शाही रुतबे की पहचान SUV Toyota Land Cruiser और महंगी, 2.18 करोड़ पहुंचे दाम

नई दिल्ली: लग्जरी SUV सेगमेंट में अपनी दबंग रोड प्रेजेंस और जबरदस्त भरोसे के लिए मशहूर Toyota Land Cruiser अब और महंगी हो गई है। Toyota India ने अपनी सबसे महंगी SUV की कीमतों में बड़ा इजाफा कर दिया है। कंपनी ने Land Cruiser के ZX डीजल ऑटोमैटिक वेरिएंट की कीमत में 2.15 लाख रुपये तक की बढ़ोतरी की है, जिसके बाद इसकी नई शुरुआती एक्स-शोरूम कीमत 2.18 करोड़ रुपये पहुंच गई है। हालांकि टॉप मॉडल GR-S डीजल ऑटोमैटिक की कीमत में कोई बदलाव नहीं किया गया और यह अब भी 2.25 करोड़ रुपये में उपलब्ध है।

इंडिया में Toyota Land Cruiser सिर्फ LC300 कॉन्फिगरेशन में बेची जाती है। इंटरनेशनल मार्केट में जहां यह SUV 7-सीटर ऑप्शन में आती है, वहीं भारतीय बाजार में इसे केवल 5-सीटर लेआउट में पेश किया जाता है। Land Cruiser की सबसे बड़ी ताकत इसकी बुलेटप्रूफ रिलायबिलिटी, दमदार रोड प्रेजेंस और ऑफ-रोडिंग क्षमता मानी जाती है। यही वजह है कि यह SUV नेताओं, बिजनेसमैन और लग्जरी SUV पसंद करने वालों की पहली पसंद बनी हुई है।

Land Cruiser का बॉक्सी और मस्कुलर लुक सड़क पर अलग ही रौब पैदा करता है। SUV में बड़े 20-इंच टायर्स, मजबूत बैश प्लेट, प्रीमियम लेदर अपहोल्स्ट्री और सनरूफ के साथ जैम प्रोटेक्शन जैसे फीचर्स दिए गए हैं। इसके अलावा 12.3-इंच का बड़ा इंफोटेनमेंट सिस्टम और फोर-जोन क्लाइमेट कंट्रोल इसे और ज्यादा लग्जरी बनाते हैं।

पावर और परफॉर्मेंस के मामले में भी Toyota Land Cruiser LC300 किसी से कम नहीं है। इसमें 3.3-लीटर डीजल V6 इंजन मिलता है, जो 304bhp की पावर और 700Nm का टॉर्क जनरेट करता है। यह इंजन 10-स्पीड ऑटोमैटिक गियरबॉक्स से लैस है, जो हर तरह के रास्तों पर स्मूद और दमदार ड्राइविंग अनुभव देता है। SUV में Eco, Comfort, Normal, Sport S, Sport S+ और Custom समेत कुल छह ड्राइव मोड दिए गए हैं। इसके साथ 110-लीटर का बड़ा फ्यूल टैंक लंबी यात्राओं के लिए इसे शानदार विकल्प बनाता है।

Toyota ने अभी तक Land Cruiser का पेट्रोल या हाइब्रिड वेरिएंट भारत में लॉन्च नहीं किया है। इसके बावजूद अपनी ताकत, लग्जरी और शानदार पहचान की वजह से Land Cruiser आज भी देश की सबसे प्रतिष्ठित SUVs में गिनी जाती है।