नई दिल्ली: इटालियन सुपरकार का जादू एक बार फिर इंडिया को अपनी आगोश में लेने के लिए तैयार है। Ferrari ने अपनी नई एंट्री-लेवल सुपरकार Ferrari Amalfi की इंडिया में कीमत का ऐलान कर दिया है, जिसकी शुरुआती एक्स-शोरूम कीमत ₹5.59 करोड़ रखी गई है। Ferrari Amalfi कंपनी की नई एंट्री-लेवल V8 GT कार है और यह मशहूर Ferrari Roma की जगह लेगी। नई Amalfi में 3.9-लीटर ट्विन-टर्बो V8 इंजन मिलता है, जो 640 हॉर्सपावर की पावर जनरेट करता है। यह कार महज 3.3 सेकंड में 0 से 100 किमी प्रति घंटे की रफ्तार पकड़ लेती है।
Ferrari Amalfi का फ्रंट लुक Ferrari की नई कारों जैसे Purosangue से प्रेरित है। Ferrari की कारों में बड़ी और उभरी हुई ग्रिल की जगह आगे की तरफ दो पतली (स्लिम) हेडलाइट्स दी गई हैं। पीछे की तरफ पहले नंबर प्लेट ऊपर लगी होती थी, लेकिन अब उसे नीचे डिफ्यूज़र में शिफ्ट कर दिया गया है। नंबर प्लेट को वहां लगाने से पीछे का डिजाइन ज्यादा शार्प और रेसिंग कार जैसा लगता है। कार की टेललाइट्स को पहले से ज्यादा पतला बनाया गया है। बूट ओपनिंग को चौड़ा कर दिया गया है। अब सामान रखना और निकालना पहले के मुकाबले ज्यादा आसान हो गया है।
Ferrari Amalfi के अंदरूनी हिस्से में पहले की तरह 2+2 सीट लेआउट मिलता है। अब कार का डैशबोर्ड डिजाइन ज्यादा साफ और सिंपल बना दिया गया है। पहले Ferrari Roma में एक ऊंची और लंबी सेंटर कंसोल और खड़ी (वर्टिकल) टचस्क्रीन दी गई थी। अब Amalfi में इसे हटाकर सीधी (लैंडस्केप) टचस्क्रीन दी गई है। यह स्क्रीन Ferrari के नए और तेज सॉफ्टवेयर पर काम करती है, जिससे नेविगेशन, म्यूजिक और कार की सेटिंग्स इस्तेमाल करना ज्यादा आसान हो गया है। Ferrari ने स्टीयरिंग व्हील पर टच बटन हटाकर फिर से फिजिकल बटन दे दिए हैं। पहले टच बटन गलती से दब जाते थे, जिससे ड्राइविंग के दौरान ध्यान भटक सकता था।
Ferrari Amalfi को पहले कूपे वर्जन में बाजार में उतारा जाएगा। Ferrari Amalfi उन लोगों के लिए है जो सिर्फ एक कार नहीं, बल्कि रफ्तार, लग्ज़री और Ferrari ब्रांड की शान चाहते हैं। इसकी कीमत जरूर ज्यादा है, लेकिन जो ग्राहक एक्सक्लूसिव स्टाइल और दमदार परफॉर्मेंस चाहते हैं, उनके लिए यह कार एक ड्रीम मशीन जैसी है।
