तमिलनाडु में तैयार होगा ई-स्कूटर का नया प्लांट, विनफास्ट ने कसी कमर
50 डीलर से 300 का लक्ष्य, भारत में विनफास्ट का नेटवर्क विस्तार प्लान
दो स्कूटर से शुरुआत, 10 लाख यूनिट तक उड़ान; विनफास्ट का बड़ा सपना
वियतनाम की ऑटोमोबाइल कंपनी भारत में इलेक्ट्रिक टू-व्हीलर बाजार में प्रवेश करने की तैयारी कर रही है। शुरुआत में दो इलेक्ट्रिक स्कूटर पेश किए जाएंगे और मांग के आधार पर उत्पादन बढ़ाने की योजना है। भारत के तेजी से बढ़ते इलेक्ट्रिक वाहन बाजार में अब वियतनाम की कंपनी VinFast अपनी नई पारी शुरू करने जा रही है। कंपनी 2027 की शुरुआत में भारतीय बाजार में इलेक्ट्रिक स्कूटर लॉन्च करने की तैयारी कर रही है। इसके लिए तमिलनाडु स्थित अपने मैन्युफैक्चरिंग प्लांट में अलग से टू-व्हीलर उत्पादन लाइन विकसित की जा रही है। कंपनी की दीर्घकालिक योजना सालाना 10 लाख इलेक्ट्रिक टू-व्हीलर बनाने तक की क्षमता तैयार करने की है।
VinFast शुरुआती चरण में भारतीय बाजार में दो इलेक्ट्रिक स्कूटर उतारने की योजना बना रही है। हालांकि कंपनी ने अभी इन मॉडल्स के नाम, डिजाइन, बैटरी क्षमता, रेंज और कीमत का खुलासा नहीं किया है। कंपनी पहले ग्राहकों की प्रतिक्रिया और बाजार की मांग को समझना चाहती है। इसके बाद उत्पादन क्षमता बढ़ाने पर फैसला लिया जाएगा।
कंपनी की योजना भविष्य में अपनी टू-व्हीलर उत्पादन क्षमता को सालाना 10 लाख यूनिट तक ले जाने की है। हालांकि यह क्षमता तुरंत तैयार नहीं की जाएगी। VinFast के एशिया प्रमुख तपन घोष के मुताबिक, कंपनी पहले अपने उत्पादों को बाजार में उतारेगी और ग्राहकों की प्रतिक्रिया के आधार पर निवेश तथा उत्पादन विस्तार का फैसला करेगी।
भारतीय बाजार में प्रवेश से पहले VinFast ने अपनी बिक्री व्यवस्था मजबूत करने की दिशा में काम शुरू कर दिया है। कंपनी 15 राज्यों के 34 शहरों में 50 से अधिक डीलरों के साथ समझौते कर चुकी है। आगे इस नेटवर्क को 100 शहरों में 300 डीलरशिप तक पहुंचाने की योजना है।
VinFast भारत में कई वर्षों के दौरान कुल 2 अरब डॉलर निवेश करने की प्रतिबद्धता का हिस्सा है। इसमें से करीब 500 मिलियन डॉलर का निवेश पहले ही किया जा चुका है। कंपनी भारत में इलेक्ट्रिक कारों के कारोबार को भी विस्तार दे रही है।
VinFast भारत में VF 7, VF 6, MPV 7 और Limo Green जैसे वाहन पेश कर रही है। कंपनी की इन गाड़ियों की कुल बिक्री 17,300 यूनिट से अधिक हो चुकी है। अब इलेक्ट्रिक स्कूटर बाजार में प्रवेश से कंपनी का लक्ष्य ग्राहकों का दायरा बढ़ाना है। अगले साल VF 5 इलेक्ट्रिक SUV लॉन्च करने की भी तैयारी है। भारत में इलेक्ट्रिक टू-व्हीलर बाजार पहले से ही प्रतिस्पर्धी है। ऐसे में VinFast के लिए कीमत, रेंज, चार्जिंग सुविधा और बिक्री नेटवर्क निर्णायक साबित होंगे।
