नई दिल्ली: Uber ने CES 2026 में अपनी अब तक की सबसे लग्ज़री Robotaxi से पर्दा उठाया है, जिसे इलेक्ट्रिक कार निर्माता Lucid Motors और सेल्फ-ड्राइविंग टेक्नोलॉजी कंपनी Nuro के साथ मिलकर तैयार किया गया है। इस Robotaxi का नाम है Lucid Gravity SUV, और यह बिना ड्राइवर के यात्रियों को मंज़िल तक पहुंचाएगी। यह टेक्नोलॉजी और लग्ज़री का ऐसा मेल है, जो आने वाले वक्त में टैक्सी की परिभाषा ही बदल सकता है।
Uber, Lucid और Nuro की इस साझेदारी के तहत 2026 के आखिर तक अमेरिका के San Francisco Bay Area में Robotaxi सर्विस शुरू करने की योजना है, जिसके बाद इसे दूसरे शहरों में भी फैलाया जाएगा। Uber पहली बार किसी गाड़ी के पूरे इन-केबिन राइडर एक्सपीरियंस को खुद डिज़ाइन कर रहा है। Lucid Gravity Robotaxi में कैमरे, LiDAR सेंसर और रडार का पूरा सेट दिया गया है, जिससे यह सड़क, ट्रैफिक और आसपास के माहौल को बारीकी से समझ सके। गाड़ी की छत पर लगी LED स्क्रीन यात्रियों के नाम के शुरुआती अक्षर दिखाएगी, ताकि सही Robotaxi पहचानना आसान हो जाए—कुछ वैसा ही जैसा आज Waymo की टैक्सी में दिखता है।
इस Robotaxi का केबिन किसी प्रीमियम कार से कम नहीं है। अंदर लगी इंटरएक्टिव स्क्रीन से यात्री खुद AC का तापमान, म्यूजिक और हीटेड सीट्स कंट्रोल कर सकते हैं। जरूरत पड़ने पर सपोर्ट से संपर्क या गाड़ी को साइड में रोकने का विकल्प भी मिलेगा। Lucid Gravity Robotaxi में 6 लोग बैठ सकते हैं, जो इसे Waymo और Zoox जैसी Robotaxi से ज्यादा प्रैक्टिकल बनाता है। साथ ही, इसमें अच्छा-खासा लगेज स्पेस भी दिया गया है।
Uber इस गाड़ी को “इंडस्ट्री की सबसे लग्ज़री Robotaxi” बता रहा है। इसकी एक वजह यह भी है कि सामान्य Lucid Gravity SUV की कीमत करीब 80,000 डॉलर से शुरू होती है। यानी यह आम टैक्सी नहीं, बल्कि प्रीमियम इलेक्ट्रिक अनुभव देने वाली सवारी होगी। Uber का लक्ष्य है कि अगले 6 सालों में 20,000 से ज्यादा Lucid Robotaxi सड़कों पर उतारी जाएं। फिलहाल San Francisco में इनका परीक्षण इंसानी निगरानी के साथ शुरू हो चुका है। Uber का मानना है कि ऐप में ही सेल्फ-ड्राइविंग का विकल्प मिलने से लोग Robotaxi को जल्दी अपनाएंगे। यह Robotaxi आने वाले समय में टैक्सी नहीं, बल्कि लग्ज़री ट्रैवल का नया चेहरा बनने वाली है।
