नई दिल्ली: चीन की स्मार्टफोन कंपनी Vivo ने अपनी Y-सीरीज़ का नया फोन Vivo Y31d लॉन्च कर दिया है। यह फोन फिलहाल कंबोडिया और वियतनाम की आधिकारिक वेबसाइट पर लिस्ट किया गया है। इसकी कीमत का अभी ऐलान नहीं हुआ है, लेकिन इसके फीचर्स इसे मिड-रेंज सेगमेंट में एक मजबूत दावेदार बनाते हैं।
सबसे बड़ी खासियत इसकी 7,200mAh की विशाल बैटरी है, जो लगभग दो दिन तक का बैकअप देने का दावा करती है। कंपनी के मुताबिक, यह फोन 13 घंटे से ज्यादा MOBA गेमिंग, 14 घंटे से ज्यादा नेविगेशन और करीब 45 घंटे लगातार वीडियो प्लेबैक दे सकता है। इसके साथ 44W FlashCharge सपोर्ट मिलता है, जो बैटरी को 1% से 50% तक सिर्फ 43 मिनट में चार्ज कर सकता है। गेमिंग के दौरान हीट कम रखने के लिए इसमें Bypass Charging फीचर भी दिया गया है।
फोन Glow White और Starlight Grey रंगों में आता है। इसका बॉडी प्लास्टिक कंपोजिट से बना है, जबकि कैमरा मॉड्यूल मेटल का है। फोन को IP69+ रेटिंग मिली है। यह पानी की तेज धार, बारिश और 1.5 मीटर तक 30 मिनट पानी में रहने पर भी सुरक्षित रह सकता है। Vivo Y31d में 6.75 इंच का LCD डिस्प्ले है, जिसका रेजोल्यूशन 720×1570 पिक्सल है। इसमें 120Hz रिफ्रेश रेट और 1,250 निट्स तक की पीक ब्राइटनेस मिलती है। सिक्योरिटी के लिए साइड-माउंटेड फिंगरप्रिंट सेंसर दिया गया है।
फोन में Snapdragon 6s 4G Gen 2 प्रोसेसर है, जो केवल 4G नेटवर्क को सपोर्ट करता है। इसमें 6GB या 8GB RAM और 128GB या 256GB स्टोरेज का विकल्प मिलता है। यह Android 16 पर आधारित OriginOS 6 के साथ आता है। कैमरे की बात करें तो पीछे 50MP का प्राइमरी कैमरा और 2MP का सेकेंडरी सेंसर है, जबकि फ्रंट में 8MP का सेल्फी कैमरा दिया गया है। कनेक्टिविटी के लिए ड्यूल सिम, Wi-Fi, Bluetooth 5.1 और USB 2.0 पोर्ट मिलता है, लेकिन NFC और 3.5mm हेडफोन जैक नहीं है। कुल मिलाकर, Vivo Y31d बड़ी बैटरी, मजबूत बिल्ड और 120Hz डिस्प्ले के साथ उन यूज़र्स के लिए लॉन्च किया गया है, जो लंबा बैकअप और टिकाऊ स्मार्टफोन चाहते हैं।
