Tesla Model Y ने रचा इतिहास : US के नए सेफ्टी टेस्ट पास करने वाली पहली कार बनी

नई दिल्ली: अमेरिका की इलेक्ट्रिक कार निर्माता Tesla ने एक और बड़ी उपलब्धि अपने नाम कर ली है। कंपनी की 2026 Tesla Model Y नई एडवांस्ड ड्राइवर-असिस्टेंस सिस्टम (ADAS) टेस्टिंग को सफलतापूर्वक पास करने वाली पहली कार बन गई है। यह टेस्ट अमेरिका की नेशनल हाइवे ट्रैफिक सेफ्टी एडमिनिस्ट्रेशन (NHTSA) की ओर से किए गए, जिन्हें अब New Car Assessment Program में शामिल किया गया है।

NHTSA ने बताया कि 12 नवंबर 2025 या उसके बाद निर्मित Model Y वाहनों ने एजेंसी के नए सेफ्टी मानकों को पूरा किया है। इन टेस्ट्स में Pedestrian Automatic Emergency Braking, Lane Keeping Assistance, Blind Spot Warning और Blind Spot Intervention जैसी अत्याधुनिक सुरक्षा तकनीकों की जांच की गई।

Tesla Model Y इन सभी मानकों पर खरी उतरी। NHTSA अभी Tesla की Full Self-Driving (FSD) टेक्नोलॉजी की भी जांच कर रही है। एजेंसी को आशंका है कि खराब विजिबिलिटी या कठिन हालात में यह सिस्टम ड्राइवर को सही समय पर चेतावनी देने या खतरे को पहचानने में विफल हो सकता है। नवंबर 2024 में NHTSA ने इन नए पास/फेल सेफ्टी टेस्ट्स को मंजूरी दी थी, जिन्हें 2026 मॉडल ईयर से लागू किया गया। यह कदम अमेरिकी कांग्रेस के निर्देश के बाद उठाया गया था।

अमेरिका में कार कंपनियों के लिए NHTSA की फाइव-स्टार सेफ्टी रेटिंग बेहद अहम मानी जाती है, क्योंकि बड़ी संख्या में ग्राहक नई कार खरीदते समय इन्हीं रेटिंग्स को ध्यान में रखते हैं। हालांकि ये रेटिंग्स NHTSA के अनिवार्य सुरक्षा नियमों से अलग होती हैं।
कोरोना महामारी के बाद अमेरिका में सड़क हादसों और पैदल यात्रियों की मौतों में तेज बढ़ोतरी देखी गई थी। 2022 में पैदल यात्रियों की मौत का आंकड़ा 1981 के बाद सबसे ऊंचे स्तर पर पहुंच गया था।

हालांकि पिछले महीने NHTSA ने कहा कि 2025 में सड़क हादसों में होने वाली मौतों की संख्या घटकर 2019 के बाद सबसे निचले स्तर पर आ गई है। 1978 से लागू NHTSA का New Car Assessment Program अमेरिका में वाहन सुरक्षा का सबसे बड़ा पैमाना माना जाता है। इसी के आधार पर ग्राहक कारों के सेफ्टी फीचर्स का मूल्यांकन करते हैं।

गौरतलब है कि सितंबर 2025 में ट्रंप प्रशासन ने ऑटो कंपनियों की मांग पर इस प्रोग्राम में होने वाले कुछ बदलावों को एक साल के लिए टाल दिया था, ताकि कंपनियों को नई तकनीकों को लागू करने के लिए ज्यादा समय मिल सके। NHTSA इससे पहले भी कई एडवांस सेफ्टी फीचर्स को अपने प्रोग्राम में शामिल कर चुकी है। 2011 में Electronic Stability Control, Forward Collision Warning और Lane Departure Warning को जोड़ा गया था। इसके बाद 2013 में Rear Visibility System और 2015 में Automatic Emergency Braking को भी शामिल किया गया।