रेगिस्तान, पहाड़ और हाइवे पर राज करेगी Ducati DesertX V2, 19.99 लाख में लॉन्च

रेगिस्तान, पहाड़ और हाइवे पर राज करेगी Ducati DesertX V2, 19.99 लाख में लॉन्च

110 HP की ताकत और 21 इंच के पहियों के साथ मचाएगी धमाल

890cc इंजन वाली Ducati DesertX V2 में पावर का तूफान, 110 HP और 92 Nm का दम

दिसंबर से मिलेगी Ducati DesertX V2, बुकिंग शुरू

एडवेंचर बाइक के शौकीनों के लिए Ducati ने भारत में अपनी नई DesertX V2 लॉन्च कर दी है। दूसरी पीढ़ी की इस दमदार बाइक की एक्स-शोरूम कीमत 19.99 लाख रुपये रखी गई है। इसमें 890cc का नया V2 इंजन दिया गया है, जो 110 HP की अधिकतम पावर और 92 Nm का टॉर्क पैदा करता है। बाइक में 21 इंच का अगला और 18 इंच का पिछला ट्यूबलेस स्पोक व्हील, पूरी तरह एडजस्ट होने वाला KYB सस्पेंशन और आधुनिक इलेक्ट्रॉनिक सुरक्षा तकनीक मिलती है। इसकी बुकिंग देशभर में Ducati डीलरशिप पर शुरू हो चुकी है, जबकि डिलीवरी दिसंबर के पहले सप्ताह से शुरू होगी।

नई DesertX V2 में 890cc का Ducati V2 इंजन लगाया गया है। कंपनी के मुताबिक, यह उसके अब तक के सबसे हल्के चार-वाल्व वाले ट्विन-सिलेंडर इंजनों में से एक है। यह इंजन 9,000 rpm पर 110 HP की पावर और 7,000 rpm पर 92 Nm का टॉर्क देता है। खास बात यह है कि 3,000 rpm पर ही अधिकतम टॉर्क का 70 प्रतिशत उपलब्ध हो जाता है। इससे कम गति पर भी बाइक को अच्छी ताकत मिलती है।

Ducati ने इस बाइक को बिल्कुल नए मोनोकॉक फ्रेम पर तैयार किया है। यह फ्रेम इंजन को भी मजबूती देता है और एयरबॉक्स का काम भी करता है। बाइक में 18 लीटर का हल्का पॉलीमर फ्यूल टैंक दिया गया है। इसका अगला हिस्सा पहले के मुकाबले 20 mm नीचे रखा गया है। KYB के 46 mm फ्रंट फोर्क में 230 mm और पिछले सस्पेंशन में 220 mm का व्हील ट्रैवल मिलता है।

बाइक में Sport, Touring, Urban, Wet, Enduro और Rally समेत छह राइडिंग मोड दिए गए हैं। इसमें 6-axis IMU के साथ कॉर्नरिंग ABS, ट्रैक्शन कंट्रोल, व्हीली कंट्रोल और इंजन ब्रेक कंट्रोल जैसे फीचर मिलते हैं। नया Ducati Quick Shift 2.0 गियर बदलना आसान बनाता है।

DesertX V2 में 5 इंच की फुल-TFT स्क्रीन दी गई है। इसमें Road, Road Pro और Rally के तीन डिस्प्ले विकल्प मिलते हैं। दो USB पोर्ट, LED लाइट, क्रूज कंट्रोल और टर्न-बाय-टर्न नेविगेशन की सुविधा भी उपलब्ध है।

इस बाइक का वजन बिना ईंधन के 209 किलोग्राम है। इसे Matt Star White Silk रंग में पेश किया गया है। भारत में इसकी कीमत 19.99 लाख रुपये (एक्स-शोरूम) है। Ducati Performance के तहत अतिरिक्त फ्यूल टैंक, सुरक्षा गार्ड और लगेज विकल्प भी मिलेंगे। कंपनी का दावा है कि वाल्व क्लीयरेंस की जांच 45,000 किलोमीटर पर और इंजन ऑयल बदलने की जरूरत हर 15,000 किलोमीटर या दो साल में होगी।