INDIA में Jeep-Citroen के 12 मॉडलों की होगी लॉन्चिंग, 4,000 करोड़ झोंकेगा Stellantis

INDIA में Jeep-Citroen के 12 मॉडलों की होगी लॉन्चिंग, 4,000 करोड़ झोंकेगा Stellantis

• अब 4 साल नहीं, 2 साल में तैयार होंगी Stellantis की कारें

• भारत बनेगा ग्लोबल कार हब? Stellantis की लोकल इंजीनियरिंग और मैन्युफैक्चरिंग पर नजर

• Stellantis की नई रणनीति, 48 महीने का काम 24 महीने में करने का लक्ष्य

• Tata Motors और Stellantis की साझेदारी का विस्तार, 50 से ज्यादा बाजारों के लिए बनेंगी गाड़ियां

भारत के ऑटोमोबाइल बाजार में अपनी पकड़ मजबूत करने के लिए Stellantis ने बड़ा दांव खेलने की तैयारी कर ली है। Jeep और Citroen की पैरेंट कंपनी अगले तीन वर्षों में भारत में 4,000 करोड़ रुपये का निवेश करेगी। कंपनी अपने FaSTLAne 2030 रोडमैप के तहत दोनों ब्रांडों के 12 मॉडल लाने की योजना बना रही है, जिनमें सात नए मॉडल शामिल होंगे। Stellantis वाहनों को विकसित करने में लगने वाले समय को मौजूदा 48 महीने से घटाकर करीब 24 महीने करना चाहती है। कंपनी का लक्ष्य लोकल इंजीनियरिंग और भारतीय सप्लाई चेन को मजबूत करना है। कंपनी Jeep के लिए चार और Citroen के लिए तीन नए मॉडल लाने की तैयारी कर रही है।
Stellantis India के मैनेजिंग डायरेक्टर और CEO शैलेश हजेला के मुताबिक, कंपनी वैश्विक स्तर पर नए वाहन विकसित करने में लगने वाले समय को 48 महीने से घटाकर लगभग दो साल करना चाहती है। भारत में कंपनी का इंजीनियरिंग सेंटर दुनिया के चार बड़े टेक्नोलॉजी सेंटरों में शामिल है। यहां केवल Jeep और Citroen के लिए ही नहीं, बल्कि वैश्विक बाजारों के लिए भी वाहन विकसित किए जाते हैं। बेंगलुरु में Stellantis का सॉफ्टवेयर और टेक्नोलॉजी सेंटर भी है।
Stellantis भारत में स्थानीय स्तर पर पुर्जों की खरीद और इंजीनियरिंग को अपनी रणनीति का अहम हिस्सा बना रही है। Citroen के वाहनों में स्थानीयकरण का स्तर 90-95% तक पहुंच चुका है, जबकि Jeep में यह लगभग 70-75% है। कंपनी अपने उत्पादों में 90% से अधिक लोकलाइजेशन का लक्ष्य लेकर आगे बढ़ रही है।
Stellantis और Tata Motors Passenger Vehicles के बीच मैन्युफैक्चरिंग को लेकर पहले से साझेदारी है। हाल ही में दोनों कंपनियों ने इस सहयोग को एडवांस्ड टेक्नोलॉजी और प्रोडक्ट डेवलपमेंट तक बढ़ाने के लिए एक निश्चित समझौता किया है। दोनों कंपनियों की योजना 50 से अधिक वैश्विक बाजारों के लिए संयुक्त रूप से वाहन विकसित करने की है। इन वाहनों का निर्माण भारत में Fiat India Automobiles Private Limited के माध्यम से किया जाएगा। यह Tata Motors और Stellantis का 50:50 संयुक्त उद्यम है।
Stellantis की योजना के मुताबिक, Jeep भारत में चार नए मॉडल पेश करेगी। इनमें B-सेगमेंट, C-सेगमेंट और D-सेगमेंट की एक-एक SUV शामिल होगी। इसके अलावा कंपनी D-सेगमेंट का एक पिकअप भी लाएगी। फिलहाल भारतीय बाजार में Jeep के चार मॉडल Compass, Wrangler, Meridian और Grand Cherokee हैं।
Citroen भारत में तीन नए मॉडल लाने की तैयारी कर रही है। इनमें C-सेगमेंट SUV, D-सेगमेंट MPV और A-सेगमेंट की एक कार शामिल होगी। कंपनी की मौजूदा भारतीय रेंज में C3, BasaltX, AircrossX और C5 Aircross शामिल हैं।