Range Rover SV 75 लाख सस्ती, Sport SV पर 40 लाख की कटौती

नई दिल्ली: ब्रिटिश लग्ज़री कार निर्माता Jaguar Land Rover (JLR) ने इंडिया में अपने सबसे प्रीमियम और हाई-एंड एसयूवी मॉडल्स Range Rover SV और Range Rover Sport SV की कीमतों में बड़ी कटौती कर लग्ज़री कार बाजार में हलचल मचा दी है। यह फैसला ऐसे समय पर सामने आया है जब इंडिया और यूनाइटेड किंगडम के बीच प्रस्तावित फ्री ट्रेड एग्रीमेंट (FTA) को लेकर चर्चाएं तेज हैं। माना जा रहा है कि आने वाले समय में आयात शुल्क में कमी का फायदा ऑटो सेक्टर को मिल सकता है।

नई कीमतों के तहत Range Rover SV, जो पहले 4.25 करोड़ रुपये (एक्स-शोरूम) में उपलब्ध थी, अब सीधे 75 लाख रुपये सस्ती होकर 3.50 करोड़ रुपये में मिल रही है। इसी तरह Range Rover Sport SV की कीमत भी 2.75 करोड़ रुपये से घटाकर 2.35 करोड़ रुपये कर दी गई है। इस मॉडल पर ग्राहकों को 40 लाख रुपये तक की सीधी बचत होगी। इच्छुक ग्राहक अब इन लग्ज़री एसयूवी को पहले से कहीं कम कीमत पर खरीद सकते हैं।

इस कीमत कटौती के पीछे सबसे बड़ी वजह भारत-यूके फ्री ट्रेड एग्रीमेंट से जुड़ी उम्मीदें हैं। दरअसल, ये दोनों मॉडल यूनाइटेड किंगडम से पूरी तरह तैयार हालत में यानी CBU (Completely Built Unit) के रूप में भारत में आयात किए जाते हैं। ऐसे में यदि आयात शुल्क में कमी आती है, तो उसका सीधा असर इनकी कीमत पर पड़ता है। JLR ने संभावित ड्यूटी राहत को ध्यान में रखते हुए पहले ही कीमतें घटाकर ग्राहकों को इसका लाभ देना शुरू कर दिया है।

अब इस मॉडल में SV Ultra Metallic पेंट स्टैंडर्ड तौर पर दिया जा रहा है, जो ग्लॉस और सैटिन दोनों फिनिश में उपलब्ध होगा। ग्राहक अब बिना अतिरिक्त खर्च किए अपनी गाड़ी को और ज्यादा प्रीमियम और एक्सक्लूसिव लुक दे सकेंगे। हालांकि यह बदलाव सभी Range Rover मॉडल्स पर लागू नहीं हुआ है। भारत में लोकली असेंबल या मैन्युफैक्चर किए जाने वाले मॉडल्स जैसे Range Rover, Range Rover Sport, Range Rover Evoque, Range Rover Velar और Discovery Sport की कीमतों में कोई बदलाव नहीं किया गया है। वहीं Land Rover Defender और Land Rover Discovery जैसे मॉडल्स भी इस कटौती से बाहर रखे गए हैं।