MG का धमाका: 13.49 लाख में लॉन्च हुई इलेक्ट्रिक टैक्सी ‘Commute’

नई दिल्ली: इलेक्ट्रिक कार मार्केट में बड़ा धमाका करते हुए MG Motor India ने अपनी पॉपुलर MG Windsor EV का नया टैक्सी वर्जन लॉन्च कर दिया है, जिसे कंपनी ने MG Commute नाम दिया है। पहली बार Windsor EV को खास तौर पर कमर्शियल और फ्लीट ऑपरेटर्स के लिए उतारा गया है। इसकी कीमत 13.49 लाख रुपये रखी गई है, जो इसे इस सेगमेंट की सबसे किफायती इलेक्ट्रिक टैक्सी बना देती है।

अब तक MG के पास MG ZS EV जैसे मॉडल फ्लीट के लिए मौजूद थे, लेकिन कोई डेडिकेटेड कमर्शियल वेरिएंट नहीं था। ऐसे में MG Commute इस कमी को पूरा करता है और सीधे टैक्सी मार्केट को टारगेट करता है। MG Commute, Windsor EV के बेस Excite वेरिएंट से करीब 60,000 रुपये सस्ता है। इसमें कई जरूरी फीचर्स को बरकरार रखा गया है। बाहर से इसमें फ्लश डोर हैंडल्स, LED हेडलाइट्स, LED रियर फॉग लाइट्स और 17-इंच स्टील व्हील्स मिलते हैं। लुक्स के मामले में ज्यादा समझौता नहीं किया गया है।

अंदर बैठने पर भी यह कार काफी फीचर-लोडेड नजर आती है, जहां आपको 60:40 स्प्लिट के साथ रिक्लाइनिंग रियर सीट्स, टिल्ट और टेलिस्कोपिक स्टीयरिंग, इलेक्ट्रॉनिक पार्किंग ब्रेक, रियर AC वेंट्स, फ्रंट आर्मरेस्ट, ऑटो क्लाइमेट कंट्रोल, क्रूज़ कंट्रोल और 7-इंच LCD इंस्ट्रूमेंट क्लस्टर जैसे फीचर्स मिलते हैं। टैक्सी होने के बावजूद कम्फर्ट पर पूरा ध्यान दिया गया है।

सेफ्टी में भी कोई कटौती नहीं की गई है। MG Commute में 6 एयरबैग्स, ESC (इलेक्ट्रॉनिक स्टेबिलिटी कंट्रोल), हिल डिसेंट कंट्रोल, TPMS और चारों पहियों में डिस्क ब्रेक जैसे फीचर्स दिए गए हैं। हालांकि, कीमत कम रखने के लिए कुछ फीचर्स हटाए गए हैं। इसमें टचस्क्रीन इंफोटेनमेंट सिस्टम, कनेक्टेड LED DRLs और स्टीयरिंग माउंटेड ऑडियो कंट्रोल्स नहीं मिलेंगे। यह वर्जन ज्यादा “काम का” है, ना कि “लक्ज़री” का।

MG Commute में वही 38 kWh बैटरी पैक मिलता है, जो 136 PS की पावर और 200 Nm टॉर्क देने वाली इलेक्ट्रिक मोटर के साथ आता है, कंपनी का दावा है कि यह कार एक बार चार्ज करने पर 332 किलोमीटर तक चल सकती है, साथ ही इसमें 3.2 kW AC चार्जिंग और 45 kW DC फास्ट चार्जिंग सपोर्ट भी दिया गया है। चूंकि यह एक टैक्सी वर्जन है, इसलिए इसमें कुछ खास कमर्शियल फीचर्स भी मिल सकते हैं, जैसे 80 km/h की स्पीड लिमिट, फ्लीट मैनेजमेंट के लिए टेलीमैटिक्स सिस्टम और ऑपरेटर फ्रेंडली सेटअप सीधे Maruti Suzuki के Tour सीरीज जैसे टैक्सी मॉडल्स को टक्कर देने लायक बनाता है।