Royal Enfield की मिनी बाइक में भी ‘रॉयल’ ठाठ, 9 रंगों में लॉन्च

नई दिल्ली: दिग्गज बाइक ब्रांड Royal Enfield ने अपने फैन्स और कलेक्टर्स के लिए एक और शानदार तोहफा पेश किया है। कंपनी की Apparel डिविजन ने अपनी क्लासिक 500 मोटरसाइकिल के 1:3 स्केल मॉडल की सीरीज पेश की है। इसमें दो नए रंग जोड़ दिए हैं। अब ये खास मिनी मॉडल कुल 9 शानदार रंगों में उपलब्ध होंगे। स्केल मॉडल को शुरुआत में अपडेटेड क्लासिक 350 के लॉन्च इवेंट में प्रदर्शित किया गया था। क्लासिक 500 से प्रेरित, हाथ से बने स्केल मॉडल सस्ते नहीं आते हैं और इनकी कीमत रु.94,990 है।

स्केल मॉडल वर्तमान में रॉयल एनफील्ड की वेबसाइट पर बिक्री पर हैं और सीमित मात्रा में पेश किए जाएंगे। कंपनी यूजर्स को मोटरसाइकिल की रजिस्ट्रेशन प्लेट को कस्टमाइज करने का विकल्प भी दे रही है। इस कलेक्शन की प्रेरणा मशहूर Royal Enfield Classic 500 से ली गई है, जो बाइक प्रेमियों के दिलों में खास जगह रखती है। अब इसमें Medallion Bronze और Orange Ember जैसे दो नए दमदार कलर जुड़ गए हैं।

पहले से मौजूद रंग—Teal Green, Gun Grey, Chrome Black, Maroon Chrome, Battle Green, Black Mirage और Retro White—के साथ यह कलेक्शन अब और भी प्रीमियम और आकर्षक बन चुका है। ये कोई साधारण मॉडल नहीं हैं, बल्कि बारीकी से तैयार किए गए मास्टरपीस हैं। हर एक मिनी बाइक को 964 छोटे-छोटे पार्ट्स से हाथों से तैयार किया गया है और इसका वजन करीब 8.5 किलो है, जो इसे एकदम असली बाइक जैसा लुक और फील देता है।

बुकिंग 19 अप्रैल 2026 तक जारी रहेगी। इच्छुक ग्राहक Royal Enfield Store या कंपनी के अधिकृत डीलरशिप के जरिए इसे बुक कर सकते हैं। इस खास कलेक्टिबल को अपने नाम करने के लिए सिर्फ ₹5,000 की बुकिंग राशि देनी होगी।

Royal Enfield मोटरसाइकिल ब्रांड की शुरुआत 1901 में हुई थी। कंपनी की बाइक्स के प्रीमियम लाइनअप में Bear 650, Classic 650, Bullet 650, Guerrilla 450, Hunter 350, Meteor 350, Super Meteor 650, Interceptor 650, Continental GT 650, Shotgun 650, Himalayan 450, Scram 440, Bullet 350, Classic 350 और Goan Classic 350 जैसी दमदार बाइकें शामिल हैं। हाल ही में यह नया 1:3 स्केल मॉडल सिर्फ एक मिनिएचर नहीं, बल्कि रॉयल एनफील्ड की विरासत, स्टाइल और जुनून का छोटा लेकिन बेहद दमदार प्रतीक है।