलेज का दावा किया गया है। यह कार चेन्नई में लोकल मैन्युफैक्चर की गई है, जिससे Nissan की ‘Made in India’ प्रतिबद्धता और मजबूत होती है।