Not the Same Phone टैगलाइन के साथ 25 मई को आएगी Infinix HOT 70 Series, टीजर लॉन्च

नई दिल्ली: Infinix ने अपनी नई Infinix HOT 70 Series को लेकर माहौल बनाना शुरू कर दिया है। कंपनी ने आधिकारिक तौर पर पुष्टि कर दी है कि HOT 70 सीरीज 25 मई को लॉन्च होगी। इस बार Infinix सिर्फ फीचर्स नहीं, बल्कि डिजाइन और स्टाइल पर भी बड़ा दांव खेलने की तैयारी में दिख रही है। कंपनी ने अपने टीजर में “Not the same phone” टैगलाइन इस्तेमाल की है, जिससे साफ संकेत मिलता है कि HOT 70 सीरीज में बड़ा डिजाइन बदलाव देखने को मिलेगा। टीजर में चमकती हुई ग्रीन थीम और नया रियर लाइटिंग मॉड्यूल दिखाई दिया है, जिसे कंपनी “Future Halo” नाम दे रही है।

यह नया Future Halo सिस्टम फोन के पीछे खास लाइटिंग इफेक्ट या नोटिफिकेशन लाइट फीचर के रूप में आ सकता है। Infinix पहले भी GT सीरीज में आकर्षक डिजाइन पर काम कर चुकी है, लेकिन HOT सीरीज अब तक बजट सेगमेंट तक सीमित रही थी। अब कंपनी इसे ज्यादा स्टाइलिश और यूथ फोकस्ड पहचान देने की कोशिश कर रही है। टीजर में कंपनी ने “Spark with green. The future halo is waiting” लाइन भी इस्तेमाल की है, जिससे लगता है कि HOT 70 सीरीज सिर्फ स्पेसिफिकेशन की दौड़ नहीं, बल्कि विजुअल पहचान और डिजाइन के दम पर बाजार में अलग जगह बनाना चाहती है।

हालांकि अभी तक प्रोसेसर, कैमरा, बैटरी या अन्य हार्डवेयर डिटेल सामने नहीं आई हैं, लेकिन टीजर विडियो से यह जरूर संकेत मिला है कि फोन कई कलर ऑप्शन में आएगा और सिर्फ ग्रीन वेरिएंट तक सीमित नहीं रहेगा। इसके साथ कंपनी #HOTLikeYOU हैशटैग भी इस्तेमाल कर रही है । बजट स्मार्टफोन बाजार में अब मुकाबला काफी बढ़ गया है। Realme, Redmi और iQOO जैसे ब्रांड लगभग समान हार्डवेयर दे रहे हैं। ऐसे में डिजाइन और यूजर एक्सपीरियंस सबसे बड़ा हथियार बनता जा रहा है और Infinix इसी रास्ते पर आगे बढ़ती दिख रही है।

पिछले कुछ सालों में HOT सीरीज में भी बड़े बदलाव देखने को मिले हैं। कंपनी ने हाई रिफ्रेश रेट डिस्प्ले, फास्ट चार्जिंग, बेहतर गेमिंग ऑप्टिमाइजेशन, AI कैमरा टूल्स और प्रीमियम रियर डिजाइन जैसे फीचर्स जोड़कर इसे सिर्फ बजट फोन तक सीमित नहीं रखा।