नई दिल्ली: साल 2025 भारत के स्मार्टफोन बाजार के लिए खास रहा, लेकिन सबसे बड़ी जीत Apple के नाम रही। Apple ने इंडिया में करीब 1.4 करोड़ (14 मिलियन) iPhone शिप किए, जिससे कंपनी की बाजार हिस्सेदारी बढ़कर रिकॉर्ड 9% पहुंच गई। साल 2025 में Apple ने इंडिया में लगभग 1 करोड़ 40 लाख iPhone बाजार में बेचे।यह 2024 में करीब 7% थी। Apple ने एक ही साल में बड़ी छलांग लगाई और भारत में अब तक का अपना सबसे मजबूत प्रदर्शन दर्ज किया।
दिलचस्प बात यह है कि Apple की इतनी तेज ग्रोथ के बावजूद, भारत का कुल स्मार्टफोन बाजार लगभग स्थिर रहा। साल 2025 में देश में करीब 152 से 153 मिलियन स्मार्टफोन शिप हुए, जो पिछले साल के लगभग बराबर हैं। बाजार की कुल मांग में ज्यादा बढ़ोतरी नहीं हुई, लेकिन Apple ने अपने प्रतिद्वंद्वियों से ज्यादा तेजी से ग्रोथ हासिल कर ली।
विशेषज्ञों का कहना है कि Apple की सफलता के पीछे कई बड़े कारण हैं। सबसे पहले, कंपनी ने अलग-अलग कीमतों में iPhone की मजबूत रेंज पेश की। नई iPhone 17 सीरीज के साथ-साथ पुराने iPhone 16 और किफायती iPhone 16e जैसे मॉडल भी उपलब्ध रहे, जिससे प्रीमियम से लेकर मिड-रेंज ग्राहकों तक पहुंच बनी। ऑनलाइन और ऑफलाइन स्टोर में iPhone की उपलब्धता बढ़ी, और नो-कॉस्ट EMI, बैंक डिस्काउंट और आसान फाइनेंस स्कीम्स ने आम ग्राहकों के लिए iPhone खरीदना आसान बना दिया।
इंडिया अब Apple के लिए सिर्फ एक बड़ा बाजार नहीं, बल्कि एक ग्लोबल मैन्युफैक्चरिंग हब भी बनता जा रहा है। Apple धीरे-धीरे अपनी उत्पादन निर्भरता चीन से हटाकर भारत में शिफ्ट कर रहा है। सरकार की Make in India और PLI योजना के तहत Foxconn जैसी कंपनियां भारत में iPhone का निर्माण कर रही हैं। इंडिया में बने iPhone की कुल शिपमेंट अब तक 50 अरब डॉलर (करीब 4.5 लाख करोड़ रुपये) तक पहुंच चुकी है। वित्त वर्ष 2026 के पहले 9 महीनों में ही Apple ने 16 अरब डॉलर (1.44 लाख करोड़ रुपये) के iPhone एक्सपोर्ट किए हैं, और यह आंकड़ा आगे और बढ़ने की उम्मीद है।
विशेषज्ञों का मानना है कि आने वाले सालों में इंडिया Apple के लिए और भी अहम बाजार बन जाएगा। बढ़ती आय, आसान फाइनेंस और लोकल मैन्युफैक्चरिंग के कारण Apple भारत में अपनी पकड़ लगातार मजबूत करता जा रहा है।
