Hyundai ने i20 N Line में हटाए कई मॉडल, कुछ वेरिएंट्स की छुट्टी

नई दिल्ली: Hyundai Motor India ने अपनी लोकप्रिय स्पोर्टी हैचबैक Hyundai i20 N Line की लाइनअप में बड़ा बदलाव कर दिया है। कंपनी ने इस कार के कुछ वेरिएंट्स को बंद कर दिया है, जिससे अब ग्राहकों के लिए विकल्प पहले से कम हो गए हैं। अब ड्यूल-क्लच ऑटोमैटिक यानी DCT गियरबॉक्स केवल टॉप-स्पेक N8 वेरिएंट में ही उपलब्ध रहेगा। कंपनी ने i20 N Line के N6 DCT वेरिएंट को बंद कर दिया है। अब जो ग्राहक ऑटोमैटिक ट्रांसमिशन वाली i20 N Line खरीदना चाहते हैं, उन्हें सीधे टॉप मॉडल N8 चुनना होगा।

Hyundai ने N6 वेरिएंट से ड्यूल-टोन एक्सटीरियर कलर ऑप्शन भी हटा दिए हैं। अब इस वेरिएंट में पहले जैसा स्पोर्टी ड्यूल-टोन लुक देखने को नहीं मिलेगा। N8 वेरिएंट में कंपनी अभी भी 6-स्पीड मैनुअल और 7-स्पीड DCT गियरबॉक्स दोनों विकल्प दे रही है।
Hyundai i20 N Line को भारत में पहली बार सितंबर 2021 में लॉन्च किया गया था। कंपनी ने इसे खास तौर पर उन ग्राहकों के लिए पेश किया था, जो स्टैंडर्ड हैचबैक से ज्यादा स्पोर्टी लुक और बेहतर ड्राइविंग अनुभव चाहते थे। लॉन्च के समय यह कार 1.0-लीटर टर्बो पेट्रोल इंजन के साथ आई थी। इसमें iMT तथा DCT ट्रांसमिशन विकल्प मिलते थे। अक्टूबर 2023 में आए फेसलिफ्ट अपडेट के दौरान Hyundai ने iMT गियरबॉक्स को हटाकर नया 6-स्पीड मैनुअल ट्रांसमिशन शामिल किया था।

Hyundai i20 N Line आज भी स्टैंडर्ड i20 से ज्यादा स्पोर्टी डिजाइन के कारण अलग पहचान रखती है। इसमें रूफ स्पॉइलर, रेड ब्रेक कैलिपर्स, ड्यूल एग्जॉस्ट टिप्स और कई जगहों पर ‘N Line’ बैज दिए गए हैं। वहीं केबिन में ऑल-ब्लैक थीम इसे और ज्यादा प्रीमियम और स्पोर्टी फील देती है। कार में अब भी वही 1.0-लीटर टर्बो पेट्रोल इंजन मिलता है, जो शानदार परफॉर्मेंस के लिए जाना जाता है। कीमतों में फिलहाल कोई बदलाव नहीं किया गया है। Hyundai i20 N Line की एक्स-शोरूम कीमत 9.22 लाख से शुरू होकर ₹11.67 लाख तक जाती है।

इंडियन मार्केट में Hyundai i20 N Line की सीधी टक्कर Maruti Suzuki Fronx के टर्बो पेट्रोल वेरिएंट्स से मानी जाती है। वहीं Tata Altroz Racer, जो इस सेगमेंट की एक और स्पोर्टी कार थी, उसे मई 2025 में बंद कर दिया गया था। ऐसे में अब i20 N Line के सामने प्रतिस्पर्धा थोड़ी कम हो गई है। Hyundai अब ज्यादा प्रीमियम वेरिएंट्स पर फोकस कर रही है।