• दिल्ली से करनाल जाना हुआ आसान, 133 किमी के सफर में रोज 10-10 ट्रिप लगाएंगी DTC की AC ई-बसें
• 200 ई-बसों में 88 बड़ी और 112 छोटी बसें
• दिल्ली में तीन बड़े ऐलान से ट्रांसपोर्ट का गेमचेंजर प्लान, ई-बसें, लेडीज स्पेशल और EV चार्जिंग स्टेशन
नई दिल्ली। दिल्ली की सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था को बड़ा इलेक्ट्रिक बूस्ट मिलने जा रहा है। दिल्ली सरकार 200 नई जीरो-एमिशन इलेक्ट्रिक बसें सड़क पर उतारेगी। नहीं, दिल्ली-करनाल के बीच इलेक्ट्रिक बस सेवा शुरू की जाएगी। महिलाओं और छात्राओं के लिए 56 लेडीज स्पेशल इलेक्ट्रिक बस सेवाएं भी शुरू होंगी। राजघाट डिपो-1 में 960 किलोवाट क्षमता वाला हाई-कैपेसिटी ईवी चार्जिंग स्टेशन शुरू किया गया है।
परिवहन मंत्री पंकज कुमार सिंह के मुताबिक 200 नई इलेक्ट्रिक बसें शामिल होने के बाद दिल्ली में इलेक्ट्रिक बसों की संख्या बढ़कर 4,938 हो जाएगी। इससे दिल्ली का कुल बस बेड़ा करीब 6,800 बसों का हो जाएगा। इसमें करीब 1,750 सीएनजी बसें भी शामिल हैं।
नई बसों में 88 बसें 12 मीटर और 112 DEVI बसें 9 मीटर लंबी हैं। सभी बसें लो-फ्लोर और एसी हैं। यात्रियों की सुरक्षा के लिए इनमें सीसीटीवी कैमरे, पैनिक बटन और रियल-टाइम ट्रैकिंग जैसी सुविधाएं दी गई हैं। दिव्यांग यात्रियों की सुविधा का भी ध्यान रखा गया है।
DTC दिल्ली-करनाल रूट पर पांच पूरी तरह इलेक्ट्रिक और एसी बसें चलाएगा। इस रूट पर रोजाना दोनों दिशाओं में 10-10 ट्रिप होंगी। करीब 133 किलोमीटर लंबे इस सफर में यात्रियों को कई प्रमुख कस्बों और शहरों से होकर गुजरना होगा।
दिल्ली की महाराणा प्रताप ISBT, कश्मीरी गेट से शुरू होने वाली सेवा सिंघु बॉर्डर, राई, बहालगढ़, मुरथल, गन्नौर, समालखा, पानीपत, घरौंडा और मधुबन होते हुए करनाल पहुंचेगी। DTC पहले से दिल्ली से बड़ौत, सोनीपत, धारूहेड़ा, पानीपत और रोहतक से जोड़ने वाली इंटरस्टेट इलेक्ट्रिक बस सेवाएं चला रहा है।
महिलाओं के लिए DTC 56 डेडिकेटेड लेडीज स्पेशल इलेक्ट्रिक बस सेवाएं शुरू करेगा। इनमें 15 ज्यादा मांग वाले रूटों पर 30 लेडीज स्पेशल ट्रिप और 13 रूटों पर 26 यूनिवर्सिटी लेडीज स्पेशल ट्रिप शामिल हैं।
लेडीज स्पेशल सेवा दिल्ली के रिहायशी इलाकों को रोजगार, कारोबार, संस्थानों और सरकारी दफ्तरों वाले क्षेत्रों से जोड़ेगी। यूनिवर्सिटी की लेडीज स्पेशल सेवाओं से हिंदू कॉलेज, रामजस कॉलेज, दौलतराम कॉलेज, श्रीराम कॉलेज, एलएसआर, गार्गी कॉलेज, एआरएसडी, हंसराज कॉलेज, एसपीएम कॉलेज, देशबंधु कॉलेज और एसजीजीएससीसी जैसे संस्थानों को कनेक्टिविटी मिलेगी। महिलाओं के लिए चलने वाली इन बसों पर अलग पहचान वाले स्टिकर लगाए जाएंगे। दिल्ली के राजघाट डिपो-1 में हाई-कैपेसिटी पब्लिक ईवी चार्जिंग स्टेशन शुरू किया गया है। यहां 240 किलोवाट क्षमता के चार चार्जर लगाए गए हैं।
दिल्ली सरकार और DTC का लक्ष्य वित्त वर्ष 2028-29 तक बसों के बेड़े को करीब 14,000 बसों तक पहुंचाने का लक्ष्य है।
