जनवरी 2026 में Mahindra का धमाकेदार प्रदर्शन, 1 लाख से ज्यादा गाड़ियां बिकीं

मुंबई: देश की प्रमुख ऑटोमोबाइल कंपनियों में शामिल Mahindra & Mahindra (M&M) ने जनवरी 2026 में बिक्री के मामले में दमदार प्रदर्शन किया है। कंपनी ने इस महीने कुल 1,04,309 वाहन बेचे, जिसमें घरेलू बाजार के साथ-साथ निर्यात भी शामिल है। यह आंकड़ा पिछले साल की तुलना में 24 फीसदी की बढ़त को दिखाता है। महिंद्रा की गाड़ियों की मांग तेजी से बढ़ रही है।

Mahindra की पहचान SUV सेगमेंट में मजबूत मानी जाती है। जनवरी में कंपनी ने घरेलू बाजार में 63,510 SUV बेचीं, जो पिछले साल से 25 फीसदी ज्यादा हैं। महिंद्रा की SUV और अन्य वाहनों की बिक्री ने कंपनी को मजबूत शुरुआत दिलाई। Mahindra की गाड़ियां सिर्फ पर्सनल इस्तेमाल ही नहीं, बल्कि रोज़ी-रोटी और कारोबार के लिए भी खूब खरीदी जा रही हैं। जनवरी में कंपनी ने भारत में 27,656 कमर्शियल वाहन बेचे गए, जो पिछले साल से 22% ज्यादा हैं। ट्रांसपोर्ट, डिलीवरी और छोटे-बड़े बिज़नेस में महिंद्रा की गाड़ियों पर भरोसा बढ़ा है।

लाइट कमर्शियल व्हीकल (LCV) की मांग मजबूत रही। 2 टन से कम वजन उठाने वाली 4009 गाड़ियों की भी बिक्री हुई। इसमें भी 13% बढ़त रही। 2 से 3.5 टन क्षमता वाली 23,647 गाड़ियों की बिक्री हुई जो 23% ज्यादा हैं। थ्री-व्हीलर सेगमेंट, जिसमें इलेक्ट्रिक थ्री-व्हीलर भी शामिल हैं, ने भी शानदार प्रदर्शन किया। 9,566 थ्री-व्हीलर बिके, जो पिछले साल से 28% ज्यादा हैं।
कमर्शियल और थ्री-व्हीलर सेगमेंट में तेज़ मांग ने महिंद्रा की कुल बिक्री को मजबूती दी और कंपनी की ग्रोथ को और रफ्तार दी।

Mahindra की गाड़ियां अब विदेशों में भी पहले से ज्यादा पसंद की जा रही हैं।
जनवरी में कंपनी ने 3,577 वाहन बाहर के देशों में बेचे, जो पिछले साल से 5% ज्यादा हैं। यानी एक्सपोर्ट धीरे-धीरे लेकिन लगातार बढ़ रहा है। वहीं पूरे चालू वित्त वर्ष में अब तक देखें तो निर्यात में 23% की बढ़त हो चुकी है। विदेशी बाजारों में भी महिंद्रा की पकड़ मजबूत हो रही है।

Mahindra के ऑटोमोटिव डिविजन के CEO नलिनीकांत गोल्लागुंटा ने बताया कि 14 जनवरी को XUV7XO और XEV 9S की बुकिंग शुरू की गई थी। सिर्फ 4 घंटे में 93,689 बुकिंग हुईं, जिनकी कुल कीमत करीब 20,500 करोड़ रुपये रही। यह महिंद्रा के लिए एक ऐतिहासिक रिकॉर्ड है।