75 लाख की लग्जरी MG Cyberster बनी इंडिया की सबसे ज्यादा बिकने वाली स्पोर्ट्स कार

नई दिल्ली: JSW MG Motor India के लिए साल 2025 काफी यादगार साबित हुआ है। कंपनी की इलेक्ट्रिक रोडस्टर MG Cyberster ने शानदार प्रदर्शन करते हुए भारत में 2025 की सबसे ज्यादा बिकने वाली स्पोर्ट्स कार का खिताब हासिल किया है।

कंपनी के मुताबिक, भारत में बिक्री शुरू होने के सिर्फ 6 महीनों के भीतर ही Cyberster की 500 से ज्यादा यूनिट्स बिक चुकी हैं। इस कार की एक्स-शोरूम कीमत 74.99 लाख रुपये रखी गई है। यह कार सेग्मेंट में नंबर 1 बन गई है। MG इस सफलता का श्रेय अपने प्रीमियम रिटेल चैनल MG SELECT को देती है। MG SELECT को खास तौर पर कंपनी की हाई-एंड और लग्ज़री इलेक्ट्रिक गाड़ियों की बिक्री के लिए शुरू किया गया है। Cyberster के साथ-साथ कंपनी की लग्ज़री इलेक्ट्रिक लिमोज़िन MG M9 भी अच्छा प्रदर्शन कर रही है।

MG Cyberster एक पूरी तरह इलेक्ट्रिक, दो-दरवाजे वाली कन्वर्टिबल स्पोर्ट्स कार है। इसमें डुअल-मोटर सेटअप दिया गया है, जो ऑल-व्हील ड्राइव सिस्टम के साथ आता है। यह कार 510 PS की पावर और 725 Nm का टॉर्क देती है। कंपनी का दावा है कि लॉन्च कंट्रोल और इलेक्ट्रॉनिक डिफरेंशियल लॉक की मदद से यह कार सिर्फ 3.2 सेकंड में 0 से 100 किमी/घंटा की रफ्तार पकड़ लेती है, जबकि इसकी टॉप स्पीड 200 किमी/घंटा है। MG SELECT ने Cyberster को और खास बनाने के लिए इसे नए और एक्सक्लूसिव रंग Irises Cyan में पेश किया है। यह खास शेड Cyberster के स्पोर्टी और आकर्षक डिजाइन को और ज्यादा उभारता है, जिससे कार का लुक पहले से भी ज्यादा प्रीमियम लगता है।

Cyberster में 77 kWh का बैटरी पैक दिया गया है, जो MIDC साइकिल के अनुसार 580 किलोमीटर तक की रेंज देने का दावा करता है। MG का दावा है कि यह 3.2 सेकंड में 0-100 किमी/घंटा की रफ्तार पकड़ लेती है। Cyberster की टॉप स्पीड 200 किमी/घंटा है। इस इलेक्ट्रिक रोडस्टर की लंबाई 4,535 mm, चौड़ाई 1,913 mm और ऊंचाई 1,329 mm है, जिसका व्हीलबेस 2,691 mm है। इसमें इलेक्ट्रिकली ऑपरेटेड, वेदरप्रूफ फैब्रिक कन्वर्टिबल रूफ है।

Cyberster में मल्टी-स्क्रीन कॉकपिट लेआउट है, जिसमें 10.25-इंच का डिजिटल इंस्ट्रूमेंट क्लस्टर, क्लस्टर के दोनों ओर दो 7-इंच के टचस्क्रीन और एक 7-इंच का टच कंसोल स्क्रीन शामिल है। कनेक्टिविटी फीचर्स में वायर्ड एंड्रॉयड ऑटो और एपल कारप्ले शामिल हैं, जबकि ऑडियो के लिए 8-स्पीकर वाला बोस साउंड सिस्टम दिया है।