जून से MARUTI की कारें 30 हज़ार रुपये तक महंगी होगी

नई दिल्ली: देश की सबसे बड़ी कार निर्माता Maruti Suzuki India ने ऐलान किया है कि वह जून 2026 से अपनी गाड़ियों की कीमतों में 30 हजार रुपये तक बढ़ोतरी करेगी। कंपनी ने कहा है कि लगातार बढ़ती इनपुट कॉस्ट, महंगाई के दबाव और प्रतिकूल लागत माहौल की वजह से यह फैसला लेना पड़ा है। ऐसे में जो ग्राहक आने वाले महीनों में नई कार खरीदने की योजना बना रहे हैं, उनके लिए मई का समय अहम हो सकता है। पूरे मॉडल पोर्टफोलियो पर कीमतों में संशोधन किया जाएगा। बढ़ोतरी सभी मॉडल्स पर एक जैसी नहीं होगी।

Maruti Suzuki ने बताया कि पिछले कई महीनों से कंपनी लागत बढ़ने के असर को कम करने के लिए कई कदम उठा रही थी। इसमें कॉस्ट कंट्रोल, ऑपरेशनल एफिशिएंसी और खर्च घटाने की रणनीति शामिल थी। लेकिन लगातार बढ़ती महंगाई और लागत के दबाव के कारण अब कंपनी को लागत का एक हिस्सा ग्राहकों तक पहुंचाना पड़ रहा है।

ऑटो उद्योग में स्टील, एल्युमिनियम और दूसरे कमोडिटी इनपुट की कीमतें, सप्लाई चेन खर्च, ट्रांसपोर्टेशन लागत और लॉजिस्टिक्स कॉस्ट में बढ़ोतरी ने वाहन निर्माताओं का दबाव बढ़ाया है। नई तकनीक, सुरक्षा फीचर्स और उत्सर्जन मानकों से जुड़ी लागत भी कंपनियों के खर्च को प्रभावित कर रही है। इस बढ़ोतरी का असर कंपनी की लोकप्रिय कारों पर भी दिख सकता है। इनमें Maruti Suzuki Swift, Maruti Suzuki Baleno, Maruti Suzuki Wagon R, Maruti Suzuki Dzire, Maruti Suzuki Brezza, Maruti Suzuki Fronx और Maruti Suzuki Grand Vitara जैसे मॉडल शामिल हो सकते हैं।

विशेषज्ञों का मानना है कि कीमत बढ़ाने का फैसला ऐसे समय आया है जब इंडियन ऑटो मार्केट में मांग बनी हुई है लेकिन ग्राहकों की लागत संवेदनशीलता भी बढ़ रही है। खासकर एंट्री-लेवल और मिड-सेगमेंट खरीदारों पर इसका असर ज्यादा पड़ सकता है। जून से पहले बुकिंग या खरीदारी करने पर मौजूदा कीमतों का फायदा मिल सकता है, क्योंकि जून के बाद नई कीमतें लागू हो जाएंगी। एंट्री-लेवल मॉडल्स में कीमत बढ़ने से पहली बार कार खरीदने वालों का बजट प्रभावित हो सकता है। EMI पर कार लेने वाले ग्राहकों के लिए कीमत बढ़ने से डाउन पेमेंट और EMI दोनों पर असर पड़ सकता है। CNG और SUV खरीदार के लिए बढ़ती मांग वाले सेगमेंट में कीमत समायोजन ज्यादा अहम हो सकता है